बाजार

Opening Bell: नए वित्त वर्ष के पहले दिन शेयर बाजार गुलजार! Sensex, Nifty रिकॉर्ड हाई लेवल पर

शुक्रवार को शेयर बाजार गुड फ्राइडे के अवसर पर बंद थे जबकि गुरुवार को बीएसई बेंचमार्क 655.04 अंक या 0.90 प्रतिशत उछलकर 73,651.35 पर बंद हुआ।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- April 01, 2024 | 10:28 AM IST

Stock Market, Opening Bell: एशियाई बाजारों के मजबूत रुझान और विदेशी फंड इनफ्लो के बीच भारतीय शेयर बाजार के इक्विटी इंडेक्स ने सोमवार को नए वित्त वर्ष की शुरुआत तेजी के साथ की जिससे सेंसेक्स और निफ्टी अब तक के रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंच गए।

लगातार तीसरे ट्रेडिंग सेशन में अपनी जीत की गति को बढ़ाते हुए 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 556.98 अंक उछलकर 74,208.33 पर पहुंच गया। एनएसई निफ्टी 192.1 अंक चढ़कर 22,519 पर पहुंच गया।

बाद में बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 74,254.62 के अपने ऑल टाइम हाई लेवल पर पहुंच गया और एनएसई निफ्टी भी 22,529.95 अंक के स्तर के साथ अपने रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंच गया।

सेंसेक्स की कंपनियों में जेएसडब्ल्यू स्टील, टाटा स्टील, कोटक महिंद्रा बैंक, एचडीएफसी बैंक, टाटा मोटर्स और लार्सन एंड टुब्रो (L&T) प्रमुख लाभ में कारोबार कर रहे हैं।

वैश्विक बाजारों से क्या संकेत ?

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का सियोल और शंघाई हरे निशान में रहे जबकि टोक्यो में गिरावट रही। वॉल स्ट्रीट गुरुवार को मिलेजुले रुख के साथ बंद हुए।

एक्सचेंज डेटा के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने गुरुवार को 188.31 करोड़ रुपये की इक्विटी खरीदी। इस बीच, ग्लोबल आयल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.37 प्रतिशत चढ़कर 87.32 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

बता दें कि शुक्रवार को शेयर बाजार गुड फ्राइडे के अवसर पर बंद थे जबकि गुरुवार को बीएसई बेंचमार्क 655.04 अंक या 0.90 प्रतिशत उछलकर 73,651.35 पर बंद हुआ। एनएसई निफ्टी 203.25 अंक या 0.92 प्रतिशत चढ़कर 22,326.90 पर बंद हुआ।

वित्त वर्ष 2023-24 में 14,659.83 अंक या 24.85% चढ़ा BSE बेंचमार्क

वित्त वर्ष 2023-24 में बीएसई बेंचमार्क 14,659.83 अंक या 24.85 प्रतिशत उछल गया, जबकि निफ्टी भी 4,967.15 अंक या 28.61 प्रतिशत बढ़ गया।

First Published : April 1, 2024 | 10:28 AM IST