बाजार

Rupee vs Dollar: शुरुआती कारोबार में रुपया तीन पैसे बढ़कर 82.40 प्रति डॉलर पर

छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.20 फीसदी गिरकर 103.44 पर आ गया।

Published by
भाषा   
Last Updated- June 13, 2023 | 10:41 AM IST

व्यापक आर्थिक आंकड़ों के सकारात्मक रहने और घरेलू शेयर बाजारों में तेजी के बीच रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले तीन पैसे की तेजी के साथ 82.40 के स्तर पर पहुंच गया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 82.42 पर खुला और फिर अपने पिछले बंद भाव से तीन पैसे की बढ़त के साथ 82.40 पर पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 82.46 के निचले स्तर पर पहुंच गया था। हालांकि, यहां से भारतीय मुद्रा से वापसी की। रुपया सोमवार को डॉलर के मुकाबले 82.43 पर बंद हुआ था।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.20 फीसदी गिरकर 103.44 पर आ गया। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.71 फीसदी बढ़कर 72.35 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने सोमवार को शुद्ध रूप से 626.62 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

First Published : June 13, 2023 | 10:41 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)