बाजार

Radico Khaitan का शेयर रिकॉर्ड हाई के करीब, जानिए क्यों ब्रोकरेज को दिख रही आगे और तेजी

Magic Moments बनाने वाली Radico Khaitan पर ब्रोकरेज बुलिश, शेयर में 6% तेजी; FY27 में बड़ी ग्रोथ का भरोसा

Published by
दीपक कोरगांवकर   
Last Updated- May 19, 2026 | 3:46 PM IST

Radico Khaitan Share Price: शराब बनाने वाली कंपनी रैडिको खेतान के शेयरों में मंगलवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। कंपनी का शेयर कारोबार के दौरान करीब 6 फीसदी चढ़कर 3,676 रुपये तक पहुंच गया। मजबूत बिजनेस ग्रोथ और आने वाले समय में बेहतर कमाई की उम्मीद से निवेशकों ने शेयर में जमकर खरीदारी की।

दिलचस्प बात ये है कि कंपनी का शेयर अब अपने 52 हफ्तों के सबसे ऊंचे स्तर के बेहद करीब पहुंच गया है। मार्च 2026 में जहां शेयर 2,500 रुपये के आसपास आ गया था, वहीं वहां से अब तक इसमें करीब 47 फीसदी की शानदार रिकवरी देखने को मिली है।

प्रीमियम शराब पर बड़ा दांव

रैडिको खेतान देश की बड़ी शराब कंपनियों में गिनी जाती है। कंपनी के पास Rampur Single Malt, Magic Moments Vodka, 8PM Whisky और Contessa Rum जैसे कई लोकप्रिय ब्रांड हैं। अब कंपनी का पूरा फोकस प्रीमियम और महंगी शराब वाले सेगमेंट पर है। कंपनी मानती है कि आने वाले सालों में सबसे ज्यादा ग्रोथ इसी कैटेगरी से मिलने वाली है।

Radico Khaitan कंपनी को आगे भी तेजी की उम्मीद

कंपनी मैनेजमेंट का कहना है कि FY27 में उसके प्रीमियम पोर्टफोलियो की बिक्री करीब 20 फीसदी तक बढ़ सकती है। वहीं लग्जरी ब्रांड्स की ग्रोथ 25 फीसदी तक रहने की उम्मीद है। कंपनी को भरोसा है कि बेहतर प्रोडक्ट मिक्स, कम लागत और बढ़ते बिजनेस स्केल का फायदा आगे भी मिलता रहेगा। इसी वजह से कंपनी ने मुनाफे के मार्जिन में भी सुधार की उम्मीद जताई है। हालांकि कंपनी ने ये भी कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव पर नजर रखी जा रही है, क्योंकि वहां हालात बिगड़ने पर कच्चे माल और सप्लाई चेन पर असर पड़ सकता है।

मार्च तिमाही में शानदार प्रदर्शन

जनवरी से मार्च 2026 तिमाही कंपनी के लिए काफी मजबूत रही। इस दौरान कंपनी की कुल IMFL बिक्री बढ़ी और प्रीमियम कैटेगरी में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। कंपनी ने बताया कि उसके प्रीमियम ब्रांड्स की मांग लगातार बढ़ रही है और ग्राहक अब महंगे ब्रांड्स की तरफ ज्यादा रुख कर रहे हैं। हालांकि कुछ राज्यों में पॉलिसी बदलाव की वजह से रेगुलर कैटेगरी के कारोबार पर थोड़ा असर जरूर पड़ा।

Radico Khaitan Share: ब्रोकरेज भी बुलिश

जेएम फाइनेंशियल ने कंपनी पर ‘Buy’ रेटिंग बरकरार रखी है और शेयर का टारगेट बढ़ाकर 3,945 रुपये कर दिया है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी को खास फायदा उसके Magic Moments जैसे ब्रांड्स से मिल रहा है, जिनकी डिमांड तेजी से बढ़ रही है। विश्लेषकों का मानना है कि कंपनी का मुनाफा लगातार सुधर रहा है, कर्ज घट रहा है और आने वाले समय में बैलेंस शीट और मजबूत हो सकती है। कंपनी FY27 की पहली छमाही तक खुद को कर्ज मुक्त बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही है।

(डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।)

First Published : May 19, 2026 | 2:26 PM IST