शेयर बाजार

न्यू इंडिया एश्योरेंस के शेयरों में तूफानी तेजी: एक दिन में करीब 20% उछला भाव, प्रीमियम कलेक्शन में भी सुधार

न्यू इंडिया एश्योरेंस के शेयर 20% उछलकर 155.90 रुपये पर पहुंचे। प्रीमियम कलेक्शन में 10.9% की बढ़त और बेहतर बाजार हिस्सेदारी ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है

Published by
आतिरा वारियर   
Last Updated- April 10, 2026 | 10:29 PM IST

न्यू इंडिया एश्योरेंस का शेयर बीएसई पर 19.78 फीसदी चढ़कर 155.90 रुपये पर बंद हुआ। यह बढ़त कंपनी द्वारा वित्त वर्ष 2026 में प्रीमियम कलेक्शन में 10.9 प्रतिशत की सालाना वृद्धि और पिछले साल के 12.56 प्रतिशत के मुकाबले 12.74 प्रतिशत तक बाजार हिस्सेदारी दर्ज किए जाने की वजह से हुई। कंपनी के शेयर में बीएसई पर लगभग 19.99 प्रतिशत की उछाल आई और यह 156.15 रुपये पर पहुंच गया था।

एसबीआई सिक्योरिटीज के डीवीपी और फंडामेंटल रिसर्च के प्रमुख सनी अग्रवाल ने कहा, ‘शेयर में ताजा रैली की वजह कुछ हद तक मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में हो रही हलचल है। इसे न्यू इंडिया एश्योरेंस की अल्पावधि स्थिरता, प्रीमियम कलेक्शन में बढ़ोतरी और बाजार भागीदारी में सुधार से भी सहारा मिला है। इसके अलावा, कंपनी का मूल्यांकन भी काफी आकर्षक है, क्योंकि इसका प्राइस-टु-बुक अनुपात 1 के आस-पास या उससे भी कम है।’

जनरल इंश्योरेंस काउंसिल के अनुसार गैर-जीवन बीमा उद्योग सालाना आधार पर 9.3 फीसदी बढ़कर 3.36 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

First Published : April 10, 2026 | 10:14 PM IST