GSP Crop Science IPO: एग्रोकेमिकल कंपनी जीएसपी क्रॉप साइंस का आईपीओ अगले हफ्ते अप्लाई करने के लिए खुल जाएगा। इश्यू से खुलने से पहले कंपनी ने इश्यू का प्राइस बैंड फाइनल कर दिया है। इसे 304 से 320 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। इश्यू 16 मार्च को खुलेगा और 18 मार्च को बंद होगा। आईपीओ के जरिए कंपनी 400 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। इसमें 240 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी (फ्रेश इश्यू) किये जाएंगे। जबकि 160 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा। यह हिस्सेदारी प्रमोटर विलासबेन व्रजमोहन शाह, कप्पा ट्रस्ट और भावेश व्रजमोहन शाह बेचेंगे। फ्रेश इश्यू से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कंपनी कुछ बकाया कर्ज चुकाने और सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों को पूरा करने में करेगी।
कंपनी ने अपने रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) में कहा कि शेयर बाजार में लिस्टिंग से कंपनी की पहचान और ब्रांड इमेज मजबूत होगी। साथ ही भारत में उसके शेयरों के लिए एक सार्वजनिक बाजार तैयार होगा। इससे मौजूदा और संभावित ग्राहकों के बीच कंपनी की पहुंच बढ़ेगी।
जीएसपी क्रॉप साइंस का आईपीओ 400 करोड़ रुपये का है। यह इश्यू दो हिस्सों से बंटा है। इसमें 75 लाख शेयरों का फ्रेश इश्यू शामिल है। इससे 240 करोड़ रुपये जुटाए जाएंगे। जबकि 50 लाख शेयरों की बिक्री पेशकश के जरिए 160 करोड़ रुपये जुटाए जाएंगे।
यह इश्यू 16 मार्च 2026 को खुलकर 18 मार्च 2026 को बंद होगा। शेयरों के अलॉटमेंट की प्रक्रिया 20 मार्च 2026 तक पूरी होने की संभावना है। इसके बाद कंपनी के शेयरों की लिस्टेड 24 मार्च 2026 को होने की संभावना है।
यह पढ़ें: NSE के IPO की उलटी गिनती शुरू, 20 मर्चेंट बैंक और 8 कानूनी सलाहकारों की हुईं नियुक्ति
इश्यू के लिए प्रति शेयर प्राइस बैंड 304 रुपये से 320 रुपये तय किया गया है। आवेदन के लिए एक लॉट में 46 शेयर होंगे। रिटेल निवेशकों के लिए मिनिमम निवेश 14,720 रुपये होगा, जो अपर प्राइस बैंड के आधार पर 46 शेयरों के बराबर है। इश्यू का प्रमुख प्रबंधक इक्विरस कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड है। जबकि इसके रिकॉर्ड और अलॉटमेंट संबंधी काम एमयूएफजी इनटाइम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड संभालेगा।
जीएसपी क्रॉप साइंस एक रिसर्च आधारित एग्रोकेमिकल कंपनी है। यह भारत में खरपतवार नाशक (हर्बिसाइड), कीटनाशक (इंसेक्टिसाइड), फफूंदनाशक (फंगिसाइड) और पौधों की वृद्धि बढ़ाने वाले उत्पाद बनाती है। कंपनी किसानों को फसल सुरक्षा से जुड़े समाधान उपलब्ध कराती है। इससे उनकी उत्पादकता बढ़ाने और बेहतर कृषि उत्पादन हासिल करने में मदद मिलती है। इसके लिए कंपनी रिसर्च, निर्माण, सप्लाई और वितरण का काम करती है।
कंपनी फॉर्मुलेशन (एक्टिव इंग्रीडिएंट और अन्य मिश्रण) और टेक्निकल प्रोडक्ट (एक्टिव इंग्रीडिएंट का सघन रूप) तैयार करती है। जीएसपी क्रॉप साइंस भारत के अलावा 37 देशों में भी अपने उत्पाद बेचती हैं।