शेयर बाजार

शेयर बाजार में रिकॉर्ड तेजी से निवेशकों की हुई चांदी, वेल्थ में 4.28 लाख करोड़ का इजाफा

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर लिस्टेड कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण (Mcap) भी गुरुवार को पांच लाख करोड़ डॉलर से आगे निकल गया।

Published by
भाषा   
Last Updated- May 23, 2024 | 7:18 PM IST

शेयर बाजार (Stock Market) के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बीच निवेशकों की संपत्ति (Investors Wealth) गुरुवार को 4.28 लाख करोड़ रुपये बढ़ गई।

बीएसई (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स (Sensex) 1,196.98 अंक यानी 1.61 प्रतिशत उछलकर 75,418.04 अंक के अपने अबतक के सबसे ऊंचे मुकाम पर बंद हुआ। दिन में कारोबार के दौरान यह 1,278.85 अंक यानी 1.72 प्रतिशत बढ़कर 75,499.91 के अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर भी गया।

इस रिकॉर्ड तेजी ने बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप (Mcap) 4,28,602.18 करोड़ रुपये बढ़ा दिया। इसके साथ ही इन कंपनियों का मार्केट कैप सम्मिलित रूप से बढ़कर 4,20,22,635.90 करोड़ रुपये यानी 5.05 लाख करोड़ डॉलर हो गया जो इसका नया उच्चस्तर है।

इस मुकाम तक पहुंचने वाला भारत पांचवां देश

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के खुदरा शोध प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा कि बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप पांच लाख करोड़ डॉलर के पार पहुंचने के साथ ही भारत इस मुकाम तक पहुंचने वाला पांचवां देश बन गया है।

बीएसई (BSE) में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण मंगलवार को कारोबार के दौरान पहली बार पांच लाख करोड़ डॉलर के स्तर पर पहुंचा था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर लिस्टेड कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण (Mcap) भी गुरुवार को पांच लाख करोड़ डॉलर से आगे निकल गया।

First Published : May 23, 2024 | 7:18 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)