बाजार

कमाई का गोल्डन चांस! अगले हफ्ते 12 कंपनियां बांटेगी डिविडेंड, एक शेयर पर ₹40 तक कमाई का मौका

अगले हफ्ते SBI और मनाप्पुरम समेत 12 कंपनियां डिविडेंड का तोहफा देंगी। निवेशकों के लिए अतिरिक्त कमाई करने और पोर्टफोलियो मजबूत करने का यह बेहतरीन मौका है

Published by
ऋषभ राज   
Last Updated- May 10, 2026 | 3:00 PM IST

भारतीय शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए अगला सप्ताह कमाई के लिहाज से बेहद शानदार रहने वाला है। अगर आप भी स्टॉक मार्केट में निवेश करते हैं और केवल शेयरों के भाव बढ़ने से ही नहीं, बल्कि कंपनी के मुनाफे में हिस्सेदारी यानी ‘डिविडेंड’ से भी पैसा कमाना चाहते हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है। अगले हफ्ते देश की 12 दिग्गज कंपनियां अपने शेयरधारकों को डिविडेंड का बड़ा तोहफा देने जा रही हैं। इन कंपनियों में बैंकिंग, FMCG, रियल एस्टेट और फाइनेंस सेक्टर के बड़े नाम शामिल हैं।

बता दें कि डिविडेंड वह एक्सट्रा इनकन है जो कंपनियां अपने मुनाफे का एक हिस्सा अपने निवेशकों को नकद के रूप में देती हैं। आइए जानते हैं कौन सी कंपनी किस तारीख को और कितना डिविडेंड देने जा रही है।

सप्ताह की शुरुआत: फाइनेंस और कंज्यूमर स्टॉक्स का जलवा

अगले हफ्ते की शुरुआत यानी सोमवार, 11 मई 2026 को दो कंपनियां डिविडेंड के लिए तैयार हैं। गोल्ड लोन सेक्टर की दिग्गज कंपनी मनाप्पुरम फाइनेंस अपने निवेशकों को प्रति शेयर 0.50 रुपये का अंतरिम डिविडेंड देने जा रही है। इसकी एक्स-डेट और रिकॉर्ड डेट 11 मई ही तय की गई है। इसी दिन PAE Ltd भी 0.20 रुपये का फाइनल डिविडेंड देगी।

मंगलवार, 12 मई 2026 को FMCG सेक्टर की बड़ी कंपनी गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स की बारी है। कंपनी ने अपने निवेशकों के लिए प्रति शेयर 5.00 रुपये का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 12 मई रखी गई है। वहीं बुधवार, 13 मई को NRB Bearings Ltd अपने शेयरधारकों को प्रति शेयर 2.25 रुपये का अंतरिम डिविडेंड देगी। रियल एस्टेट सेक्टर की दिग्गज कंपनी ओबेरॉय रियल्टी गुरुवार, 14 मई को 2.00 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड देने जा रही है।

आनंद राठी, एप्टस वैल्यू हाउसिंग ने निवेशकों पर लुटाया प्यार

सप्ताह का सबसे बड़ा दिन शुक्रवार, 15 मई 2026 रहने वाला है, क्योंकि इस दिन एक साथ कई बड़ी कंपनियां अपने डिविडेंड की एक्स-डेट मनाएंगी। निवेश और वेल्थ मैनेजमेंट सेक्टर की कंपनी आनंद राठी वेल्थ अपने निवेशकों को प्रति शेयर 7.00 रुपये का भारी-भरकम फाइनल डिविडेंड देने जा रही है। वहीं हाउसिंग फाइनेंस सेक्टर की कंपनी एप्टस वैल्यू हाउसिंग भी 2.50 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड देगी।

Also Read: सस्ते होंगे देव लैबटेक के शेयर: कंपनी ने किया स्टॉक स्प्लिट का ऐलान, पोर्टफोलियो में बढ़ जाएगी संख्या

होटल और एनर्जी सेक्टर में भी मुनाफे की बारिश होने वाली है। HBG Hotels Ltd प्रति शेयर 0.15 रुपये का अंतरिम डिविडेंड देगी, जबकि इंडियन एनर्जी एक्सचेंज (IEX) ने 2.00 रुपये प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड का ऐलान किया है। इसके अलावा, स्नैक्स बनाने वाली कंपनी गोपाल स्नैक्स (Gopal Snacks Ltd) भी 15 मई को अपनी एक्स-डेट पर होगी। कंपनी ने इसके लिए राशि का खुलासा अभी नहीं किया है। हालांकि इसकी रिकॉर्ड डेट 16 मई 2026 तय की गई है।

केनामेटा और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) भी लिस्ट में

इस पूरी लिस्ट में सबसे बड़ा और चौंकाने वाला डिविडेंड केनामेटल इंडिया (Kennametal India) की ओर से आ रहा है। कंपनी अपने शेयरधारकों को प्रति शेयर 40.00 रुपये का भारी अंतरिम डिविडेंड देने जा रही है। इसके लिए एक्स-डेट और रिकॉर्ड डेट 15 मई 2026 तय है।

अंत में बात करते हैं देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (State Bank of India) की। SBI अपने लाखों निवेशकों को प्रति शेयर 17.35 रुपये का फाइनल डिविडेंड देने जा रहा है। SBI के लिए एक्स-डेट 15 मई है, जबकि रिकॉर्ड डेट शनिवार, 16 मई 2026 निर्धारित की गई है। बैंकिंग सेक्टर के निवेशकों के लिए यह इस सीजन का सबसे बड़ा तोहफा माना जा रहा है।

निवेशकों के लिए काम की बात

शेयर बाजार में डिविडेंड का लाभ लेने के लिए निवेशकों को ‘एक्स-डेट’ से कम से कम एक दिन पहले शेयर खरीदना जरूरी होता है। रिकॉर्ड डेट वह दिन है जब कंपनी अपने रिकॉर्ड की जांच करती है कि किन निवेशकों के पास शेयर मौजूद हैं। हालांकि, जानकारों का कहना है कि सिर्फ डिविडेंड के लिए किसी कंपनी में निवेश न करें, बल्कि कंपनी के कामकाज और भविष्य की संभावनाओं को भी जरूर देखें। अगर आप इन 12 कंपनियों के शेयरधारक हैं, तो अगले कुछ दिनों में आपके बैंक खाते में डिविडेंड की यह राशि क्रेडिट हो जाएगी।

First Published : May 9, 2026 | 3:52 PM IST