बाजार

Power Stocks: गर्मी बढ़ते ही बिजली की मांग में उछाल! ब्रोकरेज ने इन दो स्टॉक्स को बनाया टॉप पिक

मार्च में बिजली की मांग और कीमतों में तेजी, ब्रोकरेज को पावर सेक्टर में दिख रहा मजबूत उछाल

Published by
देवव्रत वाजपेयी   
Last Updated- March 19, 2026 | 9:29 AM IST

Power Stocks: देश के पावर सेक्टर में अचानक हलचल तेज हो गई है। फरवरी में जहां मांग ठंडी पड़ी थी, वहीं मार्च में तापमान बढ़ते ही बिजली की खपत तेजी से ऊपर जाने लगी है। एंटीक स्टॉक ब्रोकिंग की रिपोर्ट के मुताबिक, अब सेक्टर में नई ऊर्जा लौटती दिख रही है और आगे तेजी की उम्मीद बढ़ गई है।

फरवरी 2026 में बिजली की मांग सिर्फ 1.5 प्रतिशत बढ़कर 133 अरब यूनिट रही। यह आंकड़ा उम्मीद से कमजोर रहा और इसकी बड़ी वजह रही ज्यादा बारिश, जिसने मांग को दबा दिया। लेकिन जैसे ही मार्च शुरू हुआ, तस्वीर बदलने लगी। 1 से 17 मार्च के बीच ही मांग 3.4 प्रतिशत बढ़ गई और पूरे महीने में यह 154 अरब यूनिट तक पहुंचने का अनुमान है। यानी मार्च में करीब 5 प्रतिशत की मजबूत बढ़त देखने को मिल सकती है।

बिजली की मांग में उछाल, गर्मी का असर शुरू

रिपोर्ट बताती है कि मार्च के दूसरे हफ्ते से तापमान बढ़ने के साथ बिजली की मांग में तेजी आई है। यही ट्रेंड आगे भी जारी रह सकता है। फरवरी में पीक डिमांड 244 गीगावॉट रही, लेकिन अच्छी बात यह रही कि कहीं भी बिजली की कमी नहीं हुई।

फरवरी में बिजली उत्पादन 1.3 प्रतिशत बढ़कर 143 अरब यूनिट रहा। इसमें सबसे बड़ा हिस्सा कोयले से बनने वाली बिजली का रहा। लेकिन असली कहानी अब मार्च में बन रही है, जहां मांग और कीमत दोनों में तेजी दिख रही है। देश के पावर प्लांट्स के पास 59 मिलियन टन कोयला मौजूद है, जो करीब 19 दिनों के लिए काफी है। इसका मतलब है कि सिस्टम फिलहाल मजबूत स्थिति में है और बढ़ती मांग को संभाल सकता है।

यह पढ़ें: ₹975, ₹1205 और ₹500 के टारगेट वाले 3 शेयर, एक्सपर्ट ने दी खरीदारी की सलाह

कीमतों में अचानक पलटाव

फरवरी में जहां बिजली की कीमतें गिरकर 3.58 रुपये प्रति यूनिट पर आ गई थीं, वहीं मार्च में यह बढ़कर 4.55 रुपये तक पहुंच गई हैं। यह साफ संकेत है कि मांग तेजी से लौट रही है।

देश की कुल बिजली क्षमता बढ़कर 524 गीगावॉट हो गई है और इसमें सबसे बड़ा योगदान नवीकरणीय ऊर्जा का है। अब यह कुल क्षमता का 41 प्रतिशत हिस्सा बन चुकी है। साथ ही, बैटरी स्टोरेज में भी बड़ा बदलाव आने वाला है। अभी यह बहुत छोटा है, लेकिन दिसंबर 2026 तक इसमें कई गुना बढ़त देखने को मिल सकती है। यह पावर सेक्टर के लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है।

शॉर्ट टर्म बिजली बाजार में भी जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है। एक्सचेंज के जरिए बिजली की खरीद-बिक्री तेजी से बढ़ रही है।

यह पढ़ें: IT शेयरों की दमदार वापसी, AI को लेकर डर कम होने से Nifty IT इंडेक्स 2.8% उछला

एक्सपर्ट की नजर: ये Power Stocks बन सकते हैं स्टार

रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले समय में पावर सेक्टर मजबूत रह सकता है। ब्रोकरेज ने जेएसडब्ल्यू एनर्जी और अदाणी पावर को अपनी टॉप पसंद बताया है, जहां मजबूत ग्रोथ की उम्मीद है।

डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।

First Published : March 19, 2026 | 9:24 AM IST