शेयर बाजार

M&M: दमदार ग्रोथ पर ब्रोकरेज बुलिश, BUY रेटिंग के साथ दिए 35% तक अपसाइड के टारगेट

M&M Stock: SUV और EV की दमदार ग्रोथ का अनुमान है। हालांकि कमोडिटी महंगाई और सप्लाई चेन चुनौतियां प्रमुख जोखिम बनी हुई हैं।

Published by
आशुतोष ओझा   
Last Updated- May 06, 2026 | 5:07 PM IST

M&M Stock: ऑटोमोबाइल सेक्टर की दिग्गज कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) के चौथी तिमाही (Q4FY26) के नतीजे दमदार रहे। कंपनी का मुनाफा 42 फीसदी और रेवेन्यू 29 फीसदी उछला है। नतीजों के बाद ब्रोकरेज हाउसेस इस हैवीवेट ऑटो स्टॉक पर बुलिश नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि ऑटो और फार्म दोनों सेगमेंट में दमदार ग्रोथ देखने को मिली है। SUV पोर्टफोलियो की लगातार बढ़ती मांग, EV बिजनेस का तेज विस्तार और नए लॉन्च की सफलता ने कंपनी के प्रदर्शन को मजबूती दी। बुधवार (6 मई) को महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर (M&M Share Price) 2.75 फीसदी उछलकर बंद हुआ।

ब्रोकरेज फर्म्स का मानना है कि M&M आने वाले वर्षों में SUV, EV और क्षमता विस्तार के दम पर मजबूत ग्रोथ जारी रख सकती है। हालांकि कमोडिटी महंगाई और सप्लाई चेन चुनौतियां प्रमुख जोखिम बनी हुई हैं। कई ब्रोकरेज ने FY27 और FY28 के EPS अनुमान बढ़ाए हैं। साथ ही स्टॉक पर BUY रेटिंग के साथ 35 फीसदी तक अपसाइड के टारगेट दिए हैं।

Choice Broking: BUY रेटिंग, टारगेट ₹4,450

चॉइस ब्रोकिंग ने स्टॉक पर ‘BUY’ रेटिंग बनाए रखी है। साथ ही FY27/FY28E EPS अनुमान में मामूली संशोधन किया है और ₹4,450 का टारगेट प्राइस बरकरार रखा है। कंपनी का शेयर बुधवार को 3300 रुपये पर बंद हुआ था। इस तरह यह मौजूदा भाव से करीब 35 फीसदी का अपसाइड दिखा सकता है। कंपनी का वैल्यूएशन FY28E EPS के 25x (अपरिवर्तित) और स​ब्सिडियरीज के वैल्यूएशन के आधार पर किया गया है।

ब्रोकरेज का कहना है कि नए लॉन्च और एक्सपेंशन आगे भी ग्रोथ मोमेंटम को मजबूत बनाए रखेंगे। M&M ने Q4FY26 में मजबूत प्रदर्शन किया, जिसे ऑटो और फार्म दोनों सेगमेंट में बेहतर ग्रोथ का समर्थन मिला। यह प्रदर्शन मार्केट शेयर बढ़ने, सफल नए लॉन्च और बेहतर होती प्रॉफि​टेबि​लिटी के कारण संभव हुआ। SUV वॉल्यूम 19.7% YoY बढ़कर लगभग 1.1 मिलियन यूनिट रहा, जबकि FY26 में रेवेन्यू मार्केट शेयर बढ़कर 25.3% (+260 bps) हो गया, जिससे SUV सेगमेंट में M&M की लीडरशिप और मजबूत हुई। मुख्य ग्रोथ ड्राइवर्स में प्रीमियम SUVs की मजबूत मांग, बेहतर प्रोडक्ट मिक्स और नए लॉन्च की लगातार सफलता शामिल है।

ब्रोकरेज के मुताबिक, EV पोर्टफोलियो कंपनी के लिए प्रमुख ग्रोथ इंजन के रूप में उभर रहा है। FY26 में कंपनी ने eSUV रेवेन्यू मार्केट शेयर का लगभग 40% हासिल किया, जबकि करीब 55 हजार यूनिट की बिक्री हुई। दूसरी ओर, फार्म सेगमेंट भी मजबूत ग्रोथ पिलर बना। ट्रैक्टर वॉल्यूम 36% YoY बढ़कर लगभग 526 हजार यूनिट रहा, जबकि Q4FY26 में मार्केट शेयर 43.6% पर पहुंच गया। यह ग्रोथ बेहतर कृषि माहौल, मजबूत ग्रामीण मांग और नए प्रोडक्ट लॉन्च के कारण संभव हुई।

चॉइस का मानना है कि SUV, EV स्केल-अप और क्षमता विस्तार के दम पर कंपनी की ग्रोथ गति आगे भी बनी रहेगी। हालांकि कमोडिटी महंगाई, बढ़ती प्रतिस्पर्धा और मॉनसून पर निर्भर ट्रैक्टर मांग प्रमुख जोखिम बने रहेंगे।

