शेयर बाजार

₹2 के शेयर वाली कंपनी की बदलेगी किस्मत! अदाणी को ₹57,000 करोड़ कर्ज वाली कंपनी खरीदने की मिली मंजूरी

कंपनी को भारी कर्ज के चलते दिवालिया प्रक्रिया में डाला गया था। अब अदाणी समूह की एंट्री से कंपनी के दोबारा पटरी पर आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Published by
जतिन भूटानी   
Last Updated- March 17, 2026 | 6:03 PM IST

अदाणी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) ने बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि नैशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) ने जयप्रकाश एसोसिएट्स के लिए उसके समाधान योजना को मंजूरी दे दी है। यह कर्ज में डूबी इस कंपनी की दिवालिया प्रक्रिया में एक अहम मोड़ माना जा रहा है, जिससे कंपनी की हालत सुधरने की उम्मीद जगी है।

कंपनी ने मंगलवार को बाजार बंद होने के बाद दी जानकारी में बताया कि यह मंजूरी 17 मार्च 2026 को मौखिक आदेश के जरिए दी गई है। विस्तृत जानकारी लिखित आदेश आने के बाद साझा की जाएगी।

गौरतलब है कि अदाणी एंटरप्राइजेज को पहले ही सफल बोलीदाता चुना जा चुका था। नवंबर 2025 में कर्जदाताओं की समिति ने इसकी योजना को मंजूरी दे दी थी। कंपनी ने कहा है कि इस योजना को वह खुद, अपनी समूह कंपनियों या विशेष उद्देश्य वाली इकाइयों के जरिए लागू कर सकती है।

हालांकि, इस डील में मौजूदा शेयरधारकों को कोई राहत नहीं मिलेगी। जयप्रकाश एसोसिएट्स ने साफ किया है कि कंपनी की संपत्ति का मूल्य इतना नहीं है कि कर्जदाताओं का पूरा पैसा चुकाया जा सके। ऐसे में शेयरधारकों के लिए बाहर निकलने की कीमत शून्य तय की गई है।

जयप्रकाश एसोसिएट्स, जो जयपी समूह की प्रमुख कंपनी है, पर करीब 57,000 करोड़ रुपये का भारी कर्ज है। इसके प्रमुख कर्जदाताओं में राष्ट्रीय परिसंपत्ति पुनर्निर्माण कंपनी भी शामिल है। कंपनी को जून 2024 में दिवालिया प्रक्रिया में शामिल किया गया था।

Also Read | अदाणी एंटरप्राइजेज खरीदेगी जयप्रकाश एसोसिएट्स, एनसीएलटी से मिल गई मंजूरी

अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयर मंगलवार को बीएसई पर मामूली गिरावट के साथ 1,975 रुपये पर बंद हुए। जबकि जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड के शेयर 0.12 रुपये या 4.74 प्रतिशत की गिरावट लेकर 2.41 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुए।

क्या है पूरा मामला?

जयप्रकाश एसोसिएट्स सीमेंट, बिजली, होटल, निर्माण और रियल एस्टेट जैसे कई कारोबार में सक्रिय रही है। भारी कर्ज के चलते इसे दिवालिया प्रक्रिया में डाला गया था। अब अदाणी समूह की एंट्री से कंपनी के दोबारा पटरी पर आने की उम्मीद जताई जा रही है।

First Published : March 17, 2026 | 6:03 PM IST