आईपीओ

Powerica IPO की बाजार में कमजोर एंट्री, बीएसई पर ₹375 और एनएसई पर 366 रुपये पर लिस्ट हुए शेयर

Powerica IPO: पावरिका आईपीओ को निवेशकों से कमजोर प्रतिक्रिया मिली और कुल सब्सक्रिप्शन 1.45 गुना रहा।

Published by
जतिन भूटानी   
Last Updated- April 02, 2026 | 10:49 AM IST

Powerica Share Price: पावर सोल्यूशंस प्रोवाइड करने वाली कंपनी पावरीका के शेयर गुरुवार (2 अप्रैल) को शेयर बाजार में लिस्ट हो गए। कंपनी के शेयर बीएसई पर 375 रुपये के भाव पर लिस्ट हुए। यह आईपीओ के अपर प्राइस बैंड 395 रुपये से 5 प्रतिशत या 20 रुपये प्रति शेयर कम है। एनएसई पर कंपनी के शेयर 366 रुपये पर लिस्ट हुए, जो प्राइस बैंड की तुलना में 29 रुपये या 7.35 प्रतिशत कम है।

पावरिका की लिस्टिंग ग्रे मार्केट के अनुमान से कम रही। अनौपचारिक बाजार गतिविधियों पर नजर रखने वाले सूत्रों के अनुसार, लिस्टिंग से पहले कंपनी के अनलिस्टेड शेयर ग्रे मार्केट में लगभग 402 रुपये पर सपाट कारोबार कर रहे थे। इससे संकेत मिल रहा था कि इश्यू प्राइस के मुकाबले शेयर 7 रुपये या 1.77 प्रतिशत प्रीमियम पर लिस्ट हो सकते थे।

Powerica IPO subscription rate

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के आंकड़ों के अनुसार, पावरिका आईपीओ को निवेशकों से कमजोर प्रतिक्रिया मिली और कुल सब्सक्रिप्शन 1.45 गुना रहा। निवेशकों ने 2.55 करोड़ शेयरों के मुकाबले 2.985 करोड़ इक्विटी शेयरों के लिए बोली लगाई।

योग्य संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) ने मांग का नेतृत्व किया और अपने हिस्से को 4.5 गुना सब्सक्राइब किया। वहीं, गैर-संस्थागत निवेशकों (एनआईआई) का हिस्सा केवल 44 प्रतिशत सब्सक्राइब हुआ, जबकि खुदरा निवेशकों का हिस्सा 15 प्रतिशत ही सब्सक्राइब हुआ।

यह पढ़ें: Amir Chand IPO ने निवेशकों को किया निराश, 8% डिस्काउंट के साथ ₹195 पर लिस्ट हुए शेयर

Powerica IPO details

पावरिका ने अपने प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम के जरिए कुल 1100 करोड़ रुपये जुटाए। इसमें 700 करोड़ रुपये तक के 1.77 करोड़ शेयरों का फ्रेश इश्यू और 400 करोड़ रुपये तक के 1.01 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल था।

यह आईपीओ 375 रुपये से 395 रुपये प्रति शेयर के प्राइस बैंड में पेश किया गया था, जिसमें न्यूनतम आवेदन लॉट 37 शेयरों का था। यह इश्यू 24 मार्च से 27 मार्च 2026 तक सदस्यता के लिए खुला था। शेयरों का आवंटन सोमवार, 30 मार्च को अंतिम रूप दिया गया। एमयूएफजी इंटाइम इंडिया इस इश्यू का रजिस्ट्रार है। आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज, आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज और नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट इस इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं।

रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (आरएचपी) के अनुसार, कंपनी शुद्ध फ्रेश इश्यू से प्राप्त 525 करोड़ रुपये का उपयोग अपने कुछ कर्ज के पूर्व भुगतान या पुनर्भुगतान के लिए करेगी, जबकि शेष राशि का उपयोग सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

First Published : April 2, 2026 | 10:28 AM IST