शेयर बाजार

रुपया 94.70 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर, डॉलर की मजबूती और एफआईआई बिकवाली से बढ़ा दबाव

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.18 पर खुला और फिसलकर 94.29 पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव से 33 पैसे की गिरावट को दर्शाता है।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- March 27, 2026 | 1:45 PM IST

Rupee vs Dollar: अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया शुक्रवार को 74 पैसे गिरकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.70 के नए ऑल टाइम लो लेवल पर पहुंच गया। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और पश्चिम एशिया संकट का समाधान न निकलने के कारण डॉलर की मजबूती से स्थानीय मुद्रा पर दबाव बना हुआ है।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक, घरेलू शेयर बाजारों में भारी बिकवाली और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की लगातार निकासी ने रुपये पर दबाव और बढ़ा दिया है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.18 पर खुला और फिसलकर 94.29 पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव से 33 पैसे की गिरावट को दर्शाता है। इससे पहले बुधवार को रुपया 20 पैसे टूटकर 93.96 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ था। रामनवमी के अवसर पर बृहस्पतिवार को शेयर, विदेशी मुद्रा, जिंस और सर्राफा बाजार बंद रहे थे।

छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स 0.08 प्रतिशत बढ़कर 99.67 पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव वायदा कारोबार में 0.78 प्रतिशत गिरकर 107.1 डॉलर प्रति बैरल रहा।

घरेलू शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स 926.92 अंक गिरकर 74,346.53 पर, जबकि निफ्टी 280.95 अंक टूटकर 23,025.50 पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को शुद्ध रूप से 1,805.37 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

(पीटीआई के इनपुट के साथ)

First Published : March 27, 2026 | 12:13 PM IST