बाजार

Stocks to watch: Tata Steel, GAIL, RVNL, HPCL, PNB Housing समेत इन शेयरों पर आज रखें नजर

इस बीच, सुबह 7:10 बजे GIFT निफ्टी फ्यूचर (GIFT Nifty futures) लगभग 24,875 के स्तर पर सपाट कारोबार कर रहा था।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- July 30, 2024 | 12:38 PM IST

Stocks to Watch Today: वैश्विक बाजारों से मिलेजुले रुख के बीच घरेलू इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) और एनएसई निफ्टी50 (Nifty-50) की मंगलवार को शुरुआत कमजोर रह सकती है।

अमेरिका में वॉल स्ट्रीट के प्रमुख इंडेक्स सोमवार को मोटे तौर पर सपाट बंद हुए। कंपनियों के नतीजे और फेडरल रिजर्व की तरफ से ब्याज दरों को लेकर फैसले से पहले सतर्क रुख अपना रहे हैं।

नैस्डैक कंपोजिट 12.32 अंक या 0.07 प्रतिशत बढ़कर 17,370.20 पर, एसएंडपी 500 4.44 अंक या 0.08 प्रतिशत बढ़कर 5,463.54 पर, जबकि डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 49.41 अंक या 0.12 प्रतिशत गिरकर 40,539.93 पर पहुंच गया।

एशिआई बाजारों की बात करे तो जापान का निक्केई 0.45 प्रतिशत, हांगकांग का हैंग सेंग 0.26 प्रतिशत, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.72 प्रतिशत और एशिया डॉव 0.58 प्रतिशत नीचे कारोबार कर रहा था, जबकि शंघाई कंपोजिट 0.14 प्रतिशत ऊपर था।

इस बीच, सुबह 7:10 बजे GIFT निफ्टी फ्यूचर (GIFT Nifty futures) लगभग 24,875 के स्तर पर सपाट कारोबार कर रहा था।

आज इन कंपनियों के आएंगे तिमाही नतीजे

360 वन डब्ल्यूएएम, एजिस लॉजिस्टिक्स, अजंता फार्मा, अपार इंडस्ट्रीज, अरविंद स्मार्टस्पेस, कार्बोरंडम यूनिवर्सल, कारट्रेड टेक, कैस्ट्रोल इंडिया, डिक्सन टेक्नोलॉजीज, एक्साइड इंडस्ट्रीज, फाइन ऑर्गेनिक्स इंडस्ट्रीज, फोर्स मोटर्स, फर्स्टसोर्स सॉल्यूशंस, गेल, ग्रैन्यूल्स इंडिया, ग्रीनपैनल इंडस्ट्रीज, इंडियामार्ट इंटरमेश, इंडस टावर्स, इंडियन ऑयल कॉर्प, जॉनसन कंट्रोल्स हिताची, जिंदल स्टेनलेस, लॉयड्स मेटल्स एंड एनर्जी, मैक्रोटेक डेवलपर्स, एमओआईएल, नवीन फ्लोरीन इंटरनेशनल, पीटीसी इंडस्ट्रीज, राजरतन ग्लोबल वायर, आरआर काबेल, सैफायर फूड्स, श्याम मेटलिक्स एंड एनर्जी, स्टार हेल्थ और एलाइड इंश्योरेंस, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, टीटागढ़ रेल सिस्टम्स, टोरेंट पावर, वरुण बेवरेजेज, वर्धमान टेक्सटाइल्स और वारी रिन्यूएबल टेक्नोलॉजीज आज अपनी पहली तिमाही के नतीजे जारी करेंगी।

इस बीच, आज इन शेयरों पर रखे नजर;

Bharat Electronics: भारत इलेक्ट्रॉनिक्स का मुनाफा 2024-25 की जून तिमाही में 46.89 प्रतिशत उछलकर 791 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एक साल पहले की इसी अवधि में यह 538.48 करोड़ रुपये था। इसके अलावा सरकारी कंपनी की बिक्री भी चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 20.11 प्रतिशत बढ़कर 4,243.57 करोड़ रुपये हो गई। एक साल पहले की इसी तिमाही में यह 3,532.94 करोड़ रुपये थी।

ACC: अदाणी ग्रुप की सीमेंट कंपनी का मुनाफा चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 22.46 प्रतिशत घटकर 361.40 करोड़ रुपये पर आ गया। एक साल पहले की इसी तिमाही में यह 466.14 करोड़ रुपये था। कंपनी का रेवेन्यू भी जून तिमाही में मामूली रूप से घटकर 5,154.89 करोड़ रुपये पर आ गया जबकि बीते वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह 5,201.11 करोड़ रुपये था।

Colgate-Palmolive India: कंपनी ने Q1FY25 के दौरान नेट प्रॉफिट लाभ में 33 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 363.98 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की है। मांग में बढ़ोतरी और उत्पादों के अच्छे प्रदर्शन से कंपनी का मुनाफा बढ़ा है। एफएमसीजी प्रमुख ने पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में अपना शुद्ध लाभ 273.68 करोड़ रुपये बताया था।

Hindustan Petroleum Corporation Ltd (HPCL): सरकार के स्वामित्व वाली तेल विपणन कंपनी (ओएमसी) एचपीसीएल का वित्त वर्ष 2025 की पहली तिमाही में समेकित शुद्ध लाभ एक साल पहले के मुकाबले 90 फीसदी घटकर 634 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले की अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 6,765 करोड़ रुपये था।

Indian Bank: इंडियन बैंक का वित्त वर्ष 2025 की पहली तिमाही में खराब ऋण में गिरावट से शुद्ध लाभ 41 फीसदी बढ़कर 2,403 करोड़ रुपये रहा। बीते साल इसी अवधि में बैंक का शुद्ध मुनाफा 1,709 करोड़ रुपये रहा था। मौजूदा वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में चेन्नई के बैंक की शुद्ध आय 15 फीसदी बढ़कर 16,945 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले इसी अवधि में 14,759 करोड़ रुपये थी।

Adani Total Gas: अदाणी समूह की शहरी गैस वितरण कंपनी अदाणी टोटाल गैस लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में शुद्ध लाभ 20 प्रतिशत बढ़कर 177 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने सोमवार को एक बयान में कहा कि अप्रैल-जून तिमाही के दौरान सीएनजी और पाइप वाली रसोई गैस (पीएनजी) की बिक्री बढ़ने से उसके लाभ में बढ़ोतरी हुई है।

PNB Housing Finance: अमेरिका स्थित निजी इक्विटी फर्म कार्लाइल की इकाई क्वालिटी इन्वेस्टमेंट होल्डिंग्स मंगलवार को एक ब्लॉक डील के जरिये पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस में अपनी 6.4 प्रतिशत हिस्सेदारी बेच सकती है।

First Published : July 30, 2024 | 8:49 AM IST