शेयर बाजार

Reliance Share: नतीजों के बाद रिलायंस का शेयर खरीदने पर होगा फायदा? ब्रोकरेज ने दिए 44% अपसाइड के टारगेट

Reliance Share Price: ब्रोकरेज ने एनर्जी बिजनेस में चुनौतियों और जियो में टैरिफ बढ़ाने में देरी के कारण वित्त वर्ष 27 के लिए अपनी कमाई का अनुमान घटा दिया है।

Published by
जतिन भूटानी   
Last Updated- April 27, 2026 | 10:57 AM IST

Reliance Share Price: रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर सोमवार (27 अप्रैल) को इंट्रा-डे ट्रेड में 1 फीसदी से ज्यादा उछल गए। रिलायंस ने शुक्रवार को मार्च तिमाही के नतीजों का एलान किया। अपने एनर्जी बिजनेस में कई तरह की मुश्किलों का सामना करने की वजह से देश की सबसे मूल्यवान कंपनी के मार्च तिमाही के नतीजे ब्रोकरेज की उम्मीदों से कमजोर रहे। इसके ऑयल-टु-केमिकल्स (ओ2सी) और एक्सप्लोरेशन सेगमेंट में उत्पादन का वॉल्यूम और इसकी बिक्री से मिलने वाली रकम कई तिमाहियों के निचले स्तर पर पहुंच गई।

नतीजों के बाद ब्रोकरेज हाउसेस ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के स्टॉक पर अपनी राय जारी कर दी है। उन्होंने एनर्जी बिजनेस में चुनौतियों और जियो में टैरिफ बढ़ाने में देरी के कारण वित्त वर्ष 27 के लिए अपनी कमाई का अनुमान घटा दिया है। लेकिन उनका मानना है कि जियो ही वृद्धि का सबसे बड़ा जरिया बनी रहेगी।

Reliance Share पर ब्रोकरेज की राय

Morgan Stanley: रेटिंग Overweight| टारगेट प्राइस: ₹1,803

मॉर्गन स्टैनली ने रिलायंस इंडस्ट्रीज पर ‘ओवरवेट’ रेटिंग दी है और इसका टारगेट प्राइस 1,803 रुपये तय किया है। ब्रोकरेज का कहना है कि एनर्जी और केमिकल बाजार में मजबूती का लाभ उठाना और रिटेल कारोबार की आय में लगातार सुधार रिलायंस के हालिया कमजोर प्रदर्शन को पलटने के लिए अहम होगा।

ब्रोकरेज ने कहा कि तेल से केमिकल कारोबार के मार्जिन का प्रतिस्पर्धियों से कमजोर रहना और ऊंची लागत के कारण अपस्ट्रीम तेल और गैस उत्पादन डिवीजन का ईबीआईटीडीए लक्ष्य से चूकना कुछ प्रमुख नकारात्मक पहलू रहे। वहीं, रिटेल और एफएमसीजी कारोबार इस तिमाही के प्रमुख सकारात्मक कारक रहे।

यह पढ़ें: सन फार्मा की मेगा डील, 11.75 अरब डॉलर में ऑर्गेनॉन खरीदेगी; शेयरों में 5% की जोरदार तेजी

Nuvama: रेटिंग BUY| टारगेट प्राइस: ₹1,765|

नुवामा ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर पर BUY की रेटिंग दी है। साथ ही शेयर पर 1765 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज ने कहा कि अब सभी की नजर जियो के आईपीओ पर है, जो शेयर कीमत के लिए एक अहम ट्रिगर बना हुआ है।

Motilal Oswal: रेटिंग BUY| टारगेट प्राइस ₹1,655|

मोतीलाल ओसवाल ने शेयर पर BUY की रेटिंग दी है और टारगेट प्राइस को पहले के 1,715 रुपये से घटाकर 1,655 रुपये कर दिया है। ब्रोकरेज का अनुमान है कि स्टोर पिकअप में बढ़ोतरी और क्विक कॉमर्स में बढ़ती गति से राजस्व वृद्धि को बढ़ावा मिलेगा। हालांकि, क्विक कॉमर्स के नुकसानों के कारण अल्पावधि के मुनाफे पर बुरा असर पड़ने की संभावना है। ब्रोकरेज का अनुमान है कि खुदरा कारोबार वित्त वर्ष 25-28 के दौरान 12 फीसदी राजस्व और परिचालन लाभ में बढ़त दर्ज करेगा।

Antique Stock Broking: रेटिंग BUY| टारगेट प्राइस: ₹1,670|

एंटिक स्टॉक ब्रोकिंग ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर पर अपनी BUY रेटिंग को बरकरार रखा है। हालांकि, ब्रोकरेज ने स्टॉक पर टारगेट प्राइस 1,730 रुपये से घटाकर 1,670 कर दिया है।

ब्रोकरेज के अनुसार, जियो प्लेटफॉर्म्स की वृद्धि सब्सक्राइबर जोड़ने और प्रति उपयोगकर्ता औसत आय बढ़ने के चलते मजबूत बनी हुई है। टैरिफ बढ़ोतरी के बिना भी सालाना आधार पर 4 से 5 प्रतिशत की स्वाभाविक वृद्धि दिख रही है। टैरिफ बढ़ोतरी आईपीओ के समय के आसपास हो सकती है, हालांकि हमें उम्मीद है कि लिस्टिंग कैलेंडर वर्ष 2026 के अंत तक खिसक सकती है।

ब्रोकरेज ने कहा कि पुनर्गठन के बाद रिटेल कारोबार में अच्छी वृद्धि की संभावना है। आरसीपीएल को शामिल करने पर चौथी तिमाही वित्त वर्ष 2026 में रिटेल कारोबार 14 प्रतिशत से अधिक बढ़ा, जिसमें आरसीपीएल एक प्रमुख ग्रोथ ड्राइवर के रूप में उभर रहा है।

(डिस्क्लमेर: यहां शेयर में सलाह ब्रोकरेज ने दी है। बाजार में निवेश जो​खिमों के अधीन है। निवेश संबंधी फैसला करने से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

First Published : April 27, 2026 | 10:41 AM IST