Representational Image
नए वित्त वर्ष की शुरुआत लाइफ इंश्योरेंस कंपनियों के लिए काफी अच्छी रही है। अप्रैल 2026 में बीमा कंपनियों के कारोबार में जोरदार तेजी देखने को मिली। सरकारी बीमा कंपनी LIC के साथ-साथ प्राइवेट कंपनियों का प्रदर्शन मजबूत रहा। ब्रोकरेज फर्म एंटीक स्टॉक ब्रोकिंग ने बीमा सेक्टर पर अपनी रिपोर्ट में कहा कि मार्च के आखिर में पश्चिम एशिया तनाव और वैश्विक अनिश्चितता की वजह से लोगों का खर्च और निवेश थोड़ा धीमा पड़ गया था। लेकिन अप्रैल में माहौल सामान्य होते ही बीमा पॉलिसियों की मांग फिर से बढ़ गई। इसका फायदा सीधे बीमा कंपनियों को मिला।
इंडस्ट्री का रिटेल APE यानी नए प्रीमियम से होने वाला कारोबार करीब 21 फीसदी बढ़ा। प्राइवेट कंपनियों का कारोबार लगभग 22 फीसदी बढ़ा, जबकि LIC ने भी करीब 19 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की।
LIC ने अप्रैल में अच्छा प्रदर्शन किया। कंपनी का रिटेल APE करीब 19 फीसदी बढ़कर 22 अरब रुपये पहुंच गया। हालांकि प्राइवेट कंपनियों की तेजी से बढ़ती हिस्सेदारी की वजह से बाजार में LIC का हिस्सा थोड़ा घटा है।
अप्रैल में प्राइवेट बीमा कंपनियों ने ज्यादा तेज ग्रोथ दिखाई। इसी वजह से उनकी बाजार हिस्सेदारी बढ़कर करीब 67 फीसदी तक पहुंच गई। पूरे सेक्टर का कुल कारोबार करीब 28 फीसदी बढ़ा। ग्रुप बिजनेस में भी जबरदस्त तेजी देखने को मिली। कंपनियों को कॉर्पोरेट और ग्रुप पॉलिसियों से अच्छा बिजनेस मिला।
प्राइवेट कंपनियों में ICICI Prudential Life की ग्रोथ सबसे ज्यादा रही। कंपनी का रिटेल कारोबार करीब 25 फीसदी बढ़ा। HDFC Life ने भी शानदार प्रदर्शन किया। कंपनी का रिटेल APE करीब 24 फीसदी बढ़ा। वहीं Max Financial का कारोबार करीब 21 फीसदी और SBI Life का करीब 18 फीसदी बढ़ा। Canara HSBC Life की ग्रोथ बाकी बड़ी कंपनियों के मुकाबले थोड़ी कम रही, लेकिन कंपनी का बिजनेस फिर भी बढ़ा है।
एंटीक ब्रोकिंग का कहना है कि बाजार का नजरिया अभी भी काफी पॉजिटिव बना हुआ है। लोगों में बीमा को लेकर जागरूकता बढ़ रही है और कंपनियां नए प्रोडक्ट्स भी तेजी से लॉन्च कर रही हैं। इसके अलावा डिजिटल प्लेटफॉर्म और बैंक चैनलों के जरिए भी कंपनियों को अच्छा बिजनेस मिल रहा है। यही वजह है कि आने वाले समय में भी प्राइवेट बीमा कंपनियों की ग्रोथ मजबूत रहने की उम्मीद जताई जा रही है। ब्रोकरेज का मानना है कि Max Financial और Canara HSBC Life जैसे शेयर आगे अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं।
(डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।)