शेयर बाजार

Maruti Suzuki Share: ₹19,000 तक जाएगा? Q4 के बाद 5% उछला, बाजार हिस्सेदारी की चिंताओं के बावजूद ब्रोकरेज पॉजिटिव

Maruti Suzuki Share Target Price: मोतीलाल ओसवाल का अनुमान है कि मारुति सुजुकी वित्त वर्ष 2026 से 2028 के बीच मुनाफे में सालाना 16 प्रतिशत की दर से वृद्धि दर्ज कर सकती है।

Published by
जतिन भूटानी   
Last Updated- April 29, 2026 | 1:52 PM IST

Maruti Suzuki Share Price: मारुति सुजुकी इंडिया के शेयर बुधवार (29 अप्रैल) को 5 प्रतिशत तक उछल गए। कंपनी के शेयरों यह तेजी ब्रोकरेज फर्मों की प्रतिक्रिया के बाद आई है। उनका कहना है कि ऑटो सेक्टर की कंपनी के मार्च तिमाही के नतीजे कुल मिलाकर अनुमान के अनुरूप रहे।

देश की सबसे बड़ी यात्री वाहन निर्माता कंपनी ने इस तिमाही में दो अंकों की राजस्व वृद्धि दर्ज की। हालांकि, मुनाफे पर अन्य आय में तेज गिरावट और अधिक कर भुगतान का असर पड़ा। कच्चे माल की ऊंची लागत ने भी मार्जिन पर दबाव बनाए रखा लेकिन कंपनी ने कीमतों में बढ़ोतरी और लागत नियंत्रण के जरिए इसका कुछ असर कम करने की कोशिश की।

Maruti Suzuki Share पर ब्रोकरेज की राय

HSBC: रेटिंग BUY| टारगेट प्राइस: ₹15,000

एचएसबीसी (HSBC) ने Maruti Suzuki Share पर अपनी ‘BUY’ रेटिंग बरकरार रखी है और 15,000 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। कंपनी के शेयर मंगलवार को 12,891 रुपये पर बंद हुए।

ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी ने अब तक कच्चे माल की महंगाई को अच्छी तरह संभाला है। मारुति का 10 प्रतिशत वॉल्यूम ग्रोथ का अनुमान सकारात्मक है और यह मजबूत मांग का संकेत देता है। साथ ही, वित्त वर्ष 2028 के अनुमानित मुनाफे के आधार पर करीब 20 गुना का वैल्यूएशन उचित नजर आता है। इसमें 8वें वेतन आयोग से संभावित बढ़त का भी सहारा मिल सकता है।

Emkay Global: रेटिंग BUY| टारगेट प्राइस ₹16,200

एमके ग्लोबल ने मारुति पर BUY की सलाह को बरकरार रखा है। ब्रोक्ररज ने स्टॉक पर 16,200 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। यह शेयर ले पिछले बंद भाव 12,891 रुपये से 25 प्रतिशत ज्यादा है।

ब्रोकरेज के अनुसार, कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 में घरेलू यात्री वाहन बिक्री में 10 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य रखा है, जो उद्योग के अनुमानित 5 से 7 प्रतिशत से अधिक है। यह लक्ष्य मजबूत मांग और उपभोक्ता विश्वास के सहारे रखा गया है। जबकि पश्चिम एशिया के तनाव के बावजूद स्थिति स्थिर बनी हुई है। इसका संकेत कंपनी के लगभग 1,90,000 वाहनों के ऑर्डर से मिलता है, जिसमें से करीब 1,30,000 छोटी कारों के हैं।

इसके अलावा, वितरकों के पास सीमित स्टॉक, जो वित्त वर्ष 2026 के अंत में लगभग 12 दिनों का था, भी मांग की मजबूती को दर्शाता है। साथ ही, कंपनी दो नए संयंत्रों को तेजी से शुरू कर रही है, जिनकी क्षमता प्रत्येक वर्ष 2,50,000 वाहन उत्पादन की है। मजबूत मांग के कारण इन संयंत्रों के शुरू होने से मुनाफे पर ज्यादा दबाव पड़ने की संभावना नहीं है।

यह पढ़ें: एक महीने में ₹580 से ₹818 पर पंहुचा Tata Stock, डिविडेंड की घोषणा पर टिकी नजरें; 4 मई को आएंगे नतीजे

Motilal Oswal: रेटिंग BUY| टारगेट प्राइस ₹15,529

मोतीलाल ओसवाल ने भी मारुति सुजुकी शेयर पर अपनी ‘BUY’ की रेटिंग बरकरार रखी है और 15,529 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। यह वैल्यूएशन वित्त वर्ष 2028 के अनुमानित प्रति शेयर आय के 25 गुना पर आधारित है।

ब्रोकरेज का अनुमान है कि मारुति सुजुकी वित्त वर्ष 2026 से 2028 के बीच मुनाफे में सालाना 16 प्रतिशत की दर से वृद्धि दर्ज कर सकती है। जीएसटी दर में कटौती से छोटी कारों की मांग को बढ़ावा मिला है। अब वाहन कीमत को लेकर संवेदनशील ग्राहकों के लिए अधिक किफायती हो गए हैं। कंपनी के पास इस समय लगभग 1,90,000 वाहनों का मजबूत ऑर्डर लंबित है।

ब्रोकरेज के अनुसार, मजबूत ऑर्डर बुक और नए उत्पादों की बेहतर सीरीज के चलते प्रबंधन को वित्त वर्ष 2027 में घरेलू बिक्री में 10 प्रतिशत वृद्धि की उम्मीद है। इससे बाजार हिस्सेदारी में सुधार और शेयर के वैल्यूएशन में बढ़ोतरी को समर्थन मिल सकता है। साथ ही, मजबूत मांग शॉर्ट टर्म में लागत बढ़ने के दबाव को संतुलित करने में मदद कर सकती है।

Nuvama: रेटिंग BUY| टारगेट प्राइस ₹15,800

नुवामा ने मारुति सुजुकी पर खरीदारी की सलाह को बरकरार रखा है। साथ ही शेयर पर टारगेट प्राइस भी 15,800 रुपये रखा है। यह शेयर के पिछले बंद भाव से 22 फीसदी का अपसाइड दर्शाता है।

ब्रोक्ररज के अनुसार, नए उत्पाद, खेल उपयोगी वाहन और सीएनजी खंड में लगातार बढ़ोतरी, सरकारी कर्मचारियों के लिए वेतन आयोग का लागू होना और निर्यात में बढ़त आगे चलकर आय को सहारा देंगे। कंपनी के उत्पादों की सीरीज वित्त वर्ष 2030 तक बढ़कर 28 मॉडल होने की उम्मीद है, जो वर्तमान में 19 हैं। इसमें सात एसयूवी वाहन समेत अन्य कई मॉडल शामिल होंगे।

इसके अलावा ब्रोकरेज फर्म बैंक ऑफ बड़ौदा कैपिटल ने सबसे अधिक 18,821 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इसके बाद एलारा कैपिटल ने मारुति सुजुकी शेयर पर 18,686 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है।

 

 

 

(डिस्क्लमेर: यहां शेयर में सलाह ब्रोकरेज ने दी है। बाजार में निवेश जो​खिमों के अधीन है। निवेश संबंधी फैसला करने से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

First Published : April 29, 2026 | 1:41 PM IST