प्रतीकात्मक तस्वीर | फाइल फोटो
एयरटेल अफ्रीका साल 2026 की दूसरी छमाही तक एयरटेल मनी को शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराएगी। इससे पहले इसके लिए समय-सीमा साल 2026 की पहली छमाही तय की गई थी। देश की दूसरी सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल की अफ्रीकी इकाई ने आज बयान में यह जानकारी दी। साथ ही तिमाही और समूचे वर्ष के परिणामों का भी ऐलान किया।
मुख्य कार्य अधिकारी सुनील तलदार ने कहा, ‘हाल के भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के बाद बाजार की स्थितियों ने एयरटेल मनी के आईपीओ के अनुमानित समय को प्रभावित किया है। हमने अच्छी प्रगति की है और बाजार की स्थितियां अनुकूल होते ही शेयर बाजार में सूचीबद्धता के लिए प्रतिबद्ध हैं और साल 2026 की दूसरी छमाही में आईपीओ लाने का इरादा है।’
Also Read: NSE IPO की तैयारी तेज: 15 जून तक DRHP फाइलिंग का लक्ष्य, 2026 के अंत तक लिस्टिंग संभव
तलदार ने डिजिटल अपनाने, पारिस्थितिकी तंत्र का विस्तार और उत्पाद नवाचार के क्षेत्र में एयरटेल मनी की जोरदार प्रगति का जिक्र किया। एयरटेल मनी का ग्राहक आधार पिछले साल के मुकाबले 21.3 प्रतिशत तक बढ़कर 5.41 करोड़ हो गया। वित्त वर्ष 26 में लेन-देन करने वाले ग्राहकों की संख्या में 74 प्रतिशत की वृद्धि हुई। साल के दौरान किया गया लेनदेन का कुल मूल्य 49 प्रतिशत बढ़कर 215 अरब डॉलर से अधिक हो गया।
ब्लूमबर्ग ने पिछले महीने बताया था कि समूह एयरटेल मनी के तहत कंपनी के मोबाइल मनी कारोबार का 1.5 से 2 अरब डॉलर का आईपीओ लाने की योजना बना रहा है। इस कारोबार में पिछले कुछ सालों में काफी तेजी आई है। एयरटेल पहले भी इस कारोबार को सूचीबद्ध कराने का अपना इरादा व्यक्त कर चुकी है।
14 अफ्रीकी देशों में परिचालन करने वाली एयरटेल अफ्रीका के लाभ में वित्त वर्ष 26 के दौरान 147.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह बढ़कर 81.3 करोड़ डॉलर हो गया, जबकि वित्त वर्ष 25 में यह 32.8 करोड़ डॉलर था। कंपनी ने इसी अवधि में 6.4 अरब डॉलर का राजस्व दर्ज किया।