शेयर बाजार

Rupee vs Dollar: अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 83.33 पर स्थिर

Rupee vs Dollar: विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि सकारात्मक घरेलू बाजारों और विदेशी कोषों के प्रवाह ने भारतीय मुद्रा में गिरावट को रोकने में मदद की।

Published by
भाषा   
Last Updated- March 28, 2024 | 10:30 AM IST

मजबूत अमेरिकी मुद्रा और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के बीच रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.33 पर स्थिर रहा। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि सकारात्मक घरेलू बाजारों और विदेशी कोषों के प्रवाह ने भारतीय मुद्रा में गिरावट को रोकने में मदद की।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.32 प्रति डॉलर पर खुला और शुरुआती सौदों में गिरावट के बाद 83.33 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव के बाराबर है। रुपया बुधवार को चार पैसे की गिरावट के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.33 पर बंद हुआ था।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को परखने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत की बढ़त के साथ 104.07 पर कारोबार कर रहा था। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ 86.56 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 2,170.32 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।

First Published : March 28, 2024 | 10:30 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)