Mahindra Finance Share: महिंद्रा ग्रुप की कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा फाइनेंशियल सर्विस के शेयर सोमवार (27 अप्रैल) को इंट्रा-डे ट्रेड में 8 फीसदी से ज्यादा उछल गए। कंपनी के शेयरों में यह तेजी तिमाही नतीजों के दम पर देखने को मिली। मार्च तिमाही में कंपनी का स्टैंडअलोन मुनाफा 55 फीसदी बढ़कर 873 करोड़ रुपये हो गया। तिमाही नतीजों के बाद ब्रोकरेज हाउसेस ने स्टॉक पर पॉजिटिव आउटलुक दिया है। कई ब्रोकरेज ने स्टॉक पर अपनी रेटिंग को अपग्रेड भी कर दिया है।
ICICI Securities
आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने महिंद्रा फाइनेंशियल सर्विस के शेयर पर अपनी रेटिंग को ‘Hold’ से अपग्रेड कर ‘BUY’ कर दिया है। हालांकि, ब्रोकरेज ने स्टॉक पर टारगेट प्राइस को 355 रुपये पर बरकरार रखा है।
ब्रोकरेज ने कहा कि शुल्क आधारित आय को बढ़ाने पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही मौजूदा ग्राहक आधार का बेहतर उपयोग करते हुए प्रति ग्राहक उत्पादों की संख्या, जो अभी 2.4 गुना है, उसे बढ़ाने की योजना है। पोर्टफोलियो के संतुलन में भी बदलाव किया जा रहा है, जिसमें पुराने यात्री और वाणिज्यिक वाहनों, छोटे और मझोले उद्यमों तथा बिना गारंटी वाले व्यक्तिगत ऋण के विस्तार पर अधिक जोर दिया जाएगा।
Kotak Institutional Equities
ब्रोकरेज फर्म कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने महिंद्रा एंड महिंद्रा फाइनेंशियल सर्विस शेयर की रेटिंग को पहले के ‘Reduce’ से अपग्रेड कर ‘BUY’ कर दिया है। साथ ही ब्रोकरेज ने स्टॉक पर टारगेट प्राइस को 340 रुपये से बढ़ाकर 350 रुपये कर दिया है।
यह पढ़ें: नतीजों के बाद Reliance Share खरीदने पर होगा फायदा? ब्रोकरेज ने दिए 44% अपसाइड के टारगेट
JM Financial
जेएम फाइनेंशियल ने भी महिंद्रा ग्रुप के शेयर पर अपनी रेटिंग को ‘ADD’ से अपग्रेड ‘BUY’ कर दिया है। ब्रोकरेज ने स्टॉक पर टारगेट प्राइस बढ़ाकर 350 रुपये कर दिया है जबकि पहले यह 320 रुपये था।
Nomura
नोमुरा ने महिंद्रा एंड महिंद्रा फाइनेंशियल सर्विस पर अपनी ‘BUY’ रेटिंग बरकरार रखी है और इसका टारगेट प्राइस 400 रुपये तय किया है। ब्रोकरेज ने कहा कि नई वित्तीय वर्ष की तैयारी में प्रावधान बढ़ाए जा रहे हैं और फंड की लागत में मिलने वाला लाभ आगे कम हो सकता है। हालांकि, प्रबंधन द्वारा मार्जिन, शुल्क आय और एसेट क्वालिटी में सुधार देना सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
(डिस्क्लमेर: यहां शेयर में सलाह ब्रोकरेज ने दी है। बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है। निवेश संबंधी फैसला करने से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)