बाजार

मजबूत नतीजों के बाद चमका Samvardhana Motherson का शेयर, ब्रोकरेज को 29% तक रिटर्न की उम्मीद

मार्च तिमाही में कंपनी की कुल आय सालाना आधार पर 17 प्रतिशत बढ़कर 343.1 अरब रुपये पहुंच गई। कंपनी का ऑपरेटिंग मुनाफा यानी EBITDA 43 प्रतिशत उछल गया

Published by
देवव्रत वाजपेयी   
Last Updated- May 21, 2026 | 3:31 PM IST

Samvardhana Motherson Share Price: ऑटो पार्ट्स बनाने वाली बड़ी कंपनी संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल यानी SAMIL ने मार्च तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी की कमाई, मुनाफा और मार्जिन तीनों में मजबूत बढ़त देखने को मिली है। यही वजह है कि तिमाही नतीजों के बाद शेयर में जोरदार तेजी आई और कई बड़े ब्रोकरेज हाउसेज ने भी कंपनी पर अपना भरोसा बढ़ाया है। गुरुवार को कंपनी का शेयर करीब 4 प्रतिशत चढ़कर 137 रुपये के आसपास पहुंच गया।

कंपनी के नतीजों की खास बात यह रही कि सिर्फ ऑटो बिजनेस ही नहीं, बल्कि नए कारोबारों से भी कंपनी को अच्छा फायदा मिला। कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, एयरोस्पेस और दूसरे इमर्जिंग बिजनेस अब धीरे-धीरे कंपनी की ग्रोथ के बड़े इंजन बनते दिख रहे हैं। यही वजह है कि ब्रोकरेज हाउसेज को लग रहा है कि आने वाले कुछ सालों में कंपनी की कमाई और तेजी से बढ़ सकती है।

मार्च तिमाही में कंपनी ने दिखाया दम

मार्च तिमाही में कंपनी की कुल आय सालाना आधार पर 17 प्रतिशत बढ़कर 343.1 अरब रुपये पहुंच गई। कंपनी का ऑपरेटिंग मुनाफा यानी EBITDA 43 प्रतिशत उछल गया। वहीं EBITDA मार्जिन बढ़कर करीब 11 प्रतिशत पहुंच गया, जो पिछले मुकाबले काफी बेहतर है। कंपनी को सबसे ज्यादा फायदा वायरिंग हार्नेस, विजन सिस्टम, इंटीग्रेटेड असेंबली और इमर्जिंग बिजनेस से मिला। इमर्जिंग बिजनेस में तो मार्जिन काफी तेजी से सुधरा है। कंपनी का एडजस्टेड PAT यानी शुद्ध मुनाफा भी उम्मीद से बेहतर रहा। यह करीब 55 प्रतिशत बढ़कर 16.3 अरब रुपये पहुंच गया। कई ब्रोकरेज हाउसेज का कहना है कि कंपनी का प्रदर्शन उनकी उम्मीदों से काफी बेहतर रहा है।

नए कारोबार अब बनेंगे सबसे बड़े ग्रोथ ड्राइवर

SAMIL अब केवल ऑटो सेक्टर पर निर्भर नहीं रहना चाहती। कंपनी तेजी से अपने नॉन-ऑटो कारोबार को बढ़ा रही है। खासकर कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स बिजनेस पर कंपनी बड़ा दांव लगा रही है। कंपनी का तीसरा मदर प्लांट FY27 की तीसरी तिमाही से शुरू होने वाला है। इसके अलावा छोटे नए प्लांट्स में भी आने वाले समय में उत्पादन तेजी से बढ़ने की उम्मीद है। एयरोस्पेस बिजनेस में भी लगातार नए ऑर्डर मिल रहे हैं। कंपनी ने बताया कि इस कारोबार की ऑर्डर बुक FY26 में करीब 20 प्रतिशत बढ़ी है। अब कंपनी सेमीकंडक्टर सेक्टर में भी अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी कर रही है।

Also Read | BPCL पर किसी ने दिया 265 रुपये तो किसी ने 350 रुपये का टारगेट, आखिर क्या करें निवेशक?

अधिग्रहण से भी मिलेगा बड़ा फायदा

ब्रोकरेज हाउसेज का मानना है कि हाल में किए गए अधिग्रहण भी कंपनी की ग्रोथ को मजबूत करेंगे। कंपनी ने Atsumitec और Nexans जैसी कंपनियों का अधिग्रहण किया है, जिनसे आने वाले समय में बिजनेस बढ़ने की उम्मीद है। इसके अलावा कंपनी का बिजनेस मॉडल काफी विविध है। कंपनी अलग-अलग देशों, अलग-अलग ग्राहकों और कई तरह के प्रोडक्ट्स के साथ काम करती है। यही वजह है कि ग्लोबल अनिश्चितताओं के बावजूद कंपनी खुद को बेहतर तरीके से संभाल पा रही है।

ICICI सिक्योरिटीज ने दिया सबसे बड़ा टारगेट

ICICI सिक्योरिटीज ने SAMIL पर BUY रेटिंग बरकरार रखी है और टारगेट प्राइस 145 रुपये से बढ़ाकर 170 रुपये कर दिया है। मौजूदा कीमत के मुकाबले यह करीब 29 प्रतिशत संभावित तेजी दिखाता है। ब्रोकरेज का कहना है कि ग्लोबल ऑटो कंपनियों के नए मॉडल लॉन्च होने से कंपनी को फायदा मिलेगा। साथ ही नॉन-ऑटो कारोबार तेजी से बढ़ने की वजह से कंपनी की कमाई और मार्जिन दोनों मजबूत हो सकते हैं।

Emkay को दिख रही लंबी ग्रोथ स्टोरी

Emkay Global ने भी शेयर पर BUY रेटिंग बरकरार रखी है और टारगेट प्राइस बढ़ाकर 150 रुपये कर दिया है। ब्रोकरेज का मानना है कि FY27 में कंपनी की ग्रोथ काफी मजबूत रह सकती है। ब्रोकरेज के मुताबिक कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स बिजनेस का तेजी से विस्तार, यूरोप में मार्जिन सुधार और नए ऑर्डर कंपनी के लिए बड़े पॉजिटिव फैक्टर हैं।

मोतीलाल ओसवाल और नुवामा भी काफी पॉजिटिव

मोतीलाल ओसवाल ने शेयर पर BUY रेटिंग रखते हुए टारगेट प्राइस 160 रुपये कर दिया है। मौजूदा स्तर से यह करीब 21 प्रतिशत संभावित बढ़त दिखाता है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी लगातार ग्लोबल ऑटो इंडस्ट्री से बेहतर प्रदर्शन कर रही है और इलेक्ट्रिक व्हीकल्स तथा प्रीमियम गाड़ियों की बढ़ती मांग से कंपनी को बड़ा फायदा मिल सकता है।

वहीं नुवामा ने भी BUY रेटिंग बरकरार रखी है और टारगेट प्राइस बढ़ाकर 155 रुपये कर दिया है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी की ऑर्डर बुक लगातार मजबूत हो रही है और आने वाले वर्षों में कमाई में तेज ग्रोथ देखने को मिल सकती है।

(डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।)

First Published : May 21, 2026 | 3:31 PM IST