शेयर बाजार

सेना के लिए ड्रोन बनाती है ये कंपनी, 2 दिन में 30% उछल गए शेयर; कमजोर बाजार में भी निवेशक हुए मालामाल

डिफेन्स सेक्टर की कंपनी ने मार्च 2025 (Q4FY25) में 25.7 करोड़ रुपये का नेट घाटा दर्ज किया है। जबकि पिछले साल इसी तिमाही में ₹10.3 करोड़ का मुनाफा हुआ था।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- May 09, 2025 | 3:46 PM IST

Defence Stock: वित्त वर्ष 2024-25 की मार्च तिमाही में भारी नुकसान के बावजूद स्मॉलकैप डिफेंस कंपनी आइडियाफोर्ज टेक्नोलॉजी (Ideaforge Technology) के शेयरों में बीते दो ट्रेडिंग सेशन में 29% की तेज़ी दर्ज की गई। शुक्रवार को कमजोर बाजार के बीच कंपनी के शेयर बीएसई पर 20% बढ़कर ₹463.20 तक पहुंच गए। इससे पिछले दिन की तेजी को और विस्तार मिला।

आइडियाफोर्ज टेक्नोलॉजी के शेयर बुधवार को 358.85 रुपये के स्तर से दो दिनों में 29 फीसदी बढ़ा है। इसके अलावा, यह शेयर अपने 7 अप्रैल 2025 को छुए गए 52 वीक के लौ 301 रुपये से 54% की रिकवरी कर चुका है। हालांकि, 12 जुलाई 2024 को शेयर का 52 वीक्स हाई लेवल 864.10 रुपये था।

Also Read | MF Investment: ₹70 लाख करोड़ के पार पहुंची म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री, अप्रैल में निवेश ने बनाया नया रिकॉर्ड

आइडियाफोर्ज टेक्नोलॉजी के शेयर शुक्रवार को 20 फीसदी या 77.20 रुपये उछलकर 463.20 रुपये पर रहे। इसी के साथ शेयरों में अपर सर्किट लग गया। वहीं, दोपहर 3:20 बजे बीएसई सेंसेक्स में 1.10%% की गिरावट थी। इस दौरान कंपनी के शेयरों में ट्रेडिंग वॉल्यूम 10 गुना से ज्यादा बढ़ गया और NSE व BSE पर कुल मिलाकर लगभग 1.1 करोड़ शेयरों का कारोबार हुआ।

कंपनी को Q4 में ₹25.7 करोड़ का घाटा

हालांकि, कंपनी ने मार्च 2025 (Q4FY25) में 25.7 करोड़ रुपये का नेट घाटा दर्ज किया है। जबकि पिछले साल इसी तिमाही में ₹10.3 करोड़ का मुनाफा हुआ था। मार्च तिमाही में कंपनी की आय 80% गिरकर ₹20.3 करोड़ रह गई, जो एक साल पहले ₹102.3 करोड़ थी। ऑर्डर टाइमलाइन में बदलाव और सरकारी खर्च में देरी की वजह से कंपनी को घाटा हुआ है। EBITDA में भी ₹17.41 करोड़ का नुकसान हुआ, जबकि पिछली साल इसी अवधि में ₹20.25 करोड़ का लाभ था।

कंपनी प्रबंधन के अनुसार, वित्त वर्ष 2025 में भारत में ड्रोन इंडस्ट्री को काफी मंदी का सामना करना पड़ा। इसका कारण शुरुआत में आम चुनाव और फिर धीमी सरकारी खरीद प्रक्रिया रही, हालांकि बाज़ार में मांग बनी हुई है।

First Published : May 9, 2025 | 3:31 PM IST