बाजार

52 हफ्ते के हाई पर Maharatna PSU, ब्रोकरेज बोले- मजबूत ऑर्डर बुक के चलते ₹450 तक जाएगा भाव

Q4 रिजल्ट्स ने बढ़ाया भरोसा, मजबूत ऑर्डर पाइपलाइन के चलते BHEL में और तेजी की संभावना

Published by
देवव्रत वाजपेयी   
Last Updated- May 05, 2026 | 10:11 AM IST

BHEL Share Price: सरकारी कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) के शेयर में सोमवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। कंपनी का शेयर 13 प्रतिशत से ज्यादा उछलकर करीब 399 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंच गया, जो 52 हफ्तों का हाई भी है। यह तेजी कंपनी के वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही के मजबूत नतीजों के बाद आई, जहां मुनाफा सालाना आधार पर करीब 155 प्रतिशत बढ़ा। इसके साथ ही कंपनी ने 1.40 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड का भी ऐलान किया, जिससे निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ।

चौथी तिमाही में शानदार प्रदर्शन

भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) ने वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी का नेट प्रॉफिट बढ़कर करीब 1290.47 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल इसी अवधि में 504 करोड़ रुपये था। यानी सालाना आधार पर मुनाफे में करीब 155 प्रतिशत की तेज बढ़ोतरी हुई है।

कंपनी की आय भी मजबूत रही। चौथी तिमाही में रेवेन्यू बढ़कर 12310 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 8993 करोड़ रुपये था। इस तरह रेवेन्यू में करीब 36.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

ऑपरेटिंग स्तर पर भी कंपनी का प्रदर्शन काफी बेहतर रहा। EBITDA बढ़कर 1753 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल 831 करोड़ रुपये था। यानी इसमें 111 प्रतिशत की तेज उछाल देखने को मिली।

इसके साथ ही EBITDA मार्जिन भी बढ़कर 14.2 प्रतिशत हो गया, जो एक साल पहले 9.2 प्रतिशत था। यह दिखाता है कि कंपनी की कार्यक्षमता और प्रोजेक्ट एक्जीक्यूशन में अच्छा सुधार हुआ है।

यह पढ़ें: PV में सुस्ती, 2W और CV में ग्रोथ- Emkay ने Auto सेक्टर में चुने 8 हाई-पोटेंशियल स्टॉक्स

ऑर्डर बुक मजबूत, भविष्य का भरोसा कायम

हालांकि पूरे साल के दौरान नए ऑर्डर में करीब 19 प्रतिशत की गिरावट आई, लेकिन कंपनी का कुल ऑर्डर बुक मजबूत बना हुआ है। साल के अंत तक यह करीब 2.4 लाख करोड़ रुपये रहा, जो कंपनी की सालाना बिक्री का 7 गुना से ज्यादा है। कंपनी की कैश पोजिशन भी मजबूत हुई है और इसमें 56 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

BHEL Share पर ब्रोकरेज हाउस का भरोसा बरकरार

नुवामा इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने BHEL पर ‘BUY’ रेटिंग बरकरार रखी है और 12 महीने का टारगेट प्राइस 450 रुपये तय किया है। ब्रोकरेज का मानना है कि बेहतर एक्जीक्यूशन और बढ़ते मार्जिन के चलते कंपनी की कमाई में आने वाले सालों में तेज ग्रोथ हो सकती है। वहीं, एंटीक स्टॉक ब्रोकिंग का कहना है कि कंपनी को वित्त वर्ष 2026 में करीब 75,000 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले हैं, जिससे ऑर्डर बुक मजबूत हुआ है। आने वाले 2 साल में 10 गीगावॉट से ज्यादा के नए प्रोजेक्ट मिलने की उम्मीद है। उन्होंने स्टॉक पर BUY की रेटिंग दी है और 430 रुपये का टारगेट दिया है।

ICICI सिक्योरिटीज के मुताबिक, BHEL ने उम्मीद से बेहतर नतीजे दिए हैं, जहां मजबूत रेवेन्यू ग्रोथ और मार्जिन सुधार के चलते मुनाफा अनुमान से काफी ज्यादा रहा। ब्रोकरेज ने प्रोजेक्ट एक्जीक्यूशन और मजबूत ऑर्डर बुक के दम पर आगे भी ग्रोथ की उम्मीद जताते हुए स्टॉक पर BUY रेटिंग के साथ 450 रुपये का टारगेट दिया है।

यह पढ़ें: Kotak Bank Q4: मुनाफा बढ़ा, NPA घटा, अब क्या करें निवेशक? ब्रोकरेज ने बताई स्ट्रैटेजी और टारगेट

BHEL Share में जोरदार तेजी, मुनाफा बढ़ते ही निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी

BHEL के शेयर में सोमवार को 13.35 प्रतिशत की तेज उछाल देखने को मिली और यह करीब 399 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंच गया। वहीं, मंगलवार को भी शेयर में मजबूती बनी रही और यह करीब 386.40 रुपये के स्तर पर 2.51 प्रतिशत की बढ़त के साथ ट्रेड करता दिखा।

स्टॉक ने हाल के समय में काफी मजबूत प्रदर्शन किया है। पिछले एक हफ्ते में यह करीब 10.82 प्रतिशत चढ़ा है, जबकि निफ्टी मिडकैप 50 इंडेक्स लगभग सपाट रहा। एक महीने में BHEL का शेयर करीब 55.70 प्रतिशत उछला है, जो इंडेक्स की 11.41 प्रतिशत बढ़त से काफी ज्यादा है। इससे साफ है कि स्टॉक में जबरदस्त तेजी और निवेशकों की मजबूत दिलचस्पी बनी हुई है।

इस साल की शुरुआत से अब तक यानी year-to-date आधार पर यह शेयर 32.54 प्रतिशत चढ़ चुका है, जबकि निफ्टी मिडकैप 50 में करीब 1.90 प्रतिशत की गिरावट आई है। पिछले एक साल में BHEL ने 72.04 प्रतिशत का रिटर्न दिया है, जो इंडेक्स के 12.10 प्रतिशत रिटर्न से काफी ज्यादा है।

लंबी अवधि में भी स्टॉक ने शानदार प्रदर्शन किया है। तीन साल में यह करीब 348.93 प्रतिशत चढ़ा है, जबकि इंडेक्स में 86.49 प्रतिशत की बढ़त रही। वहीं, पांच साल में BHEL ने 635.11 प्रतिशत का जबरदस्त रिटर्न दिया है, जो निफ्टी मिडकैप 50 के 154.46 प्रतिशत रिटर्न से काफी ज्यादा है।

यह पढ़ें: Q4 के बाद HUL में पैसा लगाने को लेकर है कन्फ्यूजन? ब्रोकरेज ने बताई स्ट्रैटेजी, 37% तक अपसाइड के टारगेट

Bharat Heavy Electricals Stock: आगे क्या है उम्मीद

ब्रोकरेज रिपोर्ट्स के मुताबिक, आने वाले समय में कंपनी की ऑपरेटिंग परफॉर्मेंस और बेहतर हो सकती है, क्योंकि हाल ही में मिले हाई मार्जिन वाले ऑर्डर अब एक्जीक्यूशन फेज में आएंगे। साथ ही पावर और इंडस्ट्रियल दोनों सेगमेंट से ऑर्डर मिलने की उम्मीद है, जिससे कंपनी की ग्रोथ को सपोर्ट मिलेगा।

(डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।)

First Published : May 5, 2026 | 9:47 AM IST