बाजार

Rupee Vs Dollar: शुरुआती कारोबार में 8 पैसे टूटा रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.21 पर पहुंचा

सोमवार को रुपया 83.13 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था

Published by
भाषा   
Last Updated- September 26, 2023 | 11:08 AM IST

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपये में गिरावट का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। शुरुआती कारोबार में रुपया आठ पैसे की गिरावट के साथ 83.21 प्रति डॉलर पर आ गया।

अमेरिकी मुद्रा में मजबूती के साथ ही विदेशी कोषों की शेयर बाजार में बिकवाली से रुपये की धारणा प्रभावित हुई। विदेश मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि शेयर बाजारों के नकारात्मक रुख और कच्चे तेल की कीमतें चढ़ने से रुपये में गिरावट आई।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.19 प्रति डॉलर पर खुला और फिर 83.23 प्रति डॉलर के निचले स्तर पर आ गया। बाद में यह 83.21 पर कारोबार कर रहा था। यह पिछले बंद भाव से आठ पैसे की गिरावट है।

सोमवार को रुपया 83.13 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत बढ़कर 106.07 पर पहुंच गया।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 92.87 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर कारोबार कर रहा था।

First Published : September 26, 2023 | 11:08 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)