शेयर बाजार

शेयर बाजार में तेजी से निवेशकों की पूंजी 2.27 लाख करोड़ रुपये बढ़ी

BSE पर लिस्टेड कंपनियों का बाजार मूल्यांकन (mcap) सोमवार को पहली बार 400 लाख करोड़ रुपये के आगे निकला था।

Published by
भाषा   
Last Updated- April 10, 2024 | 7:08 PM IST

बीएसई (BSE) का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स बुधवार को पहली बार 75,000 के ऊपर बंद होने के बीच निवेशकों की संपत्ति में 2.27 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

सेंसेक्स कारोबार के अंत में 354.45 अंक चढ़कर 75,038.15 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 421.44 अंक बढ़कर 75,105.14 अंक तक पहुंच गया था।

पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 75,124.28 अंक के अब तक के उच्चतम स्तर को छूने में सफल रहा था। इस तेजी के बीच बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण 2,27,024.52 करोड़ रुपये बढ़कर 4,02,19,353.07 करोड़ रुपये (4.83 लाख करोड़ डॉलर) के अपने सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया।

बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का बाजार मूल्यांकन (mcap) सोमवार को पहली बार 400 लाख करोड़ रुपये के आगे निकला था।

सेंसेक्स में शामिल ITC, कोटक महिंद्रा बैंक, भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक, एशियन पेंट्स, टेक महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज और नेस्ले प्रमुख रूप से लाभ में रहीं।

दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में मारुति, एचडीएफसी बैंक, लार्सन एंड टुब्रो और महिंद्रा एंड महिंद्रा शामिल हैं।

First Published : April 10, 2024 | 7:08 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)