बाजार

LIC ने दिया बड़ा तोहफा! 1 शेयर पर मिलेगा 1 बोनस शेयर, निवेशकों की हो गई मौज

इस समय सरकार के पास LIC में करीब 96.5 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि रिटेल निवेशकों के पास लगभग 1.5 प्रतिशत शेयर हैं

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- April 14, 2026 | 9:39 AM IST

भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने अपने शेयरधारकों को बड़ा तोहफा दिया है। कंपनी के बोर्ड ने 13 अप्रैल 2026 को हुई बैठक में 1:1 बोनस शेयर जारी करने को मंजूरी दी है। इसका सीधा मतलब है कि निवेशकों को उनके हर एक शेयर पर एक अतिरिक्त शेयर मुफ्त मिलेगा। LIC ने अपने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि यह बोनस शेयर पूरी तरह से चुकता (फुली पेड) इक्विटी शेयर होंगे, जिनकी फेस वैल्यू 10 रुपये प्रति शेयर है। कंपनी यह बोनस अपने रिजर्व और सरप्लस फंड से जारी करेगी, जो 31 दिसंबर 2025 तक उपलब्ध है। हालांकि, इस फैसले को लागू करने के लिए शेयरधारकों की मंजूरी जरूरी होगी।

इस बोनस इश्यू के बाद LIC की कुल शेयर पूंजी दोगुनी हो जाएगी, यानी बाजार में शेयरों की संख्या बढ़ जाएगी। निवेशकों के पास शेयरों की संख्या बढ़ेगी, लेकिन कुल निवेश की वैल्यू लगभग बराबर ही रहेगी, क्योंकि शेयर की कीमत उसी हिसाब से एडजस्ट हो जाती है।

मई 2022 में लिस्टिंग के बाद LIC पहली बार बोनस शेयर दे रही है। माना जा रहा है कि इस कदम से भविष्य में सरकार के लिए LIC में हिस्सेदारी बेचने, यानी ऑफर फॉर सेल (OFS) लाने का रास्ता आसान हो सकता है।

सरकार की हिस्सेदारी और बाजार स्थिति

इस समय सरकार के पास LIC में करीब 96.5 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि रिटेल निवेशकों के पास लगभग 1.5 प्रतिशत शेयर हैं। बाजार में फ्री फ्लोट कम होने की वजह से शेयर में ज्यादा उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है।

LIC का शेयर अभी भी अपने आईपीओ मूल्य से नीचे कारोबार कर रहा है। कंपनी का आईपीओ 949 रुपये के ऊपरी दाम पर आया था, जबकि रिटेल निवेशकों को यह करीब 904 रुपये और पॉलिसीधारकों को 889 रुपये में मिला था। 13 अप्रैल को शेयर 804.25 रुपये पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से थोड़ा ऊपर था।

आगे क्या संकेत

बोनस इश्यू से निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ सकती है और बाजार में शेयर की लिक्विडिटी भी बेहतर हो सकती है। साथ ही, सरकार भविष्य में अपनी हिस्सेदारी कम करने के लिए नए शेयर बेचने की योजना पर काम कर रही है।

First Published : April 14, 2026 | 9:32 AM IST