Cement Stock To Buy: एशियाई बाजारों में बढ़त के बीच भारतीय शेयर बाजारों में भी मंगलवार (10 मार्च) को मजबूती दिख रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के ईरान में युद्ध पूरा होने के संकेतो से बाजार को राहत मिली है। इसके बाद बैंकिंग और फाइनेंश्यल सर्विसेज जैसे शेयरों में तेजी दिखी जिससे बाजार को सपोर्ट मिला। हालांकि, हालिया गिरावट के बाद निवेशक सतर्क नजर आ रहे हैं। बाजार में इस मूड माहौल के बीच ब्रोकरेज हॉउस सीमेंट सेक्टर की कंपनी अम्बुजा सीमेंट्स (Ambuja Cements) पर बुलिश नजर आ रहे हैं। ब्रोक्रेजीज का कहना है कि कंपनी लगातार वृद्धि का रास्ता अपना रही है। कंपनी की उत्पादन क्षमता बढ़ाने और लागत कम करने की रणनीति स्पष्ट है।
मोतीलाल ओसवाल ने अंबुजा सीमेंट्स पर ‘BUY‘ की सलाह को बरकरार रखा है। ब्रोकरेज ने स्टॉक पर 500 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इस तरह, शेयर 33 प्रतिशत का अपसाइड रिटर्न दे सकता है।
ब्रोकरेज का कहना है कि अतिरिक्त 1.5 करोड़ टन सालाना क्षमता कम लागत वाले सुधार और बाधाएं हटाने जैसे कदमों से हासिल की जा सकती है। मोतीलाल ओसवाल ने यह भी कहा कि एसीसी, ओरिएंट सीमेंट और अंबुजा सीमेंट को मिलाकर एक ही लिस्टेड कंपनी बनाने का प्रस्ताव कंपनी के आकार को बढ़ा सकता है। इससे उत्पादन क्षमता का बेहतर संतुलन होगा और मुनाफे में सुधार होने की संभावना है।
नुवामा ने भी अंबुजा सीमेंट्स पर खरीदारी की सलाह दी है। हालांकि, ब्रोकरेज ने स्टॉक पर टारगेट प्राइस घटाकर 554 रुपये कर दिया है। जबकि पहले यह 709 रुपये था। इस तरह, शेयर 23 प्रतिशत का रिटर्न दे सकता है।
ब्रोकरेज के अनुसार, कंपनी वॉल्यूम से ज्यादा प्राइस पर ध्यान देने की स्ट्रेटेजी अपना रही है। इसके लिए कंपनी खुले बाजार में बिक्री बढ़ाने और बेहतर क्वालिटी वाले सीमेंट पर ज्यादा जोर दे रही है। कंपनी नई फैक्ट्रियां लगाने के बजाय मौजूदा उत्पादन क्षमता का बेहतर इस्तेमाल करके बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाना चाहती है। यानी पहले से मौजूद प्लांट को अधिक क्षमता पर चलाकर बिक्री बढ़ाने की योजना है।
सेंट्रम ब्रोकिंग ने अंबुजा सीमेंट्स पर खरीदारी की सलाह देते हुए 653 रुपये का टारगेट प्राइस सेट किया है। इस तरह, शेयर निवेशकों को 44 प्रतिशत का अपसाइड रिटर्न दे सकता है।
Also Read | ₹14,106 करोड़ का मामला: सहारा की दलील खारिज, SAT ने सेबी की कार्रवाई सही ठहराई
ब्रोकरेज के अनुसार, गुजरात के कच्छ में स्थित सांगहीपुरम प्लांट में सांगही इंडस्ट्रीज के अधिग्रहण के बाद संचालन को स्थिर करने और लागत घटाने का काम लगातार आगे बढ़ रहा है। ब्रोकरेज का कहना है कि अधिग्रहण के बाद उठाए गए कदमों से इस संयंत्र में क्लिंकर की वेरिएबल कॉस्ट पहले ही कम हो गई है। उसने कहा कि आगे चलकर उत्पादन की रुकावटें दूर करने, वेस्ट हीट रिकवरी सिस्टम से एनर्जी बनाने वाली प्रणाली लगाने और परिवहन व्यवस्था को बेहतर करने से और लागत बचत होने की उम्मीद है।
(डिस्क्लमेर: यहां शेयर में सलाह ब्रोकरेज ने दी है। बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है। निवेश संबंधी फैसला करने से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)