शेयर बाजार

Jeffries की एयरलाइन स्टॉक पर बुलिश कॉल, मंगलवार को 5% उछला शेयर; 48% तक अपसाइड का अनुमान

ब्रोकरेज का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2027 में उपलब्ध सीट किलोमीटर में 10-11 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है, जो कंपनी की ऐतिहासिक सालाना औसत वृद्धि दर 13-15 प्रतिशत से कम है।

Published by
जतिन भूटानी   
Last Updated- March 24, 2026 | 3:39 PM IST

Indigo Share Price: दिग्गज एयरलाइन कंपनी इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड (Indigo) के शेयर मंगलवार (24 मार्च) को 5 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ गए। कंपनी के शेयरों में यह तेजी कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के चलते आई है। ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स का भाव 100 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आ गया है। जबकि हफ्ते की शुरुआत में यह 110 डॉलर के पार चला गया था। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने सोमवार को कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बहुत अच्छी और सार्थक बातचीत हुई है। इससे युद्ध का ‘पूर्ण और निर्णायक समाधान’ निकल सकता है। मगर ईरान ने दोनों देशों के बीच हुई किसी भी बातचीत की फिलहाल पुष्टि नहीं की है।

Indigo पर जेफरीज का टारगेट प्राइस: ₹6,140

जेफरीज ने इंडिगो पर BUY रेटिंग दी है। साथ ही ब्रोकरेज ने स्टॉक पर 6,140 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इस तरह, शेयर निवेशकों को लॉन्ग टर्म में 48 प्रतिशत का रिटर्न दे सकता है। इंडिगो के शेयर सोमवार को 3946.55 रुपये पर बंद हुए। जबकि मंगलवार को यह दोपहर 3:25 बजे 4147 रुपये पर ट्रेड कर रहे थे।

ब्रोकरेज क्यों बुलिश?

ब्रोकरेज के अनुसार, एयरलाइन के गर्मियों के शेड्यूल से क्षमता बढ़ोतरी को लेकर बेहतर स्पष्टता मिल रही है। इंडिगो ने 13,950 उड़ानों की योजना बनाई है। यह पिछले साल के घोषित शेड्यूल की तुलना में 2 प्रतिशत कम है। हालांकि, यह पिछले साल की वास्तविक घरेलू उड़ानों (करीब 13,100) के मुकाबले 6-7 प्रतिशत अधिक है।

ब्रोकरेज का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2027 में उपलब्ध सीट किलोमीटर में 10-11 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है, जो कंपनी की ऐतिहासिक सालाना औसत वृद्धि दर 13-15 प्रतिशत से कम है। धीमी होती इस वृद्धि दर के कारण विमानों के उपयोग में कमी आ सकती है। इससे प्रति सीट लागत पर दबाव पड़ सकता है, खासकर ईंधन और विदेशी मुद्रा के प्रभाव को छोड़कर।

Also Read | टाटा ग्रुप का Power Stock दौड़ने को तैयार! मोतीलाल ओसवाल की सलाह- खरीदें, ₹455 टच करेगा भाव

ब्रोकरेज के मुताबिक, शॉर्ट टर्म के मुख्य जोखिमों में पश्चिम एशिया में जारी तनाव और उससे जेट ईंधन की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी शामिल है। साथ ही, ब्रोकरेज ने कहा कि मौजूदा ईंधन कीमतों पर अतिरिक्त शुल्क से सीमित राहत ही मिल सकती है और यह बढ़ती लागत के दबाव को पूरी तरह कम नहीं कर पाएगा।

हाई से 37% नीचे शेयर

इंडिगो के शेयर अपने 52 वीक्स हाई 6,225.05 रुपये से करीब 37 प्रतिशत नीचे ट्रेड कर रहे हैं। जबकि स्टॉक का 52 वीक लो 3,894.80 रुपये है। हालिया प्रदर्शन पर नजर डाले तो एक महीने में यह 14.19 प्रतिशत गिर गया है। तीन महीने में शेयर में 18 प्रतिशत और छह महीने में 26 प्रतिशत की गिरावट आई है। एक साल में यह 16.31 फीसदी टूटा है। जबकि दो साल में 26 प्रतिशत, तीन साल में 123 फीसदी और पांच साल में 140 प्रतिशत रिटर्न दिया है।

 

 

(डिस्क्लमेर: यहां शेयर में सलाह ब्रोकरेज ने दी है। बाजार में निवेश जो​खिमों के अधीन है। निवेश संबंधी फैसला करने से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

First Published : March 24, 2026 | 3:38 PM IST