बाजार

वैश्विक स्तर पर ABB के ऑर्डर में कमी, भारतीय कंपनी के शेयर पर चोट

मार्च तिमाही में एबीबी (ग्लोबल) के नए ऑर्डर में 4 फीसदी की गिरावट आई और कैलेंडर वर्ष 2024 में कंपनी ने राजस्व में 5 फीसदी की वृद्धि का अनुमान जताया है।

Published by
बीएस संवाददाता   
Last Updated- April 18, 2024 | 9:49 PM IST

मार्च तिमाही में एबीबी (ग्लोबल) के नए ऑर्डर में 4 फीसदी की गिरावट आई और कैलेंडर वर्ष 2024 में कंपनी ने राजस्व में 5 फीसदी की वृद्धि का अनुमान जताया है। मूल कंपनी के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया करते हुए भारत में सूचीबद्ध इकाई एबीबी इंडिया का शेयर गुरुवार को 4 फीसदी से ज्यादा टूट गया। यह 4.21 फीसदी की गिरावट के साथ 6,367.20 रुपये पर बंद हुआ। एबीबी इंडिया ने अभी मार्च तिमाही के नतीजे घोषित नहीं किए हैं।

एबीबी के मुख्य कार्याधिकारी बोर्न रोसेनजर्न ने अपनी टिप्पणी में कहा कि अनुमान के मुताबिक पिछले साल की रिकॉर्ड ऊंचाई से हमारे ऑर्डर घटे हैं। हालांकि यह गिरावट 5 फीसदी तक सीमित रही है। तिमाही में एबीबी के पास नया ऑर्डर 897.4 करोड़ डॉलर के आए जिनमें एशिया, पश्चिम एशिया और अफ्रीका की हिस्सेदारी 277.2 करोड़ डॉलर की रही और कुल मिलाकर एक साल पहले के मुकाबले यह सपाट रही।

कंपनी ने अपने वित्तीय बयान में एशिया, पश्चिम एशिया और अफ्रीकी क्षेत्रों के ऑर्डर में 4 फीसदी तक की गिरावट बताई है जबकि भारत, जापान और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में हुई प्रगति ने चीन में आई तेज गिरावट की भरपाई कर दी।

First Published : April 18, 2024 | 9:49 PM IST