बाजार

टॉप 10 कंपनियों में से 7 का मार्केट कैप 3.04 लाख करोड़ रुपये बढ़ा, HDFC बैंक, LIC सबसे अधिक लाभ में रहे

गुरुवार को LIC के शेयर 52 सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंचते ही बीमा कंपनी ने पांच लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को छू लिया था।

Published by
भाषा   
Last Updated- December 10, 2023 | 10:57 PM IST

देश की 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से सात का मार्केट कैप बीते सप्ताह 3.04 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया। इसमें HDFC बैंक और LIC में सबसे ज्यादा वृद्धि दर्ज की गई। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले सप्ताह देश की टॉप 10 में से सात कंपनियों का मार्केट कैप 3,04,477.25 करोड़ रुपये बढ़ गया। इसके पीछे शेयर बाजार में जारी तेजी की अहम भूमिका रही।

पिछले सप्ताह BSE सेंसेक्स 3.47% बढ़ा

पिछले सप्ताह BSE का मानक सूचकांक सेंसेक्स 2,344.41 अंक यानी 3.47 प्रतिशत बढ़ गया। कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन शुक्रवार को 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 303.91 अंक यानी 0.44 प्रतिशत बढ़कर अपने सर्वकालिक उच्च स्तर 69,825.60 अंक पर पहुंच गया।

इस सप्ताह मार्केट कैप में सबसे ज्यादा वृद्धि भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC), ICICI बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) में दर्ज की गई। निजी क्षेत्र के HDFC बैंक का मार्केट कैप 74,076.15 करोड़ रुपये बढ़कर 12,54,664.74 करोड़ रुपये हो गया। LIC का मार्केट कैप 65,558.6 करोड़ रुपये बढ़कर 4,89,428.32 करोड़ रुपये हो गया।

इन कंपनियों के मार्केट कैप में हुआ इजाफा

गुरुवार को LIC के शेयर 52 सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंचते ही बीमा कंपनी ने पांच लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को छू लिया था। ICICI बैंक का मार्केट कैप 45,466.21 करोड़ रुपये बढ़कर 7,08,836.92 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। TCS का मार्केट कैप 42,732.72 करोड़ रुपये बढ़कर 13,26,918.39 करोड़ रुपये हो गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड का मार्केट कैप 42,454.66 करोड़ रुपये बढ़कर 16,61,787.10 करोड़ रुपये हो गया। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का मार्केट कैप 37,617.24 करोड़ रुपये बढ़कर 5,47,971.17 करोड़ रुपये हो गया। इन्फोसिस का शेयर 15,916.92 करोड़ रुपये बढ़कर 6,18,663.93 करोड़ रुपये हो गया।

इन कंपनियों का मार्केट कैप घटा

वहीं, दूसरी तरफ हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) का मार्केट कैप 9,844.79 करोड़ रुपये घटकर 5,92,414.19 करोड़ रुपये और भारती एयरटेल का 8,569.98 करोड़ रुपये घटकर 5,61,896.90 करोड़ रुपये रह गया। ITC का मार्केट कैप भी 935.48 करोड़ रुपये घटकर 5,60,223.61 करोड़ रुपये रह गया।

इसके साथ ही रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे मूल्यवान कंपनी के स्थान पर कायम है। इसके बाद TCS, HDFC बैंक, ICICI बैंक, इन्फोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड, भारती एयरटेल, ITC, SBI और LIC हैं।

First Published : December 10, 2023 | 2:47 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)