बाजार

तेल की बढ़ती कीमतों की वजह से Reliance से BPCL तक, इन 8 स्टॉक्स पर BUY रेटिंग, जानिए टारगेट

ऊंचे क्रूड ऑयल दाम और मजबूत मार्जिन से सेक्टर में तेजी, कई शेयरों में दिख रहा बड़ा अपसाइड

Published by
देवव्रत वाजपेयी   
Last Updated- April 07, 2026 | 11:39 AM IST

Oil and Gas stocks: दुनिया में कच्चे तेल की कीमतें उफान पर हैं, पश्चिम एशिया में तनाव है और सप्लाई की चिंता हर दिन नई सुर्खियां बना रही है। ऐसे माहौल में तेल-गैस सेक्टर की तस्वीर भी पूरी तरह बदलती दिख रही है। नोमुरा की रिपोर्ट बताती है कि इस बार मार्च तिमाही किसी के लिए मौका बन रही है, तो किसी के लिए मुश्किल। यानी एक ही सेक्टर में कुछ कंपनियां चमक रही हैं, तो कुछ दबाव में कराह रही हैं।

देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज इस बार थोड़ी सुस्त चाल में दिख सकती है। ऑयल टू केमिकल्स और रिटेल बिजनेस में कमजोरी का असर साफ दिख रहा है। मुनाफे में हल्की गिरावट की आशंका है। लेकिन कहानी पूरी तरह कमजोर नहीं है, क्योंकि जियो लगातार कंपनी को संभाल रहा है। ग्राहकों की संख्या बढ़ रही है और प्रति ग्राहक कमाई भी ऊपर जा रही है।

पेट्रोल-डीजल बेचने वालों पर मार, मुनाफा हुआ कमजोर

अब बात उन कंपनियों की, जो आम लोगों तक पेट्रोल-डीजल पहुंचाती हैं। HPCL, BPCL और IOCL जैसी कंपनियां इस तिमाही में सबसे ज्यादा दबाव में हैं। कारण साफ है, पेट्रोल-डीजल और गैस बेचने में नुकसान हो रहा है। लागत बढ़ी है, लेकिन कीमतें उसी हिसाब से नहीं बढ़ पाईं। हालांकि रिफाइनिंग से कुछ फायदा हुआ और स्टॉक से भी कमाई हुई, लेकिन यह राहत इतनी नहीं कि पूरा नुकसान भर सके। नतीजा, कमाई पर सीधा असर।

जहां एक तरफ कुछ कंपनियां परेशान हैं, वहीं तेल निकालने वाली कंपनियों के लिए यह समय सोने जैसा है। ONGC और OIL जैसी कंपनियां ऊंचे तेल दाम का पूरा फायदा उठा रही हैं। इनकी कमाई में जोरदार उछाल देखने को मिल सकता है। भले ही उत्पादन में ज्यादा बढ़ोतरी न हो, लेकिन ऊंची कीमतें ही इनके लिए बड़ा गेम चेंजर बन गई हैं। यही वजह है कि इस तिमाही में असली चमक इन्हीं कंपनियों में दिख रही है।

यह पढ़ें: 3 साल के हाई पर स्टील कीमतें, TATA Steel समेत इन 3 दिग्गज शेयरों पर ग्लोबल ब्रोकरेज की BUY की सलाह

गैस कंपनियां फंसी दो तरफा दबाव में

गैस सेक्टर की कहानी थोड़ी मुश्किल है। GAIL, IGL और MGL जैसी कंपनियां लागत बढ़ने और मांग में सीमित बढ़ोतरी के बीच फंसी हुई हैं। मार्जिन पर दबाव है और कमाई में गिरावट का अंदेशा है। खासकर गुजरात गैस की हालत ज्यादा कमजोर दिख रही है, जहां वॉल्यूम भी घटा है और लागत भी बढ़ी है। यानी यहां दोहरा झटका लगा है।

सप्लाई का डर, लेकिन अभी राहत

पश्चिम एशिया के हालात को देखते हुए गैस सप्लाई को लेकर डर जरूर है। लेकिन फिलहाल कंपनियों के पास इतना स्टॉक है कि काम चलता रहे। सरकार ने भी एलपीजी सप्लाई बढ़ाकर हालात संभालने की कोशिश की है। हालांकि अगर तनाव और बढ़ा, तो यही सप्लाई बड़ा संकट बन सकती है।

यह पढ़ें: Consumption stocks: Q4 में चमकेंगे ये 18 शेयर? ब्रोकरेज ने BUY रेटिंग के साथ ₹42,500 तक के दिए टारगेट

Oil and Gas Stocks: ब्रोकरेज रेटिंग और टारगेट प्राइस

ब्रोकरेज ने रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम जैसे बड़े नामों पर भरोसा जताया है। इन कंपनियों के मौजूदा भाव के मुकाबले टारगेट प्राइस काफी ऊपर दिए गए हैं, जिससे इन शेयरों में अपसाइड की उम्मीद बनती है। इसके अलावा गेल, पेट्रोनेट एलएनजी, इंद्रप्रस्थ गैस और महानगर गैस जैसी गैस कंपनियों पर भी BUY रेटिंग बरकरार रखी गई है। यानी गैस सेक्टर में दबाव के बावजूद लॉन्ग टर्म में संभावनाएं खत्म नहीं हुई हैं। दूसरी तरफ ONGC और ऑयल इंडिया जैसे अपस्ट्रीम खिलाड़ियों पर न्यूट्रल रुख रखा गया है। वजह साफ है, कच्चे तेल के ऊंचे दाम से फायदा जरूर मिल रहा है, लेकिन मौजूदा कीमतों पर ज्यादा तेजी की गुंजाइश सीमित मानी जा रही है।

कंपनी का नाम रेटिंग मौजूदा भाव (रुपये) टारगेट प्राइस (रुपये)
रिलायंस इंडस्ट्रीज Buy 1351 1700
ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन Neutral 287 260
ऑयल इंडिया Neutral 480 470
इंडियन ऑयल कॉर्प Buy 134 190
हिंदुस्तान पेट्रोलियम Buy 326 550
भारत पेट्रोलियम Buy 278 460
गेल इंडिया Buy 142 185
पेट्रोनेट एलएनजी Buy 255 340
इंद्रप्रस्थ गैस Buy 146 225
महानगर गैस Buy 953 1505

(डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।)

First Published : April 7, 2026 | 11:39 AM IST