Nuvama: BUY रेटिंग, टारगेट ₹3,800

ब्रोकरेज हाउस नुवामा ने M&M पर ‘BUY’ रेटिंग बरकरार रखी है। टारगेट प्राइस बढ़ाकर ₹3,800 किया है। पहले ₹3,600 था। यह FY28E के 25x कोर EPS और INR580 प्रति शेयर के निवेश वैल्यू (पहले लगभग ₹550) पर आधारित है। फिलहाल यह स्टॉक FY26/27E/28E के कोर PE पर क्रमशः 23x/22x/21x पर ट्रेड कर रहा है।

Also Read | चुनावी नतीजों के बाद मोतीलाल ओसवाल ने चुने 21 दमदार शेयर, कहा- निवेशकों के लिए पॉजिटिव संकेत

नुवामा का कहना है कि कंपनी के Q4 नतीजे मजबूत रहे। आगे ऑटो बिजनेस ग्रोथ का प्रमुख ड्राइवर रहेगा। FY26–28E के दौरान ऑटो रेवेन्यू में 15% CAGR की उम्मीद है, जिसे मजबूत मांग और नए लॉन्च सपोर्ट करेंगे। फार्म बिजनेस का रेवेन्यू ग्रोथ FY26 में मजबूत 25% वृद्धि के बाद FY26–28E के दौरान 5% CAGR तक सीमित रह सकता है। कुल मिलाकर, FY26–28E के दौरान हमें रेवेन्यू/कोर अर्निंग्स में क्रमशः 13%/7% CAGR की उम्मीद है, जबकि RoIC लगभग 60% रहने का अनुमान है।

ICICI Securities: BUY रेटिंग, टारगेट ₹4,000

आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने स्टॉक पर ‘BUY’ रेटिंग बरकरार रखी है और SoTP-आधारित टारगेट प्राइस ₹3,950 से बढ़ाकर ₹4,000 किया है। यह FY28E के 24x कोर EPS पर आधारित है। ब्रोकरेज हाउस का कहना है कि M&M ने FY27 के लिए SUV वॉल्यूम में मिड-टू-हाई टीन ग्रोथ का आउटलुक दिया है, जिसे मजबूत मांग का सपोर्ट मिलेगा। हालांकि घरेलू ट्रैक्टर सेगमेंट में उच्च बेस के कारण ग्रोथ की रफ्तार धीमी रहने की उम्मीद है। कंपनी ने FY27 के लिए ट्रैक्टर सेगमेंट में मिड-सिंगल डिजिट ग्रोथ का अनुमान दिया है।

ब्रोकरेज को ऑटो सेगमेंट में उम्मीद है कि मजबूत UV पोर्टफोलियो और हालिया लॉन्च के दम पर M&M का प्रदर्शन आगे भी मजबूत बना रहेगा। हालांकि बढ़ती कमोडिटी महंगाई एक अहम निगरानी वाला जोखिम बनी हुई है।

Motilal Oswal: BUY रेटिंग, टारगेट ₹3,963

मोतीलाल ओसवाल ने स्टॉक पर ‘BUY’ रेटिंग बनाए रखी है। साथ ही Mar’28E SoTP आधारित ₹3,963 का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज रिपोर्ट के मुताबिक, सभी सेगमेंट में मजबूत ग्रोथ गाइडेंस है। उनका कहना है कि मजबूत लॉन्च पाइपलाइन और सकारात्मक उपभोक्ता भावना के आधार पर मैनेजमेंट ने FY27E के लिए सभी प्रमुख सेगमेंट में मजबूत आउटलुक दिया है। FY26-28 के दौरान MM रेवेन्यू/EBITDA/PAT में क्रमशः लगभग 15%/12%/13% CAGR का अनुमान है।

M&M: कैसे रहे Q4 नतीजे

महिंद्रा ऐंड महिंद्रा (M&M) ने वित्त वर्ष 26 की चौथी तिमाही के दौरान कंसॉलिटेड शुद्ध लाभ में पिछले साल के मुकाबले 42 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की और यह बढ़कर 4,668 करोड़ रुपये हो गया। यह वृद्धि कंपनी के राजस्व में 29 प्रतिशत की बढ़ोतरी की बदौलत हुई, जो बढ़कर 54,982 करोड़ रुपये हो गया। समूचे वित्त वर्ष के दौरान M&M का राजस्व 25 प्रतिशत बढ़कर 1,98,639 करोड़ रुपये हो गया, जबकि कर बाद लाभ (पीएटी) 32 प्रतिशत बढ़कर 17,099 करोड़ रुपये रहा। नतीजों के बाद बीएसई पर कंपनी के शेयर में 3.85 प्रतिशत की तेजी आई।

चौथी तिमाही का समेकित राजस्व 12,147 करोड़ रु. रहा, जो 23 प्रतिशत अधिक है, जबकि कर बाद लाभ 64 प्रतिशत बढ़कर 1,348 करोड़ रुपये हो गया। समूचे वित्त वर्ष 26 के दौरान राजस्व 17 प्रतिशत बढ़कर 43,698 करोड़ रुपये हो गया और कर बाद लाभ 54 प्रतिशत बढ़कर 4,960 करोड़ रुपये हो गया।

 

(डिस्क्लेमर: यहां शेयर में खरीदारी की सलाह ब्रोकरेज ने दी है। ये बिजनेस स्टैंडर्ड के विचार नहीं हैं। निवेश संबंधी फैसला करने से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

First Published : May 6, 2026 | 5:07 PM IST