Om Power Transmission Share Price: पावर ट्रांसमिशन इंफ्रास्ट्रक्चर ईपीसी कंपनी ओम पावर ट्रांसमिशन आईपीओ के शेयरो शुक्रवार (17 अप्रैल) शेयर बाजार में अच्छी शुरुआत के साथ लिस्ट हो गए। कंपनी ने अपने आईपीओ के जरिए बाजार से 150 करोड़ रुपये जुटाए थे।
ओम पावर ट्रांसमिशन के शेयर बीएसई पर 181 रुपये पर लिस्ट हुए। यह इश्यू के अपर प्राइस बैंड 175 रुपये से 6 रुपये प्रति शेयर या 3.4 फीसदी ज्यादा है। वहीं, एनएसई पर कंपनी के शेयर 186 रुपये के भाव पर लिस्ट हुए जो प्राइस बैंड के मुकाबले 11 रुपये प्रति शेयर 6.28 प्रतिशत ज्यादा है।
लिस्टिंग ने ग्रे मार्केट के अनुमान को पीछे छोड़ दिया। सूत्रों के मुताबिक, डेब्यू से पहले कंपनी के नॉन-लिस्टेड शेयर 177 रुपये प्रति शेयर पर कोट किए जा रहे थे, जो इश्यू प्राइस के मुकाबले 1.1 प्रतिशत का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) दर्शाता है।
कंपनी पावर ट्रांसमिशन इंफ्रास्ट्रक्चर ईपीसी क्षेत्र में काम करती है। इस आईपीओ को निवेशकों से ठीक-ठाक प्रतिक्रिया मिली और कुल मिलाकर लगभग 3.33 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के आंकड़ों के अनुसार, ओम पावर ट्रांसमिशन आईपीओ के लिए 60 लाख शेयरों के मुकाबले करीब 1.997 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों (एनआईआई) का हिस्सा 7.06 गुना भरा। जबकि योग्य संस्थागत खरीदारों (QIBs) का हिस्सा 3.65 गुना सब्सक्राइब हुआ। वहीं, खुदरा निवेशकों का कोटा 1.54 गुना भरा।
ओम पावर ट्रांसमिशन आईपीओ का प्राइस बैंड 166 रुपये से 175 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था, जिसमें लॉट साइज 85 शेयरों का था। इसे 60 लाख शेयरों के मुकाबले 1.997 करोड़ शेयरों के लिए बोली मिली, जिससे कुल मिलाकर 3.33 गुना सब्सक्रिप्शन हुआ। अलॉटमेंट बुधवार, 15 अप्रैल 2026 को तय किया गया और कंपनी ने इश्यू प्राइस 175 रुपये प्रति शेयर निर्धारित किया। एमयूएफजी इंटाइम इंडिया इस इश्यू का रजिस्ट्रार है, जबकि बीलाइन कैपिटल एडवाइजर्स एकमात्र बुक-रनिंग लीड मैनेजर है।
रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) के अनुसार, कंपनी शुद्ध आय में से 11.2 करोड़ रुपये मशीनरी और उपकरणों की खरीद के लिए पूंजीगत व्यय (कैपेक्स) में लगाएगी। इसके अलावा, 25 करोड़ रुपये कर्ज चुकाने के लिए और 55 करोड़ रुपये लॉन्ग टर्म वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने के लिए इस्तेमाल किए जाएंगे। बाकी राशि का उपयोग सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।