HDFC AMC Share Price: एचडीएफसी एसेट मैनेजमेंट कंपनी (AMC) के शेयर शुक्रवार (17 अप्रैल) शुरुआती कारोबार में करीब 5 प्रतिशत तक चढ़कर 2,789 रुपये के इंट्रा-डे हाई पर पहुंच गए। कंपनी के शेयरों में यह तेजी मार्च तिमाही के नतीजों के बाद देखने को मिली है। कंपनी ने गुरुवार को बाजार बंद होने के बाद अपने तिमाही नतीजे जारी किये। एनएसई पर एचडीएफसी एएमसी का शेयर 2789 रुपये के उच्च स्तर तक पहुंच गया। एचडीएफसी एएमसी का कंसोलिडेट नेट मुनाफा वित्त वर्ष 2025-26 की मार्च तिमाही में 2.4 प्रतिशत घटकर 622.66 करोड़ रुपये रह गया।
तिमाही नतीजों के बाद ब्रोकरेज हाउसेस ने स्टॉक पर अपनी राय जारी कर दी है। उनका कहना है कि मजबूत वित्तीय स्थिति, फंड के बेहतर प्रदर्शन और स्थिर एयूएम वृद्धि के दम पर यह म्यूचुअल फंड उद्योग में एक मजबूत कंपनी बनी हुई है।
मोतीलाल ओसवाल ने एचडीएफसी एएमसी पर ‘BUY’ रेटिंग दी है। ब्रोकरेज ने 3,170 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। यह शेयर के पिछले बंद भाव के मुकाबले 19 फीसदी ज्यादा है। कंपनी के शेयर गुरुवार को 2662 रुपये पर बंद हुए।
ब्रोकरेज ने कहा कि एचडीएफसी एएमसी का राजस्व अनुमान के अनुरूप रहा और लाभप्रदता मजबूत बनी रही। चौथी तिमाही में ईबिट्डा पिछले साल के मुकाबले 16 प्रतिशत बढ़कर 850 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में ईबिट्डा में 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
यह पढ़ें: ICICI की इंश्योरेंस कंपनी दे सकती है 26% तक रिटर्न, Q4 नतीजों के बाद ब्रोकरेज ने बताएं टारगेट
ब्रोकरेज ने कहा कि वह वित्त वर्ष 2025-26 से 2027-28 (FY26–FY28) के लिए अपने आय अनुमानों को मोटे तौर पर बरकरार रखे हुए है। इस दौरान कंपनी के राजस्व में 13 प्रतिशत, ईबिट्डा में 14 प्रतिशत, शुद्ध लाभ (PAT) में 15 प्रतिशत और एयूएम में 16 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (CAGR) रहने की उम्मीद है।
ब्रोकरेज के मुताबिक, एचडीएफसी एएमसी अपने मुख्य म्यूचुअल फंड कारोबार से आगे बढ़कर अल्टरनेटिव्स, पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सर्विसेज (PMS) और अंतरराष्ट्रीय पेशकशों में विस्तार कर रही है, जो लंबी अवधि में वृद्धि को सहारा देंगे।
नुवामा ने भी एचडीएफसी एएमसी पर खरीदारी की सलाह दी है। ब्रोकरेज ने स्टॉक पर 3,170 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इस तरह, शेयर पिछले बंद भाव से 19 फीसदी का रिटर्न दे सकता है।
ब्रोकरेज का कहना है कि एचडीएफसी एएमसी ने विभिन्न मानकों पर मजबूत प्रदर्शन जारी रखा है। सक्रिय इक्विटी में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी 13.0 प्रतिशत रही, जो सालाना आधार पर 20 बेसिस प्वाइंट बढ़ी है और तिमाही आधार पर स्थिर रही।
यूनिक व्यक्तिगत निवेशकों में बाजार हिस्सेदारी सालाना आधार पर 300 बेसिस प्वाइंट और तिमाही आधार पर 100 बेसिस प्वाइंट बढ़कर 27 प्रतिशत हो गई।
ब्रोकरेज के अनुसार, प्रबंधन ने बताया कि कंपनी को अपने मौजूदा एयूएम बाजार हिस्सेदारी की तुलना में फ्लो में अधिक हिस्सेदारी मिल रही है। साथ ही, पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सर्विसेज (PMS) और एआईएफ को भविष्य के लिए रणनीतिक ग्रोथ क्षेत्र बताया गया है।
(डिस्क्लमेर: यहां शेयर में सलाह ब्रोकरेज ने दी है। बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है। निवेश संबंधी फैसला करने से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)