शेयर बाजार

PVR Inox Share: ₹1300 तक जा सकता है भाव? ब्रोकरेज बोले – धुरंधर 2 की कमाई से कंपनी को होगा बड़ा फायदा

PVR Inox Share: धुरंधर 2 के रिलीज होने से पहले ही तगड़ा रिस्पांस मिल रहा है। फिल्म के अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीदों से पीवीआर इनॉक्स के शेयरों को भी बूस्ट मिला है।

Published by
जतिन भूटानी   
Last Updated- March 18, 2026 | 3:40 PM IST

PVR Inox Share Price: पीवीआर आईनॉक्स लिमिटेड के शेयर बुधवार (18 मार्च) को इंट्रा-डे ट्रेड में करीब 3 प्रतिशत चढ़ गए। कंपनी के शेयरों में यह तेजी आदित्या धर की मूवी धुरंधर 2 को रिलीज होने से पहले मिल रहे जबरदस्त रिस्पांस के चलते देखने को मिल रही है। एक्टर रणवीर सिंह के लीड रोल वाली फिल्म इस हफ्ते शुक्रवार को बड़े परदे पर रिलीज होनी है। लेकिन मूवी को रिलीज होने से पहले ही लोगों से तगड़ा रिस्पांस मिल रहा है। फिल्म के अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीदों से पीवीआर इनॉक्स के शेयरों को भी बूस्ट मिला है।

रिकॉर्ड बना सकती है धुरंधर 2

आने वाली फिल्म धुरंधर 2 रिलीज से पहले ही काफी चर्चा में है। यह फिल्म पहले भाग के सिर्फ 3.5 महीने बाद आ रही है। थिएटर में रिलीज होने से पहले ही ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने इतिहास बना दिया है। सैकनिल्क के अनुसार, मूवी की एडवांस बुकिंग 200 करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुकी है।

यह ऐसा करने वाली सिर्फ पांचवीं भारतीय फिल्म बन गई है। इससे पहले पुष्पा 2, आरआरआर, बाहुबली 2 और लियो जैसी बड़ी फिल्में यह रिकॉर्ड बना चुकी हैं। खास बात यह है कि यह ऐसा करने वाली पहली हिंदी फिल्म है। फिल्म ने पहले दिन के लिए ही 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की एडवांस बुकिंग कर ली है। इससे उम्मीद बढ़ गई है कि यह फिल्म अपने पहले भाग से भी ज्यादा कमाई कर सकती है।

PVR Inox पर Elara Capital का टारगेट प्राइस: ₹1300

एलारा कैपिटल ने पीवीआर इनॉक्स पर अपनी ‘BUY’ रेटिंग को बरकरार रखा है। ब्रोकरेज ने स्टॉक पर 1300 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इस तरह, शेयर निवेशकों को मौजूदा लेवल से करीब 28 प्रतिशत का रिटर्न दे सकता है। पीवीआर आईनॉक्स के शेयर दोपहर 3:10 बजे 1.86 प्रतिशत चढ़कर 1019.80 रुपये पर कारोबार कर रहे थे।

एलारा कैपिटल का मानना है कि धुरंधर 2 पहले दिन भारत में लगभग 100 करोड़ रुपये की कमाई कर सकती है। यह फिल्म 8,000 से ज्यादा स्क्रीन पर रिलीज होगी। पूरी अवधि में इसकी कमाई 1,100 करोड़ से 1,300 करोड़ रुपये के बीच रहने का अनुमान है। अगर ऐसा हुआ, तो यह 1000 करोड़ रुपये पार करने वाली पहली हिंदी ओरिजिनल फिल्म बन सकती है।

Also Read | Aviation sector: गिरावट में खरीदें या दूर रहें? जानिए एयरलाइन शेयरों पर एक्सपर्ट्स क्या कह रहे

PVR Inox पर PL Capital का टारगेट प्राइस: ₹1,274

पीएल कैपिटल ने भी पीवीआर आईनॉक्स पर खरीदारी की सलाह देते हुए 1,274 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। यह शेयर के मौजूदा भाव से करीब 25 प्रतिशत ज्यादा है। ब्रोकरेज का कहना है कि धुरंधर 2 से वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में पीवीआर आईनॉक्स जैसे मल्टीप्लेक्स ऑपरेटरों को लाभ मिलने की संभावना है। ब्रोकरेजल को मूल की तुलना में टिकटों की अधिक कीमतों के साथ-साथ आधी रात के बाद के शो समेत अधिक स्क्रीनिंग घंटों की संभावना से भी कंपनी की कमाई में वृद्धि की उम्मीद है।

 

 

(डिस्क्लमेर: यहां शेयर में सलाह ब्रोकरेज ने दी है। बाजार में निवेश जो​खिमों के अधीन है। निवेश संबंधी फैसला करने से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

First Published : March 18, 2026 | 3:40 PM IST