शेयर बाजार

HCL Tech Share को क्या हुआ? Q4 में मुनाफे बढ़ने के बावजूद 9% लुढ़का, एनालिस्ट्स ने बदला नजरिया

HCL Tech Share: ब्रोकरेज ने चौथी तिमाही में कमजोर प्रदर्शन के कारण शेयर की रेटिंग घटा दी और इसके टारगेट प्राइस में भी कटौती की है।

Published by
जतिन भूटानी   
Last Updated- April 22, 2026 | 11:17 AM IST

HCL Tech Share: आईटी सेक्टर की कंपनी एचसीएल टेक के शेयर बुधवार (22 अप्रैल) को बाजार खुलते ही 9 प्रतिशत से ज्यादा लुढ़क गए। आईटी कंपनी के शेयरों में यह मार्च तिमाही के नतीजे पेश करने के चलते देखने को मिल रही है। कंपनी ने मंगलवार को बाजार बंद होने के बाद तिमाही नतीजे जारी किये। इसमें उसने बताया कि 2025-26 की चौथी तिमाही में उसका मुनाफा 4 फीसदी बढ़कर 4,488 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि, मुनाफा बढ़ने के बावजूद कंपनी के शेयरों में भरी गिरावट आई है। ऐसा इसलिए क्योंकि कंपनी ने रेवेन्यू गाइडेंस घटा दिया है।

कंपनी के नतीजों के बाद ब्रोकरेज हाउसेस ने भी एचसीएल टेक स्टॉक (HCL Tech Stock) पर अपनी राय जारी कर दी है। उन्होंने चौथी तिमाही में कमजोर प्रदर्शन के कारण शेयर की रेटिंग घटा दी और इसके टारगेट प्राइस में भी कटौती की है।

HCL Tech Share पर ब्रोकरेज की राय

Nuvama: रेटिंग HOLD| टारगेट प्राइस: ₹1,400

नुवामा ने एचसीएल टेक पर ‘HOLD’ रेटिंग को बरकरार रखा है। लेकिन ब्रोकरेज ने स्टॉक पर अपना टारगेट प्राइस घटाकर 1400 रुपये कर दिया है। पहले यह 1,550 रुपये था। एचसीएल टेक के शेयर मंगलवार को 1441.55 रुपये पर बंद हुए।

नुवामा के अनुसार, वित्त वर्ष 2027 के लिए एचसीएल टेक की कमजोर गाइडेंस अब उसके ग्रोथ अंतर को टीसीएस और इंफोसिस के करीब ले आती है। इससे इन कंपनियों के वैल्यूएशन में भी समानता आने की संभावना है। ब्रोकरेज ने अपने ग्रोथ अनुमान घटा दिए हैं और डॉलर-रुपया दर का अनुमान भी पहले के 88 से बढ़ाकर 93 कर दिया है।

HSBC : रेटिंग HOLD| टारगेट प्राइस: ₹1,480

HSBC ने इस शेयर पर अपनी ‘HOLD’ रेटिंग बरकरार रखी है। लेकिन टारगेट प्राइस को पहले के 1,560 रुपये से घटाकर 1,480 रुपये कर दिया है। ब्रोकरेज का कहना है कि आगे चलकर मुनाफे की वृद्धि और शेयर से मिलने वाला रिटर्न दो अंकों की दर से बढ़ने की संभावना कम है।

Nomura: रेटिंग BUY| टारगेट प्राइस: ₹1,600

नोमुरा ने एचसीएल टेक शेयर पर अपनी ‘BUY’ रेटिंग बरकरार रखी है। हालांकि, टारगेट प्राइस को पहले के 1,700 रुपये से घटाकर 1,600 रुपये कर दिया है। नोमुरा को उम्मीद है कि चालू वित्त वर्ष में मार्जिन सामान्य हो जाएंगे। इसके बावजूद, कम ग्रोथ को ध्यान में रखते हुए ब्रोकरेज ने वित्त वर्ष 2027-28 के लिए प्रति शेयर आय (EPS) के अपने अनुमान में 5 से 7 प्रतिशत की कटौती की है।

Antique Stock Broking: रेटिंग HOLD| टारगेट प्राइस: ₹1,430

एंटिक स्टॉक ब्रोकिंग ने एचसीएल टेक पर ‘HOLD’ की रेटिंग को बरकरार रखा है। ब्रोकरेज ने स्टॉक पर टारगेट प्राइस को 1,460 रुपये से घटाकर 1,430 रुपये कर दिया है।

ब्रोकरेज ने कहा कि एचसीएल टेक ने वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में कमजोर प्रदर्शन किया। कंपनी वित्त वर्ष 2027 के लिए स्थिर मुद्रा (CC) आधार पर 1% से 4% ऑर्गेनिक रेवेन्यू ग्रोथ का अनुमान दे पाई, जो उम्मीद से कम रहा। हालांकि, कंपनी ने EBIT मार्जिन गाइडेंस को 50 बेसिस प्वाइंट बढ़ाकर 17.5% से 18.5% कर दिया है। मैनेजमेंट ने सेवा डिलीवरी और कारोबार की मजबूती पर भरोसा जताया है। यह भरोसा भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं और कमजोर मांग के बावजूद है। यूरोप में कम खर्च और टेलीकॉम सेक्टर की सुस्ती का असर पड़ा है। साथ ही, नॉर्थ अमेरिका में कुछ क्लाइंट-विशेष समस्याएं भी सामने आई हैं। इन सभी कारकों को देखते हुए, हमने वित्त वर्ष 2027 और 2028 के अपने अनुमान में 2-2 प्रतिशत की कटौती की है।

JPMorgan: रेटिंग neutral| टारगेट प्राइस: ₹1,370

जेपी मॉर्गन ने एचसीएल टेक पर neutral रेटिंग दी है। साथ ही टारगेट प्राइस को घटाकर 1,370 रुपये कर दिया है। पहले यह 1,419 रुपये था। ब्रोकरेज ने कहा कि टेलीकॉम सेक्टर की कमजोरी और SAP प्रोजेक्ट्स के रद्द होने का असर नए वित्त वर्ष में भी जारी रह सकता है।

ब्रोकरेज के मुताबिक, कंपनी विदेशी मुद्रा (फॉरेक्स) से हुए मुनाफे को सेल्स और जेनएआई क्षमताओं में निवेश करने की योजना बना रही है। इससे नए वित्त वर्ष में मार्जिन बढ़ने की संभावनाएं सीमित रह सकती हैं।

 

 

 

(डिस्क्लमेर: यहां शेयर में सलाह ब्रोकरेज ने दी है। बाजार में निवेश जो​खिमों के अधीन है। निवेश संबंधी फैसला करने से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

First Published : April 22, 2026 | 11:11 AM IST