शेयर बाजार

चेयरमैन के इस्तीफे से हिला एचडीएफसी बैंक, शेयर 8% लुढ़का; स्टॉक में आगे क्या करें निवेशक?

HDFC Bank Share: बाजार के जानकरों का कहना है कि जब तक स्थिति साफ नहीं होती, बोर्ड और प्रबंधन के बीच तालमेल को लेकर उठे सवालों से शेयर पर दबाव बना रह सकता है।

Published by
जतिन भूटानी   
Last Updated- March 19, 2026 | 2:28 PM IST

HDFC Bank Share Price: देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंक एचडीएफसी बैंक के शेयरों में गुरुवार को (19 मार्च) को भारी गिरावट देखी गई। बैंक के चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती के अचानक इस्तीफे के बाद शेयर एक साल के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए। बाजार के जानकरों का कहना है कि जब तक स्थिति साफ नहीं होती, बोर्ड और प्रबंधन के बीच तालमेल को लेकर उठे सवालों से शेयर पर दबाव बना रह सकता है।

एचडीएफसी बैंक के शेयर शुरुआती कारोबार के दौरान करीब 8.6 प्रतिशत गिरकर 770 रुपये के स्तर तक पहुंच गए। सुबह 9:30 बजे के करीब 5.28 करोड़ शेयरों की खरीद-फरोख्त हुई, जिसकी कुल कीमत 4,200 करोड़ रुपये से ज्यादा रही। इस दौरान निफ्टी 50 करीब 2 प्रतिशत नीचे था, जबकि निफ्टी बैंक में 2.5 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। पिछले एक महीने में यह शेयर 8 प्रतिशत गिर चुका है और साल 2026 में अब तक इसमें 15 प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है।

बैंक प्रबंधन ने क्या कहा?

बैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शशिधर जगदीशन ने कहा कि हर संस्था में छोटे-बड़े मुद्दे होते हैं, लेकिन उन्हें सुलझा लिया जाता है। उन्होंने साफ कहा कि किसी तरह की शक्ति संघर्ष की स्थिति नहीं है।

यह पढ़ें: Cement sector: सीमेंट सेक्टर में आने वाला है उछाल? ब्रोकरेज ने बताया कहां है कमाई का मौका

उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक समय-समय पर जांच करता रहा है और बैंक की स्थिति ठीक है। आगे संगठन के ढांचे की समीक्षा कर उचित समय पर जानकारी दी जाएगी। इस बीच केकी मिस्त्री ने कहा कि बैंक से जुड़ा कोई बड़ा मुद्दा नहीं है और इस्तीफा किसी नियम या कामकाज से जुड़ी चिंता की वजह से नहीं हुआ है।

HDFC Bank Share Price: आगे क्या करें निवेशकों?

जेपी मॉर्गन का मानना है कि अतनु चक्रवर्ती के ‘वैल्यूज और नैतिकता के असंतुलन’ का हवाला देकर इस्तीफे के कारण बोर्ड और प्रबंधन के बीच तालमेल को लेकर चिंता बढ़ी है।

ब्रोकरेज ने कहा, ”हालांकि उन्होंने किसी गलत काम का आरोप नहीं लगाया है, लेकिन नकारात्मक धारणा तब तक शेयर पर दबाव डाल सकती है, जब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो जाती।” जेपी मॉर्गन ने एचडीएफसी बैंक के शेयर पर ‘न्यूट्रल’ रेटिंग दी है और टारगेट प्राइस 1,090 रुपये रखा है।

यह पढ़ें: Power Stocks: गर्मी बढ़ते ही बिजली की मांग में उछाल! ब्रोकरेज ने इन दो स्टॉक्स को बनाया टॉप पिक

इसी तरह की राय रखते हुए एक घरेलू ब्रोकरेज के एक अन्य एनालिस्ट ने नाम नहीं बताने की शर्त पर हा कि नए निवेशकों को तब तक इस शेयर से दूर रहना चाहिए, जब तक स्थिति साफ नहीं हो जाती।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स में सीनियर वाइस प्रेजिडेंट ने कहा कि आने वाले कुछ दिनों में शेयर और नीचे जा सकता है। लेकिन लंबे समय के लिए यह अच्छा निवेश बना हुआ है। उन्होंने कहा, ”एचडीएफसी बैंक का शेयर पहले ही ऊंचे स्तर से काफी गिर चुका है। इसलिए इस स्तर पर बेचने का कोई मतलब नहीं है। बैंक की बुनियादी स्थिति मजबूत बनी हुई है। जिन निवेशकों के पास निवेश के लिए पैसा है, वे इस गिरावट में धीरे-धीरे और खरीदकर औसत कम कर सकते हैं और लंबे समय के नजरिए से इसे बनाए रखें।”

First Published : March 19, 2026 | 11:09 AM IST