शेयर बाजार

बाजार में चौतरफा बिकवाली, लेकिन इंडक्शन चूल्हा कंपनियों के शेयर चमके; 14% तक उछले

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कई शहरों में कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई में दिक्कत के कारण इंडक्शन चूल्हों की खरीद अचानक बढ़ गई है।

Published by
जतिन भूटानी   
Last Updated- March 12, 2026 | 11:17 AM IST

शेयर बाजार में भारी गिरावट के बीच इलेक्ट्रिक चूल्हा जैसे घरेलू उपकरण बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में गुरुवार (12 मार्च) को जोरदार तेजी आई है। टीटीके प्रेस्टीज, ईपैक ड्यूरेबल लिमिटेड और स्टोव क्राफ्ट के शेयरों में बीएसई पर दिन के कारोबार में 12 प्रतिशत तक की तेजी देखी गई। जबकि इस दौरान बाजार में भारी बिकवाली रही।

ईपैक ड्यूरेबल लिमिटेड (EPACK Durable) के शेयर 6 प्रतिशत चढ़कर 281 रुपये पर, टीटीके प्रेस्टीज के शेयर बीएसई पर 14 प्रतिशत से ज्यादा चढ़कर 611 रुपये और स्टोव क्राफ्ट (Stove Kraft) के शेयर 12 प्रतिशत चढ़ गए।

क्यों चर्चा में क्यों इलेक्ट्रिक स्टोव कंपनियों के शेयर?

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कई शहरों में कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई में दिक्कत के कारण इंडक्शन चूल्हों की खरीद अचानक बढ़ गई है। क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म जैसे ब्लिंकिट, स्विगी इंस्टामार्ट और जेप्टो पर लोग तेजी से इंडक्शन कुकटॉप खरीद रहे हैं।

इन प्लेटफॉर्मों के मुताबिक इंडक्शन चूल्हों की मांग अचानक बहुत बढ़ गई है। छूट और खास ऑफर के कारण कई मॉडल जल्दी-जल्दी बिक रहे हैं। गैस की जगह विकल्प के तौर पर घर और छोटे होटल-ढाबे इंडक्शन चूल्हों की ओर रुख कर रहे हैं।

Also Read | गिरावट के बाद चमक सकते हैं PSU बैंक शेयर, ब्रोकरेज ने बताया कौन से Bank Stocks पर लगाएं दाव

ब्रोकरेज फर्म आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज के अनुसार, इस रुझान से TTK Prestige, Stove Kraft और Bajaj Electricals जैसी कंपनियों को फायदा हो सकता है, जो इंडक्शन चूल्हे और अन्य घरेलू उपकरण बनाती हैं। इसके अलावा ईपैक ड्यूरेबल और एलिन इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड जैसी कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों को भी ज्यादा ऑर्डर मिल सकते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि ये कंपनियां कई ब्रांडों के लिए उपकरण बनाती हैं।

हालांकि ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि अभी जो मांग बढ़ी है वह घबराहट में की जा रही खरीद की वजह से लगती है। अगर एलपीजी की सप्लाई लंबे समय तक बाधित रहती है या एलपीजी की कीमतें स्थायी रूप से ज्यादा रहती हैं, तब घरेलू उपकरण बनाने वाली कंपनियों की मांग में सच में बड़ा और लंबे समय का फायदा देखने को मिल सकता है।

First Published : March 12, 2026 | 11:03 AM IST