शेयर बाजार

Closing Bell: पश्चिम एशिया संकट घटने के संकेत से बाजार में रैली, सेंसेक्स 1372 अंक उछला; निफ्टी 22912 पर बंद

Closing Bell: इंडेक्स हैवी वेट एलएन्डटी, एचडीएफसी और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में तेजी से भी बाजार को सपोर्ट मिला।

Published by
जतिन भूटानी   
Last Updated- March 24, 2026 | 3:53 PM IST

Stock Market Closing Bell, Tuesday, March 24, 2026: एशियाई बाजारों में बढ़त के बीच भारतीय शेयर बाजार मंगलवार (24 मार्च) को जोरदार तेजी के साथ बंद हुए। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की उम्मीदों से बाजार को राहत मिली। इंडेक्स हैवी वेट एलएन्डटी, एचडीएफसी और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में तेजी से भी बाजार को सपोर्ट मिला। आईटी शेयरों में खरीदारी ने भी बाजार को ऊपर खींचा।

इसके अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप (Donald Trump) ने सोमवार को कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बहुत अच्छी और सार्थक बातचीत हुई है। इससे युद्ध का ‘पूर्ण और निर्णायक समाधान’ निकल सकता है। इस खबर का बाजार के सेंटीमेंट्स पर पॉजिटिव असर पड़ा। हालांकि, ईरान ने दोनों देशों के बीच हुई किसी भी बातचीत की फिलहाल पुष्टि नहीं की है।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स में रिसर्च प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ”घरेलू बाजार में ईरान के ऊर्जा ढांचे पर हमलों में अस्थायी रोक लगने के बाद राहत भरी तेजी देखने को मिली। इससे पश्चिम एशिया से जुड़े तनाव में और कमी आने की संभावना बनी है। हालांकि, निवेशक अब भी सावधानी बरत रहे हैं और हॉर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े घटनाक्रम पर स्पष्टता का इंतजार कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा, ”इससे पैदा हुई आपूर्ति श्रृंखला की दिक्कतों का बाजार पर लंबे समय तक असर रहने की संभावना कम है और इसका प्रभाव एक से दो तिमाहियों तक ही कमाई पर दिख सकता है। वहीं, घरेलू आधारभूत स्थिति मजबूत बनी हुई है, जिसे मौद्रिक और राजकोषीय उपायों का समर्थन मिल रहा है। बाहरी अनिश्चितता कम होने पर ये उपाय मांग को बढ़ावा दे सकते हैं।”

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 500 से ज्यादा अंक चढ़कर 74,212.47 पर खुला। खुलते ही इंडेक्स में और तेजी देखी गई। कारोबार के दौरान यह 74,489 अंक तक चढ़ गया था। अंत में 1372.06 अंक या 1.89 फीसदी की बढ़त लेकर 74,068.45 पर बंद हुआ।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) 22,878 अंक पर खुला। जबकि सोमवार को यह 22,500 के नीचे बंद हुआ था। इंट्रा-डे ट्रेड में यह 23,057 अंक के हाई लेवल तक गया। अंत में 399.75 अंक या 1.78 फीसदी की बढ़त लेकर 22,912 पर बंद हुआ।

Index Open Day’s High Close
Sensex 74,212.47 74,489 74,068.45
Nifty 50 22,878 23,057 22,912

Top Gainers & Losers

सेंसेक्स की कंपनियों में इंडिगो, एल एंड टी, इटरनल और बजाज फाइनेंस सबसे ज्यादा बढ़त में रहने वाले शेयरों में रहे। दूसरी तरफ, पावर ग्रिड और एसबीआई लाल निशान में बंद हुए। ब्रोडर मार्केटस में निफ्टी मिडकैप और निफ्टी स्मॉलकैप क्रमशः 2.68 प्रतिशत और 2.6 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। सेक्टर-वार देखें तो ऑटो सेक्टर ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए 2 प्रतिशत से अधिक की बढ़त दर्ज की। निफ्टी मीडिया और निफ्टी बैंक सेक्टर ने भी बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं, निफ्टी फार्मा सेक्टर ने अपने समकक्षों की तुलना में सबसे कम बढ़त हासिल की।

Top Gainers Top Losers
LT Power Grid
Indigo SBI
Eternal
Asian Paint
Bajaj Finance

Global Markets

एशियाई बाजार मंगलवार सुबह बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिका-ईरान के बीच तनाव कम होने से ऊर्जा कीमतों में गिरावट आई। जापान का निक्केई 225 और दक्षिण कोरिया का कोस्पी एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त पर थे।

अमेरिका के शेयर सूचकांक भी मजबूती के साथ बंद हुए। मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने की उम्मीद बढ़ी। डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज और एसएंडपी 500 क्रमशः 1.38 प्रतिशत और 1.15 प्रतिशत ऊपर बंद हुए। नैस्डैक इंडेक्स 1.4 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।

ब्रेंट कच्चा तेल एशिया सेशन में लगभग 100 डॉलर प्रति बैरल के आसपास मजबूत बना रहा। अमेरिका और ईरान से तनाव कम होने को लेकर मिले-जुले संकेत मिले। जून फ्यूचर कॉन्ट्रैक्ट 4.32 प्रतिशत बढ़कर 99.9 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

इससे पहले, ब्रेंट कच्चा तेल 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया था, जब अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने ईरान के साथ सकारात्मक बातचीत के बाद ऊर्जा हमलों को पांच दिनों के लिए टाल दिया है। हालांकि, ईरानी अधिकारियों ने कहा कि संघर्ष जारी है और उन्होंने अमेरिका के साथ किसी भी बातचीत से इनकार किया। इन मिले-जुले संकेतों के कारण तेल की कीमतों में गिरावट सीमित रही।

ट्रंप की ईरान को समझौते की पेशकश

अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने ईरान को होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने के लिए दी गई समय सीमा आज बढ़ा दी और कहा कि अमेरिका 5 दिन के लिए ईरान के बिजली संयंत्रों पर हमले नहीं करेगा। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट में यह घोषणा की।

ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बहुत अच्छी और सार्थक बातचीत हुई है, जिससे युद्ध का ‘पूर्ण और निर्णायक समाधान’ निकल सकता है। मगर ईरान ने दोनों देशों के बीच हुई किसी भी बातचीत की फिलहाल पुष्टि नहीं की है। अमेरिका और ईरान के बीच धमकियों के बीच ट्रंप के रुख में यह बदलाव कुछ हद तक प​श्चिम एशिया के लिए राहत का संकेत है।

ट्रंप ने बाद में संवाददाताओं से कहा कि ईरान ‘समझौता’ करना चाहता है और उन्होंने दावा किया कि अमेरिका के दूत एक सम्मानित ईरानी नेता के साथ बातचीत कर रहे हैं। ट्रंप ने बताया कि उनके प​श्चिम ए​शिया के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर ने रविवार शाम तक बातचीत की। उन्होंने कहा कि बातचीत आज भी जारी रही। अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा कि बातचीत पूरे सप्ताह जारी रहेगी।

First Published : March 24, 2026 | 8:26 AM IST