शेयर बाजार

Closing Bell: पश्चिम एशिया तनाव कम होने के संकेत, बाजार में जोरदार रिकवरी; सेंसेक्स 1205 अंक उछला, निफ्टी 23306 पर बंद

Closing Bell: अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के ईरान में संघर्ष पूरा होने के बयान के चलते बाजार में खरीदारी देखने को मिली।

Published by
जतिन भूटानी   
Last Updated- March 25, 2026 | 4:00 PM IST

Stock Market Closing Bell, Tuesday, March 25, 2026: एशियाई बाजारों में पॉजिटिव रुख के बीच भारतीय शेयर बाजार मंगलवार (25 मार्च) को लगातार दूसरे ट्रेडिंग सेशन में मजबूती के साथ बंद हुए। अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप (Donald Trump) के बयान के चलते बाजार में खरीदारी देखने को मिली। ट्रंप ने सोमवार को दोहराया कि पश्चिम एशिया में युद्ध समाप्त करने को लेकर चर्चा जारी है। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने ईरान के पूरे नेतृत्व को खत्म कर दिया है और अब एक नया नेतृत्व सामने आया है। निचले स्तर पर इंडेक्स हैवीवेट एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) के शेयरों में तेजी ने भी बाजार को सपोर्ट किया।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 600 से ज्यादा अंक चढ़कर 74,652.01 पर खुला। सोमवार को यह 74,068 पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान यह 75,849 अंक तक चढ़ गया था। अंत में 1205.00 अंक या 1.63 प्रतिशत की बढ़त के साथ 75,273.45 पर बंद हुआ।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी 23 हजार का लेवल पार कर 23,064 पर खुला। कारोबार के दौरान यह 23,465 अंक के इंट्रा-डे हाई लेवल तक गया। अंत में 394.05 अंक या 1.72 फीसदी की बढ़त लेकर 23,306 पर बंद हुआ।

जियोजित इंवेस्टमेंट्स में रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा, ”वैश्विक स्तर पर जोखिम को लेकर माहौल बेहतर होने और शांति की उम्मीद बढ़ने से बाजार ने पिछले दिन की तेजी को आगे बढ़ाया। अमेरिका और ईरान के बीच संभावित कूटनीतिक प्रगति के चलते कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर से नीचे आ गईं, जिसे बाजार ने सकारात्मक रूप में लिया।”

उन्होंने कहा, ”हॉर्मुज जलडमरूमध्य से समुद्री आवाजाही में सामान्य होने के शुरुआती संकेत भी निवेशकों के भरोसे को और मजबूत कर सकते हैं, हालांकि इस पर अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। भारत का वैल्यूएशन प्रीमियम, जो लंबे समय से ऊंचा बना हुआ था, अब कुछ हद तक कम होकर संतुलित स्तर पर आ गया है, जिससे मौजूदा स्तर पर निवेशकों को ज्यादा भरोसा मिल रहा है।”

Index Open Day’s High Close
Sensex 74,652.01 75,849 75,273.45
Nifty 50 23,064 23,465 23,306

Top Gainers & Losers Today

सेंसेक्स की कंपनियों में अल्ट्रा सीमेंट, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी, टाइटन, इंडिगो, ट्रेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा स्टील, एसबीआई, सन फार्मा, हिंदुस्तान यूनिलीवर एक्सिस बैंक और बजाज फिनसर्व प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ, टेक महिंद्रा, पावर ग्रिड, टीसीएस और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स हरे निशान में रहे।

सेक्टोरल मोर्चे पर खरीदारी देखने को मिली। कंज्यूमर ड्यूरेबल इंडेक्स 3.5 प्रतिशत उछलकर सबसे ज्यादा बढ़त वाला रहा। ऑटो, बैंक, मेटल, रियल एस्टेट और रसायन क्षेत्र के इंडेक्स में भी 2 प्रतिशत से अधिक की बढ़त दर्ज की गई। ब्रोडर मार्केट ने मुख्य इंडेक्स से बेहतर प्रदर्शन किया। मिडकैप इंडेक्स 2.30 प्रतिशत बढ़ा, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स 2.59 प्रतिशत ऊपर गया।

Top Gainers Top Losers
Ultra Cement Tech Mahindra
Bajaj Finance Power Grid
L&T TCS
Titan BEL
Indigo

Global Markets

जापान, दक्षिण कोरिया, चीन और ऑस्ट्रेलिया के बाजार बुधवार को शुरुआती कारोबार में बढ़त के साथ खुले। इसकी वजह ट्रंप का बयान रहा, जिससे उम्मीद जगी कि पश्चिम एशिया में चल रही तनावपूर्ण स्थिति जल्द खत्म हो सकती है। जापान का निक्केई 225 और दक्षिण कोरिया का कोस्पी क्रमशः 2.9 प्रतिशत और 3.05 प्रतिशत की बढ़त पर कारोबार कर रहे थे। वहीं, अमेरिका में एसएंडपी 500 और डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज सोमवार को क्रमशः 0.37 प्रतिशत और 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए। नैस्डैक कंपोजिट 0.84 प्रतिशत नीचे बंद हुआ।

ब्रेंट कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट आई। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका ने पाकिस्तान के जरिए ईरान को 15 बिंदुओं की योजना भेजी है, ताकि युद्ध को रोका जा सके। ट्रंप ने यह भी कहा कि तहरान शांति समझौते के लिए तैयार है।

ब्रेंट क्रूड $100 के नीचे

पिछले तीन-चार हफ्तों में अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण ऊर्जा कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव देखा गया और इससे आर्थिक वृद्धि तथा महंगाई के भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई। ब्रेंट क्रूड का मार्च कॉन्ट्रैक्ट इंटरकॉन्टिनेंटल एक्सचेंज पर 6.12 प्रतिशत गिरकर 98.09 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

First Published : March 25, 2026 | 8:22 AM IST