AMC Stocks Rally: एसेट मैनेजमेंट कंपनियों के शेयर मंगलवार को फोकस में रहे और बेहतर बिजनेस आउटलुक के चलते इनमें 5 फीसदी तक की तेजी देखी गई। आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एएमसी (ICICI Pru AMC) और निप्पॉन लाइफ इंडिया एसेट मैनेजमेंट (NAM) के शेयरों में 5-5 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई और इंट्रा-डे ट्रेड में इन्होंने अपने-अपने ऑल-टाइम हाई लेवल को छुआ। वहीं, UTI AMC, HDFC AMC और Canara Robeco AMC के शेयर 1 से 4 फीसदी के दायरे में बढ़े। इसके मुकाबले, BSE सेंसेक्स 0.96 फीसदी की बढ़त लेकर 79,273 अंक पर बंद हुआ। पिछले एक महीने में इन AMC कंपनियों के शेयरों में 18 से 29 फीसदी तक की तेजी आई है। इसके मुकाबले, BSE सेंसेक्स में 8.9 फीसदी की बढ़त दर्ज हुई है।
घरेलू बचत का रुझान अब फिजिकल एसेट्स से हटकर फाइनेंशियल एसेट्स की ओर बढ़ रहा है, जिसका AMCs को बड़ा फायदा मिल रहा है। वैश्विक रुझान भी यही दिखाता है कि जैसे-जैसे किसी देश की प्रति व्यक्ति आय और संपत्ति बढ़ती है, वैसे-वैसे फाइनेंशियल एसेट्स में निवेश बढ़ता है।
विश्लेषक एसेट मैनेजमेंट सेक्टर को लेकर पॉजिटिव हैं, क्योंकि इसमें स्थिर सिस्टेमैटिक निवेश (SIP) और बेहतर यील्ड आउटलुक जैसे मजबूत फैक्टर मौजूद हैं।
बाजार भले ही सुस्त रहा हो, लेकिन सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) में निवेश लगातार मजबूत बना हुआ है। यह सालाना आधार (YoY) पर 15 फीसदी से ज्यादा की दर से बढ़ रहा है। इसके अलावा, सितंबर 2024 से बाजार में खास तेजी न होने के बावजूद, इक्विटी (+हाइब्रिड–आर्बिट्राज) में नेट इनफ्लो स्थिर बना हुआ है। हालांकि, थीमैटिक इनफ्लो काफी हद तक न्यू फंड ऑफर्स (NFOs) से प्रभावित होते हैं।
Also Read: ₹2 लाख नहीं, अब सिर्फ ₹1,000 से शुरू करें सोशल इम्पैक्ट फंड्स में निवेश; SEBI ने खोला SSE का रास्ता
जेएम फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशनल सिक्योरिटीज के विश्लेषकों का मानना है कि AMC सेक्टर की ग्रोथ एक स्ट्रक्चरल ट्रेंड पर आधारित है। इसे उभरती निवेश संस्कृति, फिनटेक प्लेटफॉर्म्स के जरिए बढ़ती पहुंच और ऑफलाइन डिस्ट्रीब्यूशन के विस्तार का फायदा मिला है। इस वजह से AMCs यील्ड में गिरावट के असर को भी संभालने में सफल रहे हैं।
ब्रोकरेज फर्म ने ICICI Prudential AMC पर ‘ADD’ रेटिंग के साथ 3,650 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। वहीं, Canara Robeco AMC पर ‘BUY’ रेटिंग के साथ 325 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है।
