शेयर बाजार

Rupee vs Dollar Today: बाजार में गिरावट के बीच रुपया दो पैसे फिसलकर 83.42 प्रति डॉलर पर

Rupee vs Dollar: अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.42 प्रति डॉलर पर खुला। शुरुआती सौदों के बाद फिसलकर 83.44 प्रति डॉलर पर पहुंच गया।

Published by
भाषा   
Last Updated- May 30, 2024 | 10:27 AM IST

Rupee vs Dollar Today: अस्थिर घरेलू शेयर बाजारों के बीच विदेशी पूंजी की निकासी से रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में दो पैसे की गिरावट के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.42 पर आ गया।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि मजबूत अमेरिकी मुद्रा ने भी स्थानीय मुद्रा पर दबाव डाला, जबकि कच्चे तेल की कीमतों में नरमी ने रुपये की गिरावट को सीमित किया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.42 प्रति डॉलर पर खुला। शुरुआती सौदों के बाद फिसलकर 83.44 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। हालांकि, जल्द ही मजबूत होकर वापस 83.42 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले दो पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.40 पर बंद हुआ था।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को परखने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ 105.10 पर रहा। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83.56 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

वहीं बीएसई का 30 शेयर वाला सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 227.31 अंक की गिरावट के साथ 74,275.59 अंक पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में बुधवार को बिकवाल रहे और शुद्ध रूप से 5,841.84 करोड़ रुपये की कीमत के शेयर बेचे।

First Published : May 30, 2024 | 10:27 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)