शेयर बाजार

Closing Bell: उतार-चढ़ाव के बीच सपाट बंद हुआ बाजार, सेंसेक्स 26 अंक चढ़ा, निफ्टी 24364 पर बंद; ट्रेंट 3% उछला

Closing Bell: बाजार की शुरुआत सपाट रुख के साथ हुई लेकिन चुनिंदा शेयरों में उतार-चढ़ाव के बाजार की चाल को प्रभावित किया।

Published by
जतिन भूटानी   
Last Updated- April 20, 2026 | 3:58 PM IST

Stock Market Closing Bell, April 20, 2026: एशियाई बाजारों में बढ़त के बीच भारतीय शेयर बाजार हफ्ते के पहले ट्रेडिंग सेशन यानी सोमवार (20 अप्रैल) को उतार-चढ़ाव वाले कारोबार में सपाट रुख के साथ बंद हुए। बाजार की शुरुआत सपाट रुख के साथ हुई लेकिन चुनिंदा शेयरों में उतार-चढ़ाव के बाजार की चाल को प्रभावित किया। साथ ही पश्चिम एशिया में स्थिति साफ नहीं होने तक निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया।

ओमान की खाड़ी में अमेरिकी नौसेना की तरफ से ईरान के झंडे वाले एक मालवाहक जहाज को जब्त किए जाने के बाद पश्चिम एशिया में तनाव फिर बढ़ गया है। इससे पहले ईरान ने होर्मुज़ स्ट्रेट से गुजर रहे कमर्शियल जहाजों पर गोलीबारी की थी।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 78,632 अंक पर खुला। शुक्रवार को यह 78,493.54 पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान यह 78,942 अंक के हाई और 78,203 अंक के लो तक गया। अंत में 26.76 अंक या 0.03 फीसदी की मामूली बढ़त लेकर 78,520.30 पर बंद हुआ।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) सोमवार को 24,391.50 पर खुला। इंट्रा-डे ट्रेड में यह 24,241 अंक के लो और 24,480.65 अंक के हाई तक गया। अंत में 11.30 अंक या 0.05 फीसदी की बढ़त लेकर 24,364 . 85 पर लगभग सपाट बंद हुआ।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स में रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा, ”होर्मुज़ स्ट्रेट को फिर से खोलने को लेकर बढ़ते विवादों ने वैश्विक बाजारों में उतार-चढ़ाव बढ़ा दिया है। निवेशक पश्चिम एशिया में हालिया घटनाक्रम को पूर्ण युद्ध की शुरुआत के बजाय संभावित बातचीत की रणनीति के रूप में देख रहे हैं। इस सप्ताह संघर्ष-विराम की अवधि खत्म होने वाली है, ऐसे में बाजार के प्रतिभागी सतर्क बने हुए हैं और आगे के घटनाक्रम का इंतजार कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा, ”तेल की कीमतों में तेजी आई। लेकिन यह 100 डॉलर के स्तर से नीचे बनी हुई हैं। वहीं, रुपये में कमजोरी देखने को मिली है, जिससे महंगाई के दबाव को लेकर चिंता बढ़ी है। इन चुनौतियों के बावजूद निवेशक जारी मार्च नतीजों के सीजन को भी महत्व दे रहे हैं। इसी कारण पावर, कैपिटल गुड्स और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स जैसे ग्रोथ-ओरिएंटेड सेक्टर्स में चुनिंदा खरीदारी देखने को मिल रही है, जो लंबे समय में बेहतर संभावनाओं के कारण निवेशकों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।”

Top Gainers & Losers

सेंसेक्स की कंपनियों में ट्रेंट 3.33 फीसदी चढ़कर बंद हुआ। एसबीआई, एशियन पेंट्स, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस, इंडिगो प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ एल एंड टी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एचडीएल टेक, कोटक बैंक और बजाज फिनसर्व गिरावट में रहे। निफ्टी इंडिया वोलैटिलिटी इंडेक्स 10.5 प्रतिशत की बढ़त के साथ 19.01 पर बंद हुआ। सेक्टर के हिसाब से निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी मीडिया ने बेंचमार्क इंडेक्स से बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि निफ्टी आईटी और निफ्टी रियल्टी में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई।

Global Markets

एशिया के ज्यादातर बाजारों में सोमवार को बढ़त देखी गई। निवेशकों को उम्मीद है कि आगामी बैठक में अमेरिका और ईरान के बीच कोई समाधान निकल सकता है। जापान का निक्केई 225 और दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स क्रमशः 0.99 प्रतिशत और 1.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।इस रुख के विपरीत, ऑस्ट्रेलिया का एसएंडपी एएसएक्स 200 इंडेक्स 0.11 प्रतिशत गिर गया।

अमेरिकी बाजारों की बात करे तो पिछले सेशन में एसएंडपी 500 और डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज फ्यूचर्स क्रमशः 1.79 प्रतिशत और 1.20 प्रतिशत ऊपर कारोबार कर रहे थे। वहीं, नैस्डैक कंपोजिट 1.52 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।

कच्चा तेल फीर $95 के पार

पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के बाद ब्रेंट कच्चे तेल की कीमतों में शुरुआती कारोबार में 5 प्रतिशत की तेज बढ़त दर्ज की गई। इसका अप्रैल वायदा कॉन्ट्रैक्ट 5 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 95.01 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

First Published : April 20, 2026 | 8:29 AM IST