शेयर बाजार

Market Outlook: अमेरिका-ईरान वार्ता, RBI के ब्याज दर पर निर्णय से तय होगी शेयर बाजार की चाल

पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 639.61 अंक यानी 0.84 फीसदी और एनएसई निफ्टी 171.55 अंक यानी 0.72 फीसदी टूटा था

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- May 31, 2026 | 3:33 PM IST

Market Outlook: भारतीय शेयर बाजार की चाल इस सप्ताह अमेरिका-ईरान संबंधों से जुड़े घटनाक्रम, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समीक्षा से तय होंगे। विश्लेषकों ने यह राय जताई है। इसके अलावा प्रमुख आर्थिक आंकड़ों की घोषणा, विदेशी निवेशकों की गतिविधियां तथा रुपये-डॉलर की विनिमय दर पर भी निवेशकों की निगाह रहेगी।

तेल कीमतों और PMI पर बाजार की नजर

रेलिगेयर ब्रोकिंग के रिसर्च हेड अजित मिश्रा ने कहा कि बाजार भागीदारों की नजर अमेरिका-ईरान की स्थिति और कच्चे तेल की कीमतों पर बनी रहेगी। ये दोनों फैक्टर महंगाई की अपेक्षाओं, रुपये की स्थिरता और विदेशी निवेश प्रवाह को सीधे प्रभावित करते हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को मई माह का अंतिम एचएसबीसी विनिर्माण पीएमआई (पीएमआई) आंकड़ा जारी होगा, जबकि बुधवार को सेवा क्षेत्र और समग्र पीएमआई के आंकड़े आएंगे। इनसे मांग, कारोबारी गतिविधियों और विभिन्न क्षेत्रों में आर्थिक मजबूती का संकेत मिलेगा।

Also Read: FPI Outflow: भारतीय शेयर बाजार से विदेशी निवेशकों का मोहभंग, 2026 में निकाले रिकॉर्ड ₹2.25 लाख करोड़ 

RBI MPC बैठक पर सबकी नजरें

मिश्रा के अनुसार, सप्ताह की सबसे महत्वपूर्ण घटना शुक्रवार को होने वाली आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक का निर्णय होगा। निवेशक ब्याज दरों, महंगाई और नकदी प्रबंधन को लेकर केंद्रीय बैंक के रुख पर विशेष ध्यान देंगे। विशेषज्ञों का कहना है कि भारत की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर तथा विदेशी मुद्रा भंडार के आंकड़े भी अर्थव्यवस्था की गति और बाहरी क्षेत्र की स्थिति का आकलन करने में मदद करेंगे।

पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 639.61 अंक यानी 0.84 फीसदी और एनएसई निफ्टी 171.55 अंक यानी 0.72 फीसदी टूटा था।

बाजार की दिशा तय करेंगे वैश्विक संकेत

ऑनलाइन ट्रेडिंग एवं संपत्ति प्रौद्योगिकी कंपनी एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर ने कहा कि पश्चिम एशिया में कूटनीतिक घटनाक्रम, अमेरिका-ईरान वार्ता और कच्चे तेल की कीमतों में बदलाव के कारण बाजार में संवेदनशीलता बनी रह सकती है। इनके अलावा वैश्विक बाजारों का प्रदर्शन, संस्थागत निवेशकों का निवेश प्रवाह और रुपये की चाल भी बाजार की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Also Read: Mcap: शेयर बाजार में सुस्ती से रिलायंस समेत 7 कंपनियों के डूबे ₹1.54 लाख करोड़, HDFC को भी बड़ा झटका

जीडीपी आंकड़ों पर नजर

स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट के रिसर्च हेड संतोष मीणा ने कहा कि घरेलू स्तर पर आरबीआई की नीतिगत बैठक सबसे महत्वपूर्ण रहेगी। बढ़ती महंगाई और मुद्रा बाजार की परिस्थितियों के बीच निवेशक केंद्रीय बैंक के संकेतों का बारीकी से विश्लेषण करेंगे। उन्होंने कहा कि एक जून को मई माह के वाहन क्षेत्र के बिक्री आंकड़े भी आएंगे। इससे इस क्षेत्र की उपभोक्ता मांग की स्थिति का अंदाजा लगेगा।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स के रिसर्च हेड विनोद नायर के अनुसार, निकट अवधि में भारतीय शेयर बाजार की दिशा मुख्य रूप से आरबीआई के नीतिगत निर्णय और जीडीपी आंकड़ों पर निर्भर करेगी। वहीं पीएमआई और औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (IIP) के आंकड़े वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में औद्योगिक गतिविधियों की शुरुआती तस्वीर पेश करेंगे।

(PTI इनपुट के साथ)

First Published : May 31, 2026 | 3:33 PM IST