शेयर बाजार

Closing Bell: ट्रंप टैरिफ पर कोर्ट की रोक से बाजार में राहत, सेंसेक्स 480 अंक चढ़ा; निफ्टी 25713 पर बंद

Closing Bell: अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के कुछ टैरिफ नियमों को खारिज कर दिया है। कोर्ट के इसे फैसला का बाजार के सेंटीमेंट्स पर पॉजिटिव असर पड़ा।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- February 23, 2026 | 3:51 PM IST

Stock Market Closing Bell, February 23: वैश्विक बाजारों से पॉजिटिव संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार सप्ताह के पहले ट्रेडिंग सेशन यानी सोमवार (23 फरवरी) को मजबूती के साथ बंद हुए। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप (Donal Trump) के कुछ टैरिफ नियमों को खारिज कर दिया है। कोर्ट के इसे फैसला का बाजार के सेंटीमेंट्स पर पॉजिटिव असर पड़ा है। इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा और बाजार में खरीदारी देखने को मिली। इसके अलावा बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज शेयरों में बढ़त ने भी बाजार को सपोर्ट दिया। हालांकि, आईटी शेयरों में दबाव ने बाजार की बढ़त को थोड़ा सीमित करा।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 100 से ज्यादा अंक चढ़कर 82,906 पर खुला। खुलते ही इसमें तेजी देखने को मिली और 83 हजार के पार चला गया। कारोबार के दौरान यह 650 अंक तक चढ़ गया था। अंत में 479.95 अंक या 0.58 फीसदी की बढ़त लेकर 83,294.66 पर बंद हुआ।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी मजबूती के साथ 25,678 अंक पर खुला और खुलने के कुछ ही देर में 25,700 के ऊपर चला गया। अंत में 141.75 अंक या 0.55 फीसदी की बढ़त के साथ 25,713 पर बंद हुआ।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के रिसर्च प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ”अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट की तरफ से ट्रंप की रेसिप्रोकल टैरिफ नीति के खिलाफ दिए गए फैसले का घरेलू बाजारों ने स्वागत किया। निवेशक अब ट्रंप की संशोधित रणनीति और अन्य देशों के साथ संभावित पुनर्विचार की सीमा को लेकर अधिक स्पष्टता का इंतजार कर रहे हैं। कमजोर अमेरिकी डॉलर और 10 वर्षीय ट्रेजरी बॉन्ड की घटती यील्ड रेट वैश्विक बाजार में शॉर्ट टर्ममें सतर्कता का माहौल बना सकती हैं।”

उन्होंने कहा, ”सेक्टोरल देखा जाए तो एआई से जुड़ी अनिश्चितताओं के कारण आईटी इंडेक्स पर दबाव बना रहा। हालांकि, निवेशकों ने घरेलू विषयों को प्राथमिकता दी। बैंकों, बिजली, उपभोक्ता वस्तु और उपभोक्ता विवेकाधीन श्रेणी के शेयरों में मांग मजबूत रहने और आर्थिक सुधार की उम्मीद के चलते तेजी देखी गई।”

Top Gainers & Losers

सेंसेक्स की कंपनियों में अदाणी पोर्ट्स, कोटक बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, एक्सिस बैंक और एचयूएल प्रमुख बढ़त वाले शेयरों में शामिल रहे। वहीं गिरावट वाले शेयरों में इंफोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक और ट्रेंट प्रमुख रहे।

सेक्टोरल मोर्चे पर निफ्टी पीएसयू बैंक में 1.3 प्रतिशत से अधिक की बढ़त दर्ज की गई। इसके बाद ऑटो, उपभोक्ता वस्तु, फार्मा और तेल एवं गैस इंडेक्स में तेजी रही। बीएसई मिडकैप इंडेक्स में 2 प्रतिशत की बढ़त रही, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स 2.45 प्रतिशत ऊपर रहा।

Global Markets

एशिया के बाजारों में सोमवार को तेजी देखने को मिल रही है। हालांकि वैश्विक व्यापार शुल्क के मुद्दे अभी भी बने हुए हैं। ट्रंप ने सप्ताहांत में कहा था कि वह वैश्विक टैरिफ को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत करने की योजना बना रहे हैं। यह घोषणा सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद आई, जिसमें 1977 के अंतर्राष्ट्रीय आपातकालीन आर्थिक शक्तियां अधिनियम (IEEPA) के तहत लागू उनके कुछ व्यापारिक उपायों को रद्द कर दिया गया।

क्षेत्रीय स्तर पर, दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स लगातार तीसरे सत्र में बढ़त के साथ 1.7 प्रतिशत की तेजी के साथ रिकॉर्ड ऊँचाई पर पहुंच गया। वहीं ऑस्ट्रेलिया का S&P/ASX 200 इंडेक्स 0.17 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ शुरू हुआ। चीन और जापान के बाजार छुट्टियों के कारण बंद रहे।

शुक्रवार को वॉल स्ट्रीट के प्रमुख इंडेक्स में बढ़त रही। एल्फाबेट, अमेज़न और अन्य प्रमुख कंपनियों के शेयरों में उछाल से निवेशकों का मनोबल बढ़ा। इस दौरान S&P 500 में 0.69 प्रतिशत, Nasdaq कंपोजिट में 0.90 प्रतिशत और Dow Jones इंडस्ट्रियल एवरेज में 0.47 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।

First Published : February 23, 2026 | 8:22 AM IST