आईपीओ

Bharat PET IPO: ₹760 करोड़ जुटाने की तैयारी, सेबी में DRHP फाइल; जुटाई रकम का क्या करेगी कंपनी

कंपनी की फाइनैंशयल देखें, तो उसने वित्त वर्ष 2025 में 411.82 करोड़ रुपये का राजस्व और 50.99 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ (PAT) दर्ज किया।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- March 26, 2026 | 1:17 PM IST

Bharat PET IPO: इंटीग्रेटेड पैकेजिंग सॉल्यूशंस देने वाली कंपनी भारत पीईटी लिमिटेड ने प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) के लिए बाजार नियामक सेबी के पास ड्राफ्ट पेपर्स जमा कराए हैं। कंपनी का इस आईपीओ के जरिए 760 करोड़ रुपये जुटाना लक्ष्य है। आईपीओ में फ्रेश ​इ​क्विटी और ऑफर फार सेल (OFS) शामिल होगा।

Bharat PET IPO: ₹640 करोड़ तक का OFS

बुधवार को फाइल किए गए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के अनुसार, प्रस्तावित आईपीओ में 120 करोड़ रुपये तक के नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे और 640 करोड़ रुपये तक के शेयर प्रमोटरों द्वारा ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए बेचे जाएंगे। कंपनी 24 करोड़ रुपये तक के प्री-आईपीओ प्लेसमेंट पर भी विचार कर सकती है। अगर ऐसा किया जाता है, तो नए शेयर जारी करने का आकार उसी अनुपात में कम हो जाएगा।

IPO से जुटाई रकम का क्या होगा

ड्रॉफ्ट पेपर के अनुसार, कंपनी आईपीओ के जरिए जुटाई गई रकम में से 50 करोड़ रुपये कर्ज चुकाने में, 35.8 करोड़ रुपये मशीनरी और उपकरण खरीदने में खर्च किए जाएंगे, जबकि शेष राशि सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों के लिए इस्तेमाल होगी। इस इश्यू के लिए इक्विरस कैपिटल और एम्बिट बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं।

कंपनी की फाइनैंशयल देखें, तो उसने वित्त वर्ष 2025 में 411.82 करोड़ रुपये का राजस्व और 50.99 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ (PAT) दर्ज किया।

यह पढ़ें: Jio IPO: DRHP दाखिल करने की तैयारी तेज, OFS के जरिए 2.5% हिस्सेदारी बिकने की संभावना

Bharat PET IPO: क्या है कंपनी का कारोबार

भारत पीईटी की स्थापना 1998 में हुई। यह कंपनी अलग-अलग तरह के कठोर पैकेजिंग उत्पाद बनाती है, जिनमें पीईटी बोतलें और जार, प्रीफॉर्म, मल्टी-लेयर को-एक्सट्रूडेड बोतलें, कैप और क्लोजर तथा टिन कंटेनर शामिल हैं। कंपनी मुख्य रूप से एग्रोकेमिकल उद्योग को सेवाएं देती है और CARE रिपोर्ट के अनुसार भारत के एग्रोकेमिकल पैकेजिंग सेगमेंट में इसकी बाजार हिस्सेदारी करीब 11 प्रतिशत है।

30 सितंबर 2025 तक कंपनी के पास 500 से अधिक मोल्ड्स थे और यह 1,500 से ज्यादा ग्राहकों को सेवाएं दे रही थी। इसके प्रमुख ग्राहकों में टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड, धनुका एग्रीटेक लिमिटेड, पीआई इंडस्ट्रीज लिमिटेड, इंडिया पेस्टिसाइड्स लिमिटेड और सेफेक्स केमिकल्स इंडिया लिमिटेड शामिल हैं।

भारत पीईटी के चार मैन्युफैक्चरिंग प्लांट दिल्ली, सोनीपत, अंकलेश्वर और जम्मू में स्थित हैं। 30 सितंबर 2025 तक के आंकड़ों के मुताबिक इन प्लांट्स की कुल स्थापित क्षमता 18,110.53 एमटीपीए (MTPA) है।

First Published : March 26, 2026 | 1:17 PM IST