शेयर बाजार

Closing Bell: बाजार में मजबूती, मेटल-बैंकिंग शेयरों से मिला सपोर्ट, सेंसेक्स 283 अंक चढ़ा; निफ्टी 25819 पर बंद

Closing Bell: जेपी मॉर्गन के सकारात्मक रुख के चलते SAIL, टाटा स्टील, JSW और जिंदल स्टील के शेयरों में बढ़त देखी गई।

Published by
जतिन भूटानी   
Last Updated- February 18, 2026 | 3:47 PM IST

Stock Market Closing Bell, February 18: एशियाई बाजारों से सकारात्मक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार बुधवार (18 फरवरी) को बढ़त में बंद हुए। मेटल और सरकारी बैंकिंग शेयरों में खरीदारी से बाजार को सपोर्ट मिला। जेपी मॉर्गन के सकारात्मक रुख के चलते SAIL, टाटा स्टील, JSW और जिंदल स्टील के शेयरों में बढ़त देखी गई। हालांकि, आईटी शेयरों में लगातार जारी बिकवाली ने बढ़त को सीमित कर दिया। इसके अलावा इंडेक्स हैवीवेट रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में तेजी ने भी बाजार को ऊपर की तरफ खींचा।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 100 से ज्यादा अंक चढ़कर 83,553 पर खुला। कारोबार के दौरान इंडेक्स में उतार-चढ़ाव हावी रहा। लेकिन अंत में 283.29 अंक या 0.34 प्रतिशत की बढ़त लेकर 83,734.25 पर बंद हुआ।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) 25,752 पर खुला और खुलने के कुछ देर में 25,700 के नीचे फिसल गया। कारोबार के दौरान ज्यादातर समय यह सपाट रहा। लेकिन अंत में 93.95 अंक या 0.37 फीसदी की वृद्धि लेकर 25,819 पर बंद हुआ।

जियोजित इन्वेस्टमेंट में रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा, ”भारतीय शेयर बाजार में सतर्क शुरुआत के बाद आखिर में तेजी देखने को मिली। इसकी वजह ज्यादातर शेयरों में खरीदारी रही। देश के अलग-अलग सेक्टरों से मिले अच्छे संकेतों ने वैश्विक अनिश्चितता के असर को काफी हद तक कम कर दिया। बैंकिंग और वित्तीय शेयर मजबूत बने रहे। इसका कारण यह रहा कि एसेट क्वालिटी को लेकर उम्मीदें स्थिर बनी हुई हैं। वहीं, एफएमसीजी के कुछ चुनिंदा शेयरों में भी खरीदारी हुई, जिससे इस सेक्टर ने बाकी बाजार की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया।”

उन्होंने कहा, ”इसके उलट, आईटी सेक्टर लगातार कमजोर रहा। निवेशकों में चिंता थी कि एआई के बढ़ते असर से आईटी कंपनियों के कारोबार में बदलाव आ सकता है और मार्जिन पर दबाव बढ़ सकता है। इसी वजह से इस सेक्टर में निवेशकों का भरोसा कमजोर बना रहा। नतीजों की बात करें तो निफ्टी 500 की तीसरी तिमाही (वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही) के नतीजे कुल मिलाकर उम्मीद के मुताबिक रहे। इससे संकेत मिलता है कि भले ही ग्रोथ के रुझान अलग-अलग सेक्टरों में अलग हैं, लेकिन देश की आर्थिक स्थिति मध्यम अवधि में स्थिर बनी हुई है।”

Top Gainers & Losers

सेंसेक्स के शेयरों में टाटा स्टील, आईटीसी, एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और महिंद्रा एंड महिंद्रा सबसे ज्यादा बढ़ने वालों में रहे। इनमें 2.8 प्रतिशत तक की तेजी देखी गई। वहीं, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, इटरनल, अडानी पोर्ट्स, एचसीएल टेक और टीसीएस सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयरों में शामिल रहे। ये 1.6 प्रतिशत तक नीचे कारोबार करते दिखे।

बाजार के बाकी हिस्सों की बात करें तो निफ्टी मिडकैप 100 में 0.5 प्रतिशत की बढ़त रही, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 0.54 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।
इस बीच, बाजार में उतार-चढ़ाव को दिखाने वाला डर सूचकांक इंडिया वीआईएक्स बुधवार को बाजार बंद होने तक 3.5 प्रतिशत गिर गया।

सेक्टर के हिसाब से देखें तो निफ्टी मेटल इंडेक्स 1.33 प्रतिशत चढ़ा, निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स 1.3 प्रतिशत बढ़ा और निफ्टी एफएमसीजी इंडेक्स 1.2 प्रतिशत ऊपर रहा। वहीं, निफ्टी आईटी इंडेक्स 1.23 प्रतिशत फिसल गया।

Global Markets

भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों को एशिया बाजारों में आई तेजी से भी सहारा मिल सकता है। जापान का निक्केई 225 करीब 0.98 प्रतिशत और ऑस्ट्रेलिया का S&P ASX करीब 0.28 प्रतिशत ऊपर कारोबार कर रहे थे। चीन (मेनलैंड), हांगकांग और दक्षिण कोरिया के बाजार लूनर न्यू ईयर की छुट्टियों के कारण बंद रहे।

वहीं, अमेरिका के वॉल स्ट्रीट में रात को शेयर बाजार हल्की बढ़त के साथ बंद हुए। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के असर को लेकर चिंता बनी रही। निवेशक सोच रहे हैं कि यह तकनीक अर्थव्यवस्था पर क्या प्रभाव डालेगी और इस पर किया जा रहा भारी खर्च क्या आगे चलकर अच्छा फायदा दे पाएगा या नहीं। अमेरिका में S&P 500 इंडेक्स 0.1 प्रतिशत और नैस्डैक कंपोजिट 0.14 प्रतिशत बढ़कर बंद हुए। डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज भी 0.07 प्रतिशत की हल्की बढ़त के साथ बंद हुआ।

First Published : February 18, 2026 | 8:16 AM IST