बाजार

Rupee vs Dollar: डॉलर की तुलना में रुपया 36 पैसे गिरकर 82.87 पर बंद

Published by
प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया
Last Updated- December 13, 2022 | 6:23 PM IST

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया मंगलवार को 36 पैसे की गिरावट के साथ 82.87 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

पूंजी बाजार से विदेशी संस्थागत निवेशकों की निकासी जारी रहने के कारण रुपये की विनियम दर में गिरावट आई। बाजार सूत्रों ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर के संदर्भ में फैसला आने से पहले जोखिम से बचने की धारणा से रुपया प्रभावित हुआ।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 82.63 के स्तर पर नीचे खुला और कारोबार के अंत में यह 36 पैसे की गिरावट के साथ 82.87 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान रुपये ने 82.60 के उच्चस्तर और 82.87 के निचले स्तर को छुआ। इससे पिछले कारोबारी सत्र में रुपया 82.51 प्रति डॉलर के भाव पर बंद हुआ था।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.15 प्रतिशत घटकर 104.98 रह गया। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 1.73 प्रतिशत बढ़कर 79.32 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 402.73 अंक बढ़कर 62,533.30 अंक पर बंद हुआ। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने सोमवार को 138.81 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

First Published : December 13, 2022 | 6:23 PM IST