बाजार

शेयर बाजार में निवेश करने वालों को राहत, SEBI ने नॉमिनी ऐड करने की डेडलाइन बढ़ाई

कारोबारी सुगमता के लिहाज से ट्रेडिंग खातों के लिए नामांकन का विकल्प स्वैच्छिक बना दिया गया है।

Published by
भाषा   
Last Updated- September 26, 2023 | 7:35 PM IST

पूंजी बाजार नियामक सेबी (SEBI) ने मंगलवार को मौजूदा डीमैट खाताधारकों (Demat Account) के लिए नामित व्यक्तियों को जोड़ने की समयसीमा दिसंबर के अंत तक बढ़ाने की घोषणा की। निवेशक एक घोषणा पत्र के जरिए किसी को नामित नहीं करने का विकल्प भी चुन सकते हैं।

SEBI ने तीन महीने आगे बढ़ाई डेडलाइन

कारोबारी सुगमता के लिहाज से ट्रेडिंग खातों के लिए नामांकन का विकल्प स्वैच्छिक बना दिया गया है। इससे पहले नामित व्यक्तियों को जोड़ने की समयसीमा 30 सितंबर थी। इस तरह इसे तीन महीने के लिए बढ़ाया गया है। सेबी के इस कदम का मकसद निवेशकों की संपत्ति सुरक्षित करने और उनके कानूनी उत्तराधिकारियों को यह संपत्ति सौंपने में उनकी मदद करना है।

भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने एक परिपत्र में कहा, ”डीमैट खातों के संबंध में नामांकन की पसंद का ब्योरा जमा करने की अंतिम तारीख को 31 दिसंबर, 2023 तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।” इसके अलावा बाजार नियामक ने भौतिक प्रतिभूतिधारकों को पैन, नामांकन, संपर्क विवरण, बैंक खाता विवरण और उनके संबंधित फोलियो नंबरों के लिए नमूना हस्ताक्षर जमा करने को 31 दिसंबर तक समय दिया है।

First Published : September 26, 2023 | 7:26 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)