स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों में हाल के निचले स्तरों से तेजी से सुधार देखने को मिला है। इन दोनों सेगमेंट को ट्रैक करने वाले इंडेक्स अब युद्ध से पहले के स्तरों पर वापस आ गए हैं। निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स मंगलवार को 17,309 पर बंद हुआ, जो 23 फरवरी के अपने हाल के निचले स्तर 15,099 से करीब 15 फीसदी ज्यादा है।
इसी तरह, निफ्टी मिडकैप 100 में भी लगभग 12 फीसदी की बढ़त हुई है। दोनों इंडेक्स उन स्तरों पर लौट आए हैं, जो अमेरिका-ईरान संघर्ष से पहले देखे गए थे। इस संघर्ष ने निवेशकों के भरोसे को हिला दिया था और बाजार में भारी बिकवाली शुरू हो गई थी।
हालांकि बेंचमार्क निफ्टी 50 में भी जोरदार रिकवरी हुई है, फिर भी वह लड़ाई के पहले के स्तरों से करीब 4 फीसदी नीचे कारोबार कर रहा है। बाजार विशेषज्ञ व्यापक बाजार में आई इस तेज रिकवरी का श्रेय अपेक्षाकृत आकर्षक मूल्यांकन और पहले आई तेज गिरावट को देते हैं।
इक्विनॉमिक्स के संस्थापक जी. चोकालिंगम ने कहा, स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों ने बेंचमार्क सूचकांकों से बेहतर प्रदर्शन किया है क्योंकि तुलनात्मक रूप से उनका मूल्यांकन बहुत आकर्षक था। इस साल स्मॉल-कैप शेयरों के सेंसेक्स और निफ्टी से बेहतर प्रदर्शन करने की संभावना है। हाल की रिकवरी के बाद भी कई शेयरों का मूल्यांकन अभी भी आकर्षक बना हुआ है।
हालांकि कुछ शेयर युद्ध से पहले के स्तर पर वापस आ गए हैं। फिर भी वे 2024 के अपने उच्चतम स्तर से काफी दूर हैं। जिन निवेशकों में मध्यम स्तर का जोखिम उठाने की क्षमता है, उन्हें अपने पोर्टफोलियो का 50 फीसदी गुणवत्तापूर्ण स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों में निवेश करना चाहिए।