बाजार

बाजार में सुस्ती, लेकिन Angel One और Care Ratings में दिख रहा बड़ा कमाई का मौका! ब्रोकरेज ने बताए TGT, SL

HDFC सिक्योरिटीज के विनय राजानी ने Angel One और Care Ratings में तेजी की संभावना जताई है

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- May 20, 2026 | 10:17 AM IST

शेयर बाजार में पिछले पांच कारोबारी सत्रों से निफ्टी एक छोटी रेंज में कारोबार कर रहा है। बाजार में फिलहाल कोई बड़ा ट्रेंड देखने को नहीं मिल रहा, जिससे निवेशकों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। टेक्निकल चार्ट पर निफ्टी को 23,800 के स्तर के आसपास मजबूत रुकावट का सामना करना पड़ रहा है। वहीं नीचे की तरफ 23,262 से 23,317 का दायरा बाजार के लिए अहम सपोर्ट माना जा रहा है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि जब तक निफ्टी इस रेंज से बाहर नहीं निकलता, तब तक बाजार में सीमित दायरे में कारोबार जारी रह सकता है।

Angel One में तेजी के संकेत, खरीदारी की सलाह

HDFC सिक्योरिटीज के AVP और सीनियर टेक्निकल एंड डेरिवेटिव एनालिस्ट विनय राजानी ने Angel One में खरीदारी की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि शेयर ने डेली चार्ट पर बुलिश ‘Flag Pattern’ से ब्रेकआउट दिया है, जो तेजी का संकेत माना जाता है। इसके अलावा शेयर अपने सभी अहम मूविंग एवरेज के ऊपर कारोबार कर रहा है। पिछले कुछ महीनों से कैपिटल मार्केट इंडेक्स भी बेहतर प्रदर्शन कर रहा है, जिससे इस सेक्टर में मजबूती बनी हुई है। विनय राजानी ने Angel One के लिए 315 रुपये का स्टॉप लॉस और 350 रुपये का टारगेट दिया है। मंगलवार को शेयर करीब 8 फीसदी की तेजी के साथ 328 रुपये पर बंद हुआ।

यह भी पढ़ें | बाजार में कमजोरी के बीच Airtel और Polycab में कमाई का मौका? एक्सपर्ट ने दिए ₹6,310 तक का टारगेट

Care Ratings पर भी बुलिश नजरिए

विनय राजानी ने Care Ratings में भी खरीदारी की राय दी है। उनके मुताबिक शेयर ने 1,788 रुपये के पिछले स्विंग हाई रेजिस्टेंस को पार कर लिया है। साथ ही वीकली चार्ट पर डाउनवर्ड स्लोपिंग ट्रेंड लाइन से भी ब्रेकआउट देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि वीकली चार्ट पर इंडिकेटर्स और ऑसिलेटर्स तेजी के संकेत दे रहे हैं। इसके अलावा शेयर मीडियम और लॉन्ग टर्म मूविंग एवरेज के ऊपर बना हुआ है, जिससे इसका प्राइमरी ट्रेंड मजबूत नजर आ रहा है। एक्सपर्ट ने Care Ratings के लिए 1,710 रुपये का स्टॉप लॉस और 1,870 रुपये का टारगेट दिया है।

(डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।)

First Published : May 20, 2026 | 7:56 AM IST