ICICI Prudential AMC अपनी बड़ी स्केल, उतार-चढ़ाव वाले बाजार में मार्केट शेयर बढ़ाने और म्युचुअल फंड्स से आगे मजबूत ऑफरिंग के कारण प्रीमियम वैल्यूएशन पर ट्रेड करता है। वहीं, Canara Robeco AMC के पास 90 फीसदी से ज्यादा एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) इक्विटी में है और हाल ही में इसका शेयर अपने IPO प्राइस से नीचे ट्रेड कर रहा था। हालांकि, इक्विटी पर इसका फोकस इसे भारत की बढ़ती निवेश संस्कृति का सबसे अच्छा प्ले बनाता है।
इसके अलावा, विश्लेषकों का मानना है कि सेबी द्वारा एक्सपेंस रेशियो पर दोबारा विचार किए जाने की स्थिति में, Canara Robeco AMC जैसे छोटे AMC अपने बड़े प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले बेहतर स्थिति में हो सकते हैं।
ब्रोकरेज फर्म ने कहा, “लिस्टेड कंपनियों में हम NAM के मुकाबले HDFC AMC को प्राथमिकता देते हैं, क्योंकि इसमें बेहतर आय वृद्धि और समान वैल्यूएशन है। हमने HDFC AMC को ‘BUY’ में अपग्रेड किया है और NAM को ‘ADD’ में डाउनग्रेड किया है। हम मानते हैं कि मैनेजमेंट बदलाव और VRS स्वीकार किए जाने के बाद UTI AMC एक बदलाव के दौर (inflexion point) पर है। हालांकि, हम उम्मीद करते हैं कि इसमें रेटिंग में सुधार धीरे-धीरे होगा, इसलिए हमने 1,050 रुपये के संशोधित टारगेट प्राइस के साथ ‘ADD’ रेटिंग बरकरार रखी है।”
वहीं, HDFC AMC सबसे बड़ी और मुनाफे वाली म्युचुअल फंड कंपनियों में से एक है। मल्टी-चैनल डिस्ट्रीब्यूशन, लंबा परफॉर्मेंस ट्रैक रिकॉर्ड, मजबूत SIP बुक और मजबूत पैरेंट कंपनी के कारण यह म्युचुअल फंड सेक्टर की ग्रोथ स्टोरी में एक स्थिर विकल्प मानी जाती है। ऑपरेशनल स्तर पर भी कंपनी सबसे कुशल खिलाड़ियों में शामिल है और 80 फीसदी से ज्यादा EBITDA मार्जिन हासिल करती है।
ICICI Securities के विश्लेषकों ने इस स्टॉक पर ‘BUY’ रेटिंग बरकरार रखी है और FY28E EPS के 36 गुना वैल्यूएशन के आधार पर 3,200 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है।
Also Read: ICICI Prudential AMC समेत 3 संस्थाओं ने वेंचर कैपिटल विवाद सुलझाया, SEBI को ₹14.35 लाख चुकाए
ICICI Prudential AMC भारत की टॉप एसेट मैनेजमेंट कंपनियों में से एक है, जिसे मजबूत ब्रांड भरोसे और विविध प्रोडक्ट व डिस्ट्रीब्यूशन मिक्स का समर्थन मिला हुआ है। इक्विटी, हाइब्रिड और पैसिव सेगमेंट्स में इसकी पकड़ मजबूत बनी हुई है। साथ ही, SIP और रिटेल निवेशकों का आधार भी लगातार बढ़ रहा है।
मोतीलाल ओसवाल फाइनैंशियल सर्विसेज के विश्लेषकों ने Q3 रिजल्ट अपडेट में कहा कि भले ही निकट अवधि में इक्विटी नेट फ्लो में उतार-चढ़ाव रह सकता है, लेकिन कंपनी स्ट्रक्चरल रूप से मजबूत स्थिति में है। इसे प्रोडक्ट डाइवर्सिफिकेशन, निवेशकों की मजबूत पकड़, फंड परफॉर्मेंस में सुधार और आने वाले नए लॉन्च का सहारा मिल रहा है।
ब्रोकरेज फर्म ने इस स्टॉक पर ‘BUY’ रेटिंग बरकरार रखी है और FY28E कोर EPS के 45 गुना वैल्यूएशन के आधार पर 3,850 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है।