शेयर बाजार

Stock Market खुलते ही निवेशकों के ₹7 लाख करोड़ डूबे, ऐसा क्या हुआ कि एक झटके में 2% टूट गया बाजार?

Stock Market Crash: बाजार में डर को मापने वाला इंडिया वीआईएक्स (India VIX) 15 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 21 के स्तर को पार कर गया।

Published by
जतिन भूटानी   
Last Updated- March 19, 2026 | 12:25 PM IST

Stock Market Crash: भारतीय शेयर बाजार गुरुवार (19 मार्च) को लगातार तीन ट्रेडिंग सेशन में बढ़त के बाद बड़ी गिरावट में खुले। बाजार में यह गिरावट अमेरिका और इजरायल के ईरान के साउथ पार्स गैस क्षेत्र और आसपास के ढांचे को निशाना बनाने के चलते आई। शुरुआती कारोबार में ही भारतीय बाजार में निवेशकों के 7 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा डूब गए।

सेक्टोरल प्रदर्शन कमजोर रहा। सभी सेक्टर लाल रंग में कारोबार कर रहे थे। निफ्टी बैंक लगभग 3 प्रतिशत लुढ़क गया। इसके अलावा ऑटो, रियल्टी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर में 2 प्रतिशत से अधिक की गिरावट हुई।

बाजार में डर को मापने वाला इंडिया वीआईएक्स (India VIX) 15 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 21 के स्तर को पार कर गया। यह निकट भविष्य में अधिक उतार-चढ़ाव की संभावना का संकेत देता है।

निवेशकों के ₹7 लाख करोड़ डूबे

शेयर बाजार में आज बड़ी गिरावट से निवेशकों के करीब 7 लाख करोड़ रुपये डूब गए। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप घटकर 431.33 लाख करोड़ रुपये पर आ गया। जबकि पिछले सेशन में यह 438.63 लाख करोड़ रुपये था।

गुरुवार को Stock Market Crash की वजह?

तेल की कीमतों में तेजी

तेल की कीमतों में लगभग 3 प्रतिशत की बढ़त हुई, जब ईरान ने साउथ पार्स गैस क्षेत्र पर हमले के बाद मध्य पूर्व के कई ऊर्जा केंद्रों को निशाना बनाया। यह अमेरिका और इजरायल के साथ तेहरान के युद्ध में बड़ा कदम माना जा रहा है।

ब्रेंट क्रूड के फ्यूचर्स 3.69 डॉलर या 3.44 प्रतिशत बढ़कर 111.07 डॉलर हो गए। जबकि अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट क्रूड 2.29 डॉलर या 2.38 प्रतिशत बढ़कर 98.61 डॉलर पर पहुंच गया।

जियोजित इंवेस्टमेन में चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रेटेजिस्ट वीके विजयकुमार ने कहा कि युद्ध को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है। इजरायल ने ईरान के सबसे बड़े LNG रिफाइनरी पर हमला किया है। ब्रेंट क्रूड अब 111 डॉलर पर पहुंच गया है।

फेडरल रिजर्व ने दर स्थिर रखी

अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने लगातार दूसरी बार प्रमुख ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं किया। केंद्रीय बैंक ने दर 3.5 से 3.75 प्रतिशत की सीमा में रखने का फैसला किया। फेड ने इस साल केवल एक बार दर घटाने का अनुमान भी जताया। जेरोम पॉवेल ने कहा कि पश्चिम एशिया में तनाव के चलते अमेरिका की अर्थव्यवस्था और महंगाई के दृष्टिकोण में अनिश्चितता बढ़ गई है।

HDFC Bank में बिकवाली

HDFC Bank के शेयरों में 8 प्रतिशत की गिरावट आ। बैंक के पार्ट-टाइम चेयरमैन और स्वतंत्र निदेशक अतनु चक्रवर्ती के इस्तीफे के चलते शेयरों में गिरावट आई। एनएसई इंडेक्स के अनुसार, एचडीएसी बैंक का निफ्टी 50 में 11 प्रतिशत से अधिक वजन है। इस बीच, पूर्व सीईओ केकी मिस्त्री को देश के सबसे बड़े निजी बैंक का अंतरिम पार्ट-टाइम चेयरमैन नियुक्त किया गया।

तीन दिन की तेजी के बाद प्रॉफिट बुकिंग

बाजार में पिछले तीन ट्रेडिंग सेशन में बढ़त के बाद आज मुनाफा वसूली भी देखने को मिली। पिछले तीन ट्रेडिंग सेशन में सेंसेक्स 2,140.21 अंक या 2.87 प्रतिशत बढ़ा, जबकि निफ्टी 50 626 अंक या 2.7 प्रतिशत ऊपर गया।

First Published : March 19, 2026 | 12:13 PM